बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने ग्रीन लाइन के 3.1 किमी लंबे स्ट्रेच पर ट्रायल रन की शुरुआत कर दी है। यह स्ट्रेच नगसांद्रा को मदवारा से जोड़ेगी। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार गत शनिवार (16 अगस्त) से ही ट्रायल रन की शुरुआत हो चुकी है। बताया जाता है कि एक बार इस स्ट्रेच पर यात्री सेवाओं की शुरुआत होने के बाद नम्मा मेट्रो के ग्रीन लाइन की लंबाई बढ़कर 34.46 किमी हो जाएगी।
इसके साथ ही बेंगलुरु मेट्रो की कुल लंबाई भी बढ़कर 75.2 किमी हो जाएगी। वहीं दूसरी ओर नम्मा मेट्रो ने बताया है कि मेट्रो का ग्रीन लाइन, जो चालू हो चुका है, पर अगले कुछ दिन यात्री सेवाएं बाधित रहेंगी।

हालांकि BMRCL ने अभी तक इस स्ट्रेच के शुरू होने की कोई आधिकारिक तारीख नहीं बतायी है। लेकिन Indian Express की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नगासांद्रा से मदवरा सेक्शन के बीच मेट्रो का संचालन अक्तूबर और नवंबर के बीच शुरू हो सकता है। बता दें, वर्तमान में नम्मा मेट्रो के ग्रीन लाइन पर सिल्क इंस्टिट्यूट से नगसांद्रा के बीच यात्री सेवाएं उपलब्ध हैं। इस सेक्शन पर सिग्नलिंग की जांच भी की जा रही हैं, जिस वजह से ही यात्री सेवाएं बाधित हो रही हैं।
यात्री सेवाओं के बाधित होने के संबंध में नम्मा मेट्रो ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट कर जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि आज यानी 20 अगस्त से नम्मा मेट्रो ग्रीन लाइन के एक्सटेंडेड रूट (नगासांद्रा से मदवरा) पर सिग्नलिंग की जांच की वजह से ही यात्री सेवाएं बाधित हो रही हैं। इसलिए यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने यात्रा से जुड़ी सभी योजनाएं इसे ध्यान में रखते हुए ही बनाए।
मेट्रो सेवाएं कब-कब रहेंगी बाधित
- ग्रीन लाइन मेट्रो पर पीन्या इंडस्ट्री से नगसांद्रा स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं 20, 23 और 30 अगस्त व 6 और 11 सितंबर को रद्द रहेगी।
- 24 अगस्त को पीन्या इंडस्ट्री से नगसांद्रा स्टेशन के लिए आखिरी मेट्रो अपने निर्धारित समय रात के 11.05 बजे के बजाए रात 10 बजे खुलेगी।
- 25 अगस्त को पहली मेट्रो सेवा सुबह 5 बजे के बजाए सुबह 6 बजे मिलेगी।
- 24 अगस्त को पीन्या इंडस्ट्री से सिल्क इंस्टिट्यूट मेट्रो स्टेशन के लिए आखिरी ट्रेन रात 11.12 बजे खुलेगी।
- 25 अगस्त को अपने निर्धारित समय सुबह 5 बजे के बजाए पहली ट्रेन सुबह 6 बजे मिलेगी।
इसके साथ ही BMRCL ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पर्पल लाइन पर यात्री सेवाओं में कोई अंतर नहीं पड़ेगा। इस लाइन पर सभी यात्री सेवाएं पूर्वनिर्धारित ही रहेंगी।



Click it and Unblock the Notifications














