जेल की हवा खानी है और जेल के खाने का स्वाद चखना है, वो भी बिना कोई गुनाह किये। अब यह संभव नहीं। अरे घबराईए मत, आपको सच में किसी जेल में ले जाकर जेल की हवा खिलाने की बात हम नहीं कर रहे हैं और ना ही जेल जैसा बेस्वाद खाना खिलाने की। हम बात कर रहे हैं बेंगलुरु के सेंट्रल जेल रेस्तरां की, जहां पुलिस आपसे खाने का ऑर्डर लेकर जाती है और कैदी आपको खाना सर्व करते हैं।

मिलती है पूरी जेल वाली फिलिंग
इस रेस्तरां को पूरी तरह से किसी जेल की तरह ही सजाया गया है। जैसे ही आप इस रेस्तरां में पहुंचते हैं, मेन गेट पर आपकी मुलाकात हाथों में डंडा और हथकड़ी लेकर पुलिस के कपड़ों में एक व्यक्ति से होती है। यह कोई सच का पुलिस नहीं बल्कि इस रेस्तरां का ही कर्मचारी है, जो मेन गेट पर ग्राहकों का स्वागत करने के लिए इस तरह से खड़ा होता है।
आगे बढ़ने पर आपको सीटिंग एरिया में दो तरह से विकल्प दिखेंगे। पहला विकल्प साधारण चेयर-टेबल होगा जो किसी भी आम रेस्तरां की तरह ही लगाया गया है। लेकिन हम दावे के साथ कह सकते हैं कि इस रेस्तरां के सीटिंग एरिया का दूसरा विकल्प आपको बड़ा ही मजेदार लगेगा।

लॉक-अप में खाना
रेस्तरां के सीटिंग एरिया के दूसरे विकल्प में आपको लॉक-अप दिये जाएंगे। जी हां, जिस तरह से सलाखों के पीछे कैदियों को कैद किया जाता है, ठीक उसी तरह से सलाखों के पीछे छोटे-छोटे क्यूबिकिल्स बनाये गये हैं, जिनमें टेबल-चेयर लगाकर ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। रेस्तरां में खाने का ऑर्डर लेने से लेकर खाना सर्व करने वाले वेटर तक पुलिस और कैदियों की ड्रेस में होते हैं।
जेल का पूरा फील करवाने के लिए इस रेस्तरां में आपको खाना एल्यूमिनीयम के बर्तनों में ही सर्व किया जाता है। हां अगर आप चाहें तो आपके लिए बोनचाइना की कटलरी भी मुहैया करायी जा सकती है। जब तक आप ना मांगे आपको चम्मच भी मुहैया नहीं करवाया जाता है। खाना खाने के लिए प्लेट नहीं बल्कि कैदियों वाले परात दिये जाते हैं। बिना कोई गलती किये और जेल गये ही जेल वाला खाना खाना कितना मजेदार एक्सपीरियंस होता होगा...है ना।

मेन्यू भी होता है खास
सेंट्रल जेल रेस्तरां में अभी आपके लिए एक और सरप्राइज बाकी है। आपको जो खाने का मेन्यू दिया जाता है, वह कोई आम मेन्यू नहीं बल्कि उसमें से जेल स्पेशल टच होता है। जेल मेन्यू के स्टार्टर में आपको रेड अलर्ट, लॉकअप स्पेशल और चिकेन 420 दिया जाता है।
इसके अलावा एस्केप प्लान, इनमेट स्पेशल, चिकन एनकाउंटर और जेल स्पेशल बिरयानी चखना तो बनता है। रेस्तरां में आपको वेज और नॉन-वेज दोनों तरह के खानों का ऑपशन मिल जाएगा। और खाने की कीमतों को लेकर चिंता करने की भी कोई जरूरत नहीं है। किसी भी आम रेस्तरां की तरह ही सेंट्रल जेल रेस्तरां काफी किफायती है।
लंच, डिनर के साथ सेल्फी प्वाइंंट भी
इस जेल में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पर आप बेहतरीन सेल्फी ले सकते हैं। इनमें सबसे शानदार जगह पुलिस की जीप है, जो दीवार पर 3डी पेंटिंग के रूप में बनी है। आप जीप के पास खड़े होकर बेहतरीन सेल्फी ले सकते हैं। इसके अलावा कैदी, या पुलिसवाले भी आपके फ्रेम में आ सकते हैं। अगर आप चाहें तो हाथों की हथकड़ी भी यहां मौजूद है।
Reels बनाने के मिलेंगे ढेरो आईडियाज
सेंट्रल जेल रेस्तरां में परिवार या दोस्तों के साथ जाकर सिर्फ खाना ही नहीं बल्कि यहां आपके सोशल मीडिया प्रोफाइल के लिए भी काफी कुछ यहां। इस रेस्तरां में आप खुद एक कैदी बनकर, अपने किसी दोस्त या परिवार के सदस्य को पुलिस बनाकर ढेर सारी रिल्स बना सकते हैं।
दरअसल एक बैरक इसी के लिए खाली रखा गया है। इस बैरक के अंदर आपको एक खूंखार अपराधी बैठा हुआ मिलेगा, जिसके ऊपर थर्ड डिग्री आज़माते हुए आप रील बना सकते हैं। हां, अगर आपको जेल जाने का शौक है, तो आप भी उसी बैरक में बंद हो सकते हैंं, जहां वो खूंखार अपराधी बंद है।

किसी रील में कैदी को जेल से छुट्टी मिलती है तो किसी रील में कैदी को खाना परोसा जा रहा है। कैदियों पर पुलिस वालों के डंडे बरसाने का रील भी यहां बनाया जा सकता है। रेस्तरां के एक सेल में एक कैदी का पुतला भी रखा गया है। पुलिस की टोपी और डंडा हाथ में लेकर आप इसके साथ भी रिल्स और फोटो सेशन कर सकते हैं।
इस आर्टिकल को पढ़ने के बाद हम निश्चित रूप से कह सकते हैं कि आपका मन जरूर इस जेल की हवा खाने की हो रही है। यहां जाकर और इस जेल का स्वादिष्ट खाना खाकर आपको कैसा लगा, यह हमें जरूर बताइएगा। यह शायद एकलौता जेल है, जहां आप ढेर सारी मस्ती कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications















