बेंगलुरु में बनने वाला है एक नया मेट्रो लाइन। हाल ही में कर्नाटक के वित्त विभाग ने बेंगलुरु के नम्मा मेट्रो का एक नया फेज 3A के लिए मंजूरी दे दी है। उत्तर और दक्षिण बेंगलुरु को जोड़ने के लिए यह मेट्रो लाइन बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाली है। इस बाबत मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही इस मेट्रो लाइन का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर उसे राज्य के मंत्रिमंडल के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
गौरतलब है कि अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (UDD) द्वारा मंजूरी मिलने के मात्र 3 सप्ताह के अंदर ही वित्त विभाग से इसे मंजूरी मिल गयी।

कौन से क्षेत्रों को जोड़ेगा?
Deccan Herald की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार नम्मा मेट्रो का फेज 3A सारजापुर को हेब्बल से जोड़ेगा। लगभग 36.59 किमी लंबा यह मेट्रो लाइन बेंगलुरु के दक्षिण और उत्तरी हिस्सों को आपस में जोड़ने का काम करेगा। इसकी पुष्टि करते हुए एलके अतिक (अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्त) ने बताया कि बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) द्वारा बनाए गये DPR को बिना किसी परिवर्तन के मंजूरी दे दी गयी है। इस प्रस्ताव को मंजूरी इसलिए भी जल्दी मिल गयी क्योंकि इस लाइन पर कोई भी डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव नहीं था।
होंगे 4 इंटरचेंज
नम्मा मेट्रो के फेज 3A में कुल 28 मेट्रो स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इसमें से 17 मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड और 11 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। वहीं इस लाइन पर 4 इंटरचेंज स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जो हैं - आउट रिंग रोड पर इब्लुर (ब्लू लाइन), बनेरघट्टा रोड पर डेयरी सर्किल (पिंक लाइन), केआर सर्किल (पर्पल लाइन) और हेब्बल (ब्लू और ऑरेंज लाइन)।
नियमानुसार अब बेंगलुरु नम्मा मेट्रो फेज 3A की फाइल वापस UDD के पास जाएगी, जहां बतौर बेंगलुरु विकास मंत्री उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इसे अच्छी तरह से जांच-परख करने के बाद मंत्रिमंडल के सामने प्रस्तुत करेंगे। दावा किया जाता है कि यह काम इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आखिर में इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा, जिन्हें कुल लागत की कम से कम 20% खर्च वहन करना पड़ेगा। बताया जाता है कि राज्य सरकार इसके बाद वर्तमान वित्तिय वर्ष के अंत तक मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास DPR भी जमा करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार मेट्रो फेज 3A को बनाने में लगभग ₹28,405 करोड़ की लागत आ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस मेट्रो लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की जो जरूरत होगी, उसका खर्च करीब ₹5000 करोड़ होने वाला है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि DPR को सरकार के पास भेजने से पहले इसमें कुछ बदलाव भी किये गये थे ताकि BBMP द्वारा बनाए जा रहे 18 किमी लंबे टनल रोड परियोजना पर इसका कोई असर न हो।
10 मेट्रो स्टेशनों पर बनेंगे साइकिल पार्किंग
डायरेक्टोरेज ऑफ अर्बन लैंड ट्रांसपोर्ट (DULT) ने बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (BMRCL) के सहयोग से 10 और स्टेशनों पर साइकिल पार्किंग बनाने का फैसला लिया है। इससे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 स्टेशनों पर साइकिल पार्किंग बनाया जा चुका है। इन स्टेशनों पर जून 2024 में ही साइकिल पार्किंग बनाया जा चुका है।
अब 10 नये स्टेशनों पर साइकिल पार्किंग बनाने का फैसला लिया गया है। इन सभी स्टेशनों में से कुछ पर साइकिल मॉड्यूल्स बनाया जाएगा, जबकि कुछ में छत बनाकर साइकिल स्टैंड बनाया जाएगा। इन सभी मेट्रो स्टेशनों का चुनाव स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, स्थान की उपलब्धता आदि के आधार पर किया गया है।
जिन स्टेशनों पर साइकिल पार्किंग उपलब्ध है -
| पहले बने पार्किंग | नये पार्किंग बनेंगे |
| नगासांद्रा | केंगेरी बस टर्मिनस |
| पीन्या | केआर पुरा |
| महालक्ष्मी | मदवारा |
| राजाजीनार | चिक्कबिदरकल्लू |
| महाकवि कुवेम्पू रोड | मंजुनाथ नगर |
| जयनगर | दसरहल्ली |
| येलाचेनाहल्ली | नेशनल कॉलेज |
| कोननकुंते क्रॉस | बनशंकरी |
| स्वामी विवेकानंद रोड | जया प्रकाश नगर |
| बैयप्पनहल्ली | सिल्क इंस्टिट्यूट |
बता दें, Indian Express की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इनमें से सप्ताह के दिनों से येलाचेनहल्ली, कननकुंते क्रॉस और स्वामी विवेकानंद रोड पर सर्वाधिक साइकिल पार्क की जाती है। वहीं महालक्ष्मी लेआउट, पीन्या, राजाजीनगर में सबसे कम साइकिल पार्किंग का इस्तेमाल होता है।



Click it and Unblock the Notifications














