गांधी सागर बाँध मध्यप्रदेश में नीमच के पास मंदसौर जिले में स्थित है। यह प्रदेश का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। चंबल नदी पर बने हुए इस भव्य बाँध की नींव का पत्थर 7 मार्च 1954 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा रखा गया था।
भारत का दूसरा सबसे बड़ा जलाशय होने के साथ गांधी सागर बाँध हज़ारों प्रवासी पक्षियों को आश्रय प्रदान करता है और इसी कारण अंतर्राष्ट्रीय बर्ड लाइफ एजेंसी द्वारा इस जलाशय को प्रमाणित किया गया है। यह बाँध 204 फीट उंचा है और 514 फीट लंबा है। इसके दाहिने किनारे पर एक भव्य हाइड्रो इलेक्ट्रिक पॉवर स्टेशन है।
इस बाँध का उत्प्लवान मार्ग(स्पिलवे) प्रति सेकंड 21,238 क्यूबिक मीटर पानी का निर्वहन करता है, इससे यह साबित होता है कि यह बाँध बहुत बड़ा है। अनुसंधान एवं पर्यटन दोनों के संदर्भ में गांधी सागर बाँध का बहुत महत्व है।



Click it and Unblock the Notifications