बैंगलोर में ट्रैफिक जाम की समस्या नयी नहीं है। हालांकि इस समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए लगातार कोशिशें भी की जाती रही हैं। इसी क्रम में अब एमजी रोड से बेलंदूर के बीच के सफर को अंग्रेजी का Suffer (पीड़ा) बनने से रोकने के लिए ही सड़क को चौड़ा बनाने की योजना बनायी गयी है। लेकिन इस रास्ते के चौड़ीकरण में मुख्य बाधा बन रही थी रक्षा मंत्रालय की जमीन।
आखिरकार रक्षा मंत्रालय ने सड़क को चौड़ा बनाने के लिए वृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) को 12 एकड़ से ज्यादा जमीन देने पर अपनी सहमती जता दी है।

इस बात की घोषणा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने की। उन्होंने कहा कि इस जमीन के मिलने व सड़क का चौड़ा होने से एमजी रोड से बेलंदूर के बीच का रास्ता तय करने में लगने वाले समय में काफी कमी आएगी। मीडिया से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने 12.34 एकड़ जमीन BBMP को सौंपने पर अपनी सहमती जता दी है।
सिर्फ इतना ही नहीं इसके साथ ही लोअर अगराम से सारजापुर के बीच 10.77 एकड़ की जमीन भी देने का फैसला किया है ताकी सड़क को चौड़ा किया जा सके। एमजी रोड से बेलंदूर के बीच का रास्ता तय करने में पहले जहां 1 घंटे तक का समय लगता था लेकिन सड़क के चौड़ा होने के बाद इस समय को तय करने में महज 5 से 8 मिनट का ही समय लगेगा।

मीडिया से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि मैंने और मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री से अनुरोध किया था, इस जमीन के लिए। उन्होंने हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए सड़क को चौड़ा करने के लिए रक्षा मंत्रालय की 22 एकड़ जमीन BBMP को सौंपने पर अपनी सहमती जता दी है। उन्होंने बताया कि 3.5 किमी लंबे स्ट्रेच के लिए ₹35 करोड़ की लागत का टेंडर भी आमंत्रित किया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा 10.77 एकड़ की जमीन सौंपने के बाद सिटी सेंटर से आईटी हब तक आवाजाही काफी आसान हो जाएगी।
उन्होंने कहा बैंगलोर विकास मंत्री होने के नाते मेरे पास हर दिन 8 से 10 ईमेल आते रहते हैं, जिसमें पूर्वी बैंगलोर में ट्रैफिक की समस्या को खत्म करने का अनुरोध किया जाता है। मैंने इन इलाकों में ट्रैफिक की समस्या का जायजा भी लिया था। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गयी जमीन से सड़कों को चौड़ा कर इन क्षेत्रों में यातायात को काफी ज्यादा आसान बनाया जा सकता है।



Click it and Unblock the Notifications














