अहमदाबाद में तैयार होने वाला है नया एंटरटेंमेंट हब। यहां बनेगा गुजरात का पहला और देश का दूसरा सबसे बड़ा थीम पार्क - इमेजिका (Imagicca)। साबरमती रिवरफ्रंट के पूर्व में अटल ब्रिज से लेकर लगभग 4.56 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में बनेगा इमेजिका। यह न सिर्फ अहमदाबाद वालों के लिए घूमने की एक नयी जगह बनेगा बल्कि भारत में पर्यटन और मनोरंजन के साधन के तौर पर भी उभरेगा।
बताया जाता है कि मुंबई-पुणे हाईवे पर मौजूद खोपोली में बनाए गये इमेजिका की तरह ही यह एक विश्वस्तरीय थीम पार्क बनेगा। इस पार्क के बन जाने के बाद थीम पार्क का आनंद उठाने के लिए अमदावादियों को अब महाराष्ट्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

लंदन आई का नजारा अहमदाबाद में
Times of India की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार एम्यूजमेंट कंपनी इमेजिका ने साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (SRFDCL) के सामने इस थीम पार्क परियोजना को पेश किया है। लंदन आई के जाएंट व्हील की तरह ही थीम पार्क में लगभग 70 मीटर ऊंचा फेरिस व्हील लगाया जाएगा।
लेकिन ब्रिटेन और भारत के मौसम काफी अलग-अलग होते हैं। इसलिए अहमदाबाद में लगने वाले फेरिस व्हील का डिजाइन खासतौर पर गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए ही बनाया गया है।
हर उम्र के लिए होगा कुछ न कुछ
साबरमती रिवरफ्रंट पर बनाया जाने वाले थीम पार्क में बच्चे से लेकर बुढ़े, हर आयु वर्ग के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास जरूर होगा। इसके अलावा बनाया जाएगा रिवॉल्विंग रेस्तरां, जहां से रिवरफ्रंट के साथ-साथ दिखेगा पूरे अहमदाबाद का शानदार नजारा। इसके अलावा यहां का मुख्य आकर्षण दूसरी कई चीजें भी होंगी, जैसे ट्रैम्पोलिन पार्क, सिमुलेशन राइड्स, गेम आर्केड, फ्लाईंग कैरोसेल आदि।

सबसे जरूरी चीज, यहां आने वाले पर्यटकों की गाड़ियों को पार्क करने के लिए 6 मंजिला मल्टी-लेवल पार्किंग भी बनायी जाएगी। तो फुल सीजन के दौरान भीड़ और पार्किंग की जगह नहीं मिलने की फिक्र किए बिना ही आप एंटरटेंमेंट हब का आनंद उठा सकेंगे।
कितनी लागत और कब से होगा शुरू?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर इनडोर व आउटडोर आकर्षणों वाली इमेजिका थीम पार्क को बनाने में लगभग ₹130 करोड़ की लागत आ सकती है। इसमें खाने-पीने की व्यवस्थाएं आदि भी शामिल है। दावा किया जा रहा है कि साबरमती रिवरफ्रंट पर इमेजिका थीम पार्क का बनना एक बार फिर से अहमदाबाद को एक नयी पहचान मिलेगी। बताया जाता है कि सभी तरह की अनुमतियां मिल जाने के बाद थीम पार्क को शुरू होने में करीब 2 सालों का वक्त लग सकता है।

कितनी होती है एंट्री फीस?
महाराष्ट्र के खोपोली में मौजूद इमेजिका की एंट्री फीस कुछ इस तरह की होती है -
- थीम पार्क - ₹999 प्रति व्यक्ति से शुरू
- वाटर पार्क - ₹699 प्रति व्यक्ति से शुरू
इसके अलावा अलग-अलग ऑफर के तहत भी आप इमेजिका की टिकट बुक कर सकते हैं, जिसमें आपको सेल और अनलिमिटेड एक्सेस आदि कई तरह के फायदे उठाने का मौका मिलेगा। नए साल, क्रिसमस, फ्लेक्सी वीजिट, परिवार और दोस्तों के लिए, मल्टी पार्क एक्सेस आदि के लिए अलग-अलग शुल्क लागू होते हैं। अपनी सुविधानुसार आप आसानी से इन्हें एक्सप्लोर कर सकते हैं और बुकिंग कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














