बैंगलोर एयरपोर्ट पर नयी इलेक्ट्रिक व्हीकल टैक्सी सेवा की शुरुआत की गयी है। इस नयी टैक्सी सेवा की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) के दिन से की गयी है। बैंगलोर एयरपोर्ट पर उपलब्ध इन नयी टैक्सी सेवा दो रंगों, टिल (Teal) और गुलाबी (Pink) में उपलब्ध होगी।
गुलाबी टैक्सी की सेवाएं खासतौर पर महिलाओं के लिए शुरू की गयी है, जिसमें महिला ड्राइवर उपलब्ध होगी।

इस बाबत डेक्कन हेराल्ड की एक मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL), जो बैंगलोर में एयरपोर्ट का संचालन करती है, ने Refex eVeelz के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक व्हीकल टैक्सी सेवा की शुरुआत की है। नयी टैक्सी सेवा के तहत कंपनी ने 175 इलेक्ट्रिक व्हीकल को एयरपोर्ट सेवा में उतारा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन को कम करना है। यात्री एयरपोर्ट टर्मिनल में मौजूद टैक्सी स्टैंड अथवा BLR Pluse मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर ये टैक्सी बुक कर सकेंगे। नयी टैक्सी सेवाओं का न्यूनतम किराया पहले 4 किमी के लिए ₹100 और उसके बाद हर किमी के लिए ₹24 होगा।
महिलाओं के लिए महिला ड्राइवर

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार दो रंगों में यह टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी। टिल रंगों वाली टैक्सी एयरपोर्ट की टैक्सी सेवाओं के लिए उपलब्ध होगी। वहीं गुलाबी रंग की टैक्सी खासतौर पर महिलाओं के लिए उपलब्ध होंगी, जिसमें टैक्सी ड्राइवर भी महिलाएं ही होंगी। ऐसा बैंगलोर शहर में महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। यात्रियों को किसी भी आपातकाल के समय संपर्क करने के लिए 'पिंक कार्ड' भी उपलब्ध करवाया जाएगा जिसमें ड्यूटी मैनेजर, लोकल पुलिस कर्मी और एंबुलेंस सेवाओं का नंबर रहेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बैंगलोर एयरपोर्ट परिसर में 100 पेड़ भी लगाएं गये। BIAL के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हरी मरार ने इस पहल के बारे में कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल टैक्सी सेवा को शुरू करना और वृक्षारोपण एयरपोर्ट परिसर में कार्बन फुटप्रिंट को कम करने और हरियाली को बढ़ाने की तरफ उठाया गया एक सार्थक कदम है।
उन्होंने कहा कि हम पहले से ही बैट्री चालित सेमी-रोबोटिक एयरक्राफ्ट-टोइंग व्हीकल और मुफ्त शटल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन टर्मिनल और एयरसाइड में करते हैं। वहीं BIAL का कहना है कि यह पहल एयरपोर्ट पर सभी वाहनों को टिकाऊ विकल्पों में परिवर्तित करने के उसके प्रयासों के अनुरूप है।
बता दें, वर्तमान में बैंगलोर एयरपोर्ट पर करीब 1300 एयरपोर्ट कैब का संचालन यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित और सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है। अब नयी Refex eVeelz की शुरुआत के साथ इसमें 175 और इलेक्ट्रिक व्हीकल जुड़ चुके हैं।



Click it and Unblock the Notifications














