अहमदाबाद का साबरमती रिवरफ्रंट...पर्यटकों का सबसे पसंदीदा जगह। छुट्टी का दिन और सर्दियों की सुबह, रिवरफ्रंट पर घूमने का आनंद ही अलग होता है। लेकिन इस रविवार (24 नवंबर) को साबरमती रिवरफ्रंट को पूरे 7 घंटों के लिए बंद कर दिया जाएगा। क्यों? क्योंकि रविवार को साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित होने वाला है अदाणी अहमदाबाद मैराथन का 8वें संस्करण।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस मैराथन की पूरी जिम्मेदारी अदाणी स्पोर्ट्सलाइन ने उठायी है। अलग-अलग श्रेणियों में यह मैराथन आयोजित होने वाला है। बताया जाता है कि पिछले साल अहमदाबाद मैराथन में कुल 22,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस साल हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या लगभग 18,000 है।

बताया जाता है कि इस साल अहमदाबाद मैराथन को हरी झंडी शतरंज के ग्रैंड मास्टर प्रगनानंद दिखाने वाले हैं। इसके साथ ही इस मौके पर एथलीट व अभिनेता सैयामी खेर के भी मौजूद होने की संभावना है।
4 श्रेणियों में आयोजित होगा मैराथन
अहमदाबाद मैराथन का आयोजन 4 श्रेणियों में आयोजित होने वाला है -
- फुल मैराथन : 42.195 किमी
- हाफ मैराथन : 21.097 किमी
- 10 किमी का मैराथन
- 5 किमी का मैराथन
चलिए अब बताते हैं साबरमती रिवरफ्रंट को कब और कितने बजे से बंद किया जाएगा
अहमदाबाद मैराथन का आयोजन साबरमती रिवरफ्रंट पर 24 नवंबर को आयोजित किया जाने वाला है। गुजरात समाचार की रिपोर्ट में DCP ज़ोन 4 नीता देसाई के हवाले से बताया गया कि 24 नवंबर (रविवार) को रिवरफ्रंट सुबह 4 बजे से दिन में 11 बजे तक (7 घंटे) बंद कर दिया जाएगा। बताया जाता है कि सुभाष ब्रिज जंक्शन और एयरपोर्ट जंक्शन के बाद रिवरफ्रंट पर ट्रैफिक का संचालन किया जाएगा।

ट्रैफिक के बहाव को व्यवस्थित करने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जा सकता है। रिवरफ्रंट के पश्चिम के ट्रैफिक को आश्रम रोड की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा, जो रिवरफ्रंट रोड के समानांतर ही चलेगी। वहीं रिवरफ्रंट के पूर्व की ट्रैफिक को मेन रोड के साथ चलने वाले रूट्स पर डायवर्ट कर दिया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लगभग 400 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। अहमदाबाद के पल्दी इलाके में स्थित रिवरफ्रंट स्पोर्ट्स पार्क से मैराथन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। जो धावक फुल मैराथन को जीतेगा उसे ₹1 लाख का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही अन्य सभी श्रेणियों में जीतने वाले धावकों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
बता दें, ऐसा दूसरी बार हो रहा है जब रिवरफ्रंट पर अहमदाबाद मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने इस मैराथन में महिला व पुरुष के अलावा अन्य किसी लिंग के प्रतिभाग को हिस्सा लेने और जीतने पर पुरस्कार राशि प्राप्त करने की अनुमति नहीं दी है। इस मैराथन के रेस डायरेक्ट डेविड कैन्डी हैं।
मैराथन का क्या होगा रूट?
मिली जानकारी के अनुसार फुल मैराथन में लगभग 1000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे जिसकी शुरुआत सुबह 4.45 बजे होगी। यह मैराथन पल्दी से शुरू होगा और साबरमती के दोनों किनारों पर रिवरफ्रंट रोड से होकर इसका रूट गुजरेगा। धावक सुभाष ब्रिज से नदी को पार करेंगे और अपनी दौड़ को जारी रखेंगे। इसके बाद रिवरसाइट के पूर्वी दिशा में अम्बेडकर ब्रिज से फिर नदी पार कर धावक पुराने रूट पर वापस लौट आएंगे।

हाफ मैराथन में लगभग 3500 धावक, 10 किमी की दौड़ में लगभग 6000 धावक और 5 किमी की दौड़ में 8000 धावक हिस्सा लेंगे। सभी श्रेणियों का रूट रिवरफ्रंट से होकर ही गुजरेगा लेकिन फुल मैराथन के मुकाबले यह रूट कम होने वाला है। धावकों की सुविधा के लिए पूरे रूट में कई जगहों पर स्वास्थ्य सेवाएं, पानी, एनर्जी ड्रिंक आदि की व्यवस्था की गयी है। मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को RFID चिप वाला आईडेंटिटी कार्ड दिया जाएगा ताकि उनकी पहचान और दौड़ पर नजर रखी जा सकें। जो धावक अपनी दौड़ को पूरा करेंगे उन सभी को फिनीशर्स मेडल और ई-टाइमिंग सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
संभावना जतायी जा रही है कि करीब 3000 आर्म्ड फोर्स के जवान भी इस मैराथन में हिस्सा लेने वाले हैं।



Click it and Unblock the Notifications


