दुर्गा पूजा खत्म हो गयी है? जी नहीं जनाब...यह कोलकाता है और यहां दुर्गा पूजा का उत्सव इतनी जल्दी खत्म नहीं होने वाला है। आज यानी 15 अक्तूबर को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित होने वाला है दुर्गा पूजा कार्निवल (Carnival)। अगर आप इस साल कोलकाता की दुर्गा पूजा में अलग-अलग पंडालों में जाकर मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन नहीं कर पाएं हैं तो आपको इस कार्निवल में जरूर शामिल होना चाहिए।
क्योंकि कोलकाता के सभी बड़े दुर्गा पूजा कमेटियां इस कार्निवल में शामिल होने के बाद ही मूर्तियों का विसर्जन करेंगी। इस कार्निवल को ध्यान में रखते हुए ही कोलकाता मेट्रो के समय में भी बदलाव किया गया है। लेकिन पिछले दिनों कोलकाता के सरकारी मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर से हुई बर्बरता और उसकी हत्या के विरोध में आज सीनियर डॉक्टरों का विरोध-प्रदर्शन भी होने वाला है।

आइए आपको बता देते हैं कि विरोध-प्रदर्शन के माहौल में कैसे आप बिना किसी परेशानी के दुर्गा पूजा कार्निवल में शामिल हो सकते हैं -
समय से थोड़ा पहले ही पहुंचे रेड रोड
दुर्गा पूजा कार्निवल को देखने के लिए रेड रोड पर यूं तो काफी भीड़ जमा होगी लेकिन डॉक्टरों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से आज (मंगलवार) सुरक्षा के इंतजाम भी काफी कड़े होंगे, जिन्हें पार कर रेड रोड तक पहुंचने में आपको अन्य वर्षों की तुलना में इस साल समय ज्यादा लग सकता है।
दुर्गा पूजा कार्निवल शाम को 4.30 बजे से शुरू होगा, जिसके लिए कम से कम 4 बजे तक अपनी सीट पहुंचने का अनुरोध राज्य सरकार (आयोजक) द्वारा किया गया है। लेकिन हमारी सलाह है कि आप कम से कम 3.30-3.45 बजे के बीच रेड रोड पर अपने स्थान पर पहुंच जाएं ताकि किसी भी तरह की परेशानी में न पड़ना पड़े।

कार्निवल की कुछ खास बातें -
- कुल कितनी दुर्गा पूजा कमेटियां शामिल होंगी - 100 से ज्यादा
- समय - कार्निवल शाम 4.30 बजे से शुरू होगा। दर्शक 4 बजे तक अपनी सीट पकड़ लें।
- स्थान - रेड रोड, कोलकाता।
- एंट्री शुल्क - निःशुल्क
- कितने दर्शक होंगे शामिल - 35 हजार से ज्यादा।
- कितने सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात - 3.5 हजार से ज्यादा
दोपहर के बाद से बंद पार्किंग
आज दोपहर के बाद से कार्निवल खत्म होने तक जिन स्थानों को नो पार्किंग जोन बना दिया जाएगा, वो हैं -
- राजभवन के पश्चिम गेट से रानी रासमणी एवीन्यू और एस्प्लेनेड तक
- चौरंगी रोड
- जवाहर लाल नेहरु रोड
- क्विंस वे
- मेयो रोड
- स्ट्रैंड रोड
- बेंटिंग स्ट्रीट से सेंट्रल एवीन्यू तक
- आर एन मुखर्जी रोड
- हेयर स्ट्रिट
- ओल्ड कोर्ट हाउस स्ट्रिट से राजभवन का उत्तरी गेट

कौन से रास्ते रहेंगे बंद
- हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से लवर्स लेन तक खिद्दिरपुर रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद। इस रास्ते से सिर्फ प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लेकर जाने वाले उन वाहनों को ही आवाजाही करने दिया जाएगा, जो दोपहर 2 बजे से कार्निवल खत्म होने तक विद्यासागर सेतु होकर आ रहे हैं।
- दोपहर 2 बजे के बाद से कार्निवल खत्म होने तक हॉस्पिटल रोड से एजेसी क्रॉसिंग होकर कार्निवल में जाने वाले वाहनों के अलावा और किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
- मेयो रोड से जवाहर लाल नेहरु रोड क्रॉसिंग होकर सिर्फ स्टीकर लगे वाहनों को ही बहुत जरूरी होने पर जाने दिया जाएगा।
- दोपहर 2 बजे से कार्निवल खत्म होने तक रेड रोड, लवर्स लेन, क्विंस वे, पलासी गेट रोड और एस्प्लेनेड की ओर जाने वाली सड़क को बंद रखा जाएगा।
- एजेसी बोस रोड से होकर आने वाले बड़े वाहनों को एक्साइड क्रॉसिंग से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग, न्यू रोड, डफरिन रोड, लवर्स लेन और रेड रोड से दोपहर से लेकर 3 बजे तक आने-जाने नहीं दिया जाएगा। सिर्फ विसर्जन के लिए प्रतिमाओं को ले जाते वाहनों को छूट दी जाएगी।
- अगर आप रेड रोड जाना चाहते हैं तो एस्प्लेनेड मेट्रो अथवा पार्क स्ट्रीट मेट्रो होकर जाएं। खिद्दीरपुर रोड के बजाए एजेसी बोस रोड, चौरंगी रोड, मेयो रोड या रानी रासमणी रोड होकर आगे बढ़े।
आधी रात तक चलेगी मेट्रो
दुर्गा पूजा कार्निवल को देखने के बाद घर लौटने में लोगों को कोई परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ही कोलकाता मेट्रो ने अपने कई रूट्स पर आधी रात तक मेट्रो सेवाओं का संचालन करने का फैसला लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को दक्षिणेश्वर से आखिरी मेट्रो रात को 10.45 बजे कवि सुभाष के लिए खुलेगी। दमदम से कवि सुभाष के लिए आखिरी मेट्रो रात को 11 बजे खुलेगी।
कवि सुभाष से दमदम के लिए भी आखिरी मेट्रो रात 11 बजे और दक्षिणेश्वर के लिए रात 10.40 बजे खुलेगी। बताया जाता है कि देर रात तक निजी और सरकारी दोनों बसों का संचालन करने का फैसला लिया गया है ताकि किसी भी व्यक्ति को कार्निवल देखकर घर लौटने में कोई समस्या न हो। इसके साथ ऐप कैब और टैक्सी भी पर्याप्त संख्या में देर रात तक चलायी जाएगी।



Click it and Unblock the Notifications














