बैंगलोर वालों के लिए वह दिन अब दूर नहीं, जब ट्रैफिक जाम को मात देते हुए हवा में तैरकर वे एयरपोर्ट तक का सफर तय करेंगे। नहीं समझे...बैंगलोरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है! अब बैंगलोर के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) के लिए ई-फ्लाइंग (E-Flying) टैक्सी को शुरू किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL), जो KIA का संचालन करती है, ने हाल ही में सरला एविएशन के साथ एक समझौता किया है।
इसमें हवाई माध्यमों से आवाजाही को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस बारे में BIAL ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट भी किया है।

क्या कहा BIAL ने?
अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट कर BIAL ने बताया कि सरला एविएशन के साथ मिलकर हम eVTOL (इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक ऑफ एंड लैंडिंग) एयरक्राफ्ट की शुरूआत करने वाले हैं, जिसका उद्देश्य हवाई यात्रा के माध्यमों को बढ़ावा देना और आम लोगों तक इसकी पहुंच को बढ़ाना है। बताया जाता है कि यह सिर्फ एक नयी टेक्नोलॉजी को अपनाना ही नहीं है बल्कि भविष्य के साफ, तेज और एक एडवांस्ड साधन को तैयार करना भी है।
वहीं Moneycontrol की एक रिपोर्ट में सरला एविएशन के आधिकारिक वेबसाइट के हवाले से बताया गया है कि यह कंपनी चार सबसे अधिक घनी आबादी वाले शहरों में आवाजाही के साधनों को नये स्तर पर ले जाने के बारे में सोच रही है। कंपनी ने कहा कि हम एरियल राइड (हवाई माध्यमों) को इतना सस्ता बनाना चाहते हैं, जैसा वर्तमान में ओला और उबर कैब होते हैं। जिन 4 शहरों को सरला एविएशन ने अपना लक्ष्य बनाया है वो हैं -
- मुंबई
- बैंगलोर
- दिल्ली
- पुणे
कितना लगेगा समय?
मिली जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक सिटी से बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक ई-फ्लाइंग टैक्सी के माध्यम से पहुंचने में महज 19 मिनट का समय लगेगा। वहीं अगर किसी भी कैब से आप इस दूरी को तय करते हैं तो कम से कम 152 मिनट का समय लग जाता है यानी लगभग ढाई घंटा से भी कुछ ज्यादा। दावा किया जाता है कि वर्तमान में इंदिरा नगर से बैंगलोर एयरपोर्ट पहुंचने में जहां लगभग 1.5 घंटे का समय लगता है, ई-फ्लाइंग टैक्सी शुरू होने के बाद इस दूरी को तय करने में 5 मिनट का समय लगेगा।
बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ हुए इस समझौते के बारे में सरला एविएशन, जो बैंगलोर आधारित ही एक कंपनी है, के सीईओ का कहना है कि मुझे बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अपने समझौते की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है। बैंगलोर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए यह एक बेहद कारगर कदम साबित हो सकता है।

बता दें, सरला एविएशन कंपनी का नाम भारत की पहली महिला पायलट, सरला ठकराल, के नाम पर रखा गया है जिन्हें 1936 में पायलट लाइसेंस दिया गया था।
कब होगा शुरू और क्या होगा किराया?
किराए के बारे में अभी तक आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की गयी है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट में सरला एविएशन के हवाले से बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी से बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लगभग 37.5 किमी की दूरी को तय करने में किसी आम कैब का किराया लगभग ₹2500 होता है लेकिन ई-फ्लाइंग टैक्सी का किराया उससे काफी कम ₹1700 होगा।
बताया जाता है कि एक eVTOL एयरक्राफ्ट में करीब 7 यात्री एक बार में सवार हो सकेंगे। हालांकि सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि बैंगलोर एयरपोर्ट के लिए ई-फ्लाइंग टैक्सी को शुरू करने में अभी कम से कम 2 से 3 सालों का वक्त लग जाएगा। बताया जाता है कि eVTOL सिस्टम को शुरू करने के लिए कई स्तरों पर अनुमति लेने की जरूरत होगी, जिसमें अभी लंबा समय लग सकता है।

इससे पहले KIA और HAL से इलेक्ट्रॉनिक सिटी के लिए थमबे एविएशन (Thumby Aviation) और ब्लेड इंडिया (Blade India) ने इंट्रासिटी हेली-टैक्सी सेवाओं को शुरू किया था लेकिन बाद में उन्हें बंद कर दिया गया था।
बता दें, दिल्ली से गुरुग्राम के बीच भी एयर टैक्सी को शुरू करने की तैयारियां तेजी से चल रही है। दिल्ली के कनाट प्लेस से गुरुग्राम के बीच की दूरी को तय करने में एयर टैक्सी मात्र 7 मिनट का वक्त लेगी। बताया जाता है कि इसे इंडिगो एयर टैक्सी शुरू करने वाला है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से गुरुग्राम के बीच उबर से यात्रा करने पर किराया करीब ₹1500-₹2000 के बीच होता है, वहीं एयर टैक्सी का किराया इससे थोड़ा ज्यादा लगभग ₹2000-₹3000 के बीच होने की संभावना है। संभावना जतायी जा रही है कि वर्ष 2026 तक दिल्ली-गुरुग्राम रूट पर eVTOL एयर टैक्सी को लॉन्च कर दिया जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














