अगर आप फ्लाइट से यात्रा करते हैं तो आपको पता ही होगा कि विमान में हैंड बैगेज में हर तरह का सामान लेकर जाने की अनुमति नहीं होती है। विमान से जब भी खाने-पीने की कोई वस्तु लेकर जाना होता है, तो लोग अपने आसपास के लोगों से यह पूछने लग जाते हैं कि क्या इन चीजों को हैंड बैगेज में लेकर जा सकते हैं या नहीं...!
तो चलिए इस कंफ्यूजन को अब खत्म ही कर देते हैं। हैंड बैगेज में किन सामानों को लेकर जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है और किन सामानों को हैंड बैगेज में लेकर जा सकते हैं -

1. नुकीली चीजें
हम सभी को पता है कि हैंड बैगेज में ऐसी कोई भी नुकीली चीज जिसका इस्तेमाल हथियार के तौर पर किया जा सकता है जैसे चाकु, छुरी, रेजर, ब्लेज आदि को लेकर जाना मना है। लेकिन क्या आपको पता है, हैंड बैगेज में आप नेल कटर, नेल फाइलर और बॉटल ओपनर जिसमें कई तरह की दूसरी नुकीली और धारदार चीजें भी अटैच हो, उन्हें लेकर नहीं जा सकते हैं। इन चीजों का इस्तेमाल हथियार के तौर पर भी किया जा सकता है, इसलिए इन्हें हैंड बैगेज में लेकर जाना मना है।
2. नकली बंदूक, नारियल
सूखा नारियल, जिसे हम सूखा मेवा की तरह इस्तेमाल करते हैं, या फिर पानी समेत भूरा नारियल...हैंड बैगेज में किसी भी तरह का नारियल लेकर जाना मना है। इससे किसी को भी चोट जो लग सकती है। एयरपोर्ट के हैंड बैगेज में नकली खिलौना बंदूक लेकर जाना भी पूरी तरह से मना है। अगर गलती से आप इसे लेकर एयरपोर्ट के सिक्योरिटी ज़ोन तक पहुंच भी गये तो उसे वहीं छोड़कर आपको आगे जाना पड़ेगा।

3. ज्वलनशील पदार्थ
हैंड बैगेज में लाइटर, पटाखे, वेपर और हां, 100 मिली से ज्यादा परफ्यूम लेकर जाना मना है। जी हां, आप परफ्यूम भी सिर्फ 100 मिली का ही लेकर जा सकते हैं। अगर आपके पास उससे ज्यादा का परफ्यूम मिला तो उसे सिक्योरिटी ज़ोन में CISF जवानों के पास ही छोड़ देना पड़ेगा। इन सभी चीजों में बहुत तेजी से आग जो पकड़ती है।
4. लिक्विड और जेल (Gel)
यह गलती हम सभी करते हैं, खासतौर पर लड़कियां। कभी भी हैंड बैगेज में शैम्पू, कंडिशनर, हैंड सैनिटाइजर, मॉश्चराइजर, फेसवॉश या लिक्विड सोप जैसी चीजें 100 मिली से ज्यादा लेकर न जाएं। सीधे शब्दों में कहा जाए तो किसी भी तरह का तरल पदार्थ, फिर चाहे वह सादा पानी ही क्यों न हो, उसे हैंड बैगेज में 100 मिली से अधिक की मात्रा में लेकर न जाएं। इससे अच्छा है कि आप यात्रा के लिए ट्रैवल पैक का इस्तेमाल करें।
5. खेल के सामान
काफी लोग होते हैं, जिन्हें एक्सरसाइज के लिए या फिर शौकिया तौर पर भी अपने खेल और व्यायाम के सामान ही चाहिए होते हैं। लेकिन यात्रा करते समय हैंड बैगेज में हॉकी स्टीक, गॉल्फ स्टीक, क्रिकेट बैट, बेस-बॉल बैट, डंबल आदि लेकर जाना पूरी तरह से बैन हैं। अरे भई, इनका इस्तेमाल भी तो हथियार के तौर पर किया जा सकता है या नहीं।

6. खाने का सामान
रास्ते में सफर करते समय अचानक भूख लग जाएगी तो खा लेंगे। यह सोचकर अगर आपने पराठें, थेपले और सैंडवीच अपने हैंड बैगेज में रखा है तब तक तो ठीक है। लेकिन तेल, जैम और सिरप जैसी चीजों को हैंड बैगेज में लेकर मत जाएं। रोक दिया जाएगा और इन्हें फेंक देना भी पड़ सकता है।
अगर आपके साथ बच्चा भी सफर कर रहा है, तो ऐसी स्थिति में आपको पैकेज्ड दूध और पानी की बोतल को हैंड बैगेज में ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
7. कलर, पेंट
मुझे पेंटिंग करने का बड़ा शौक है...आपकी ये बातें घरवालों को भले ही क्यूट लगेंगी लेकिन एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों को नहीं। इसलिए किसी भी तरह के कलर या पेंट को हैंड बैगेज में लेकर न जाएं। रंग कैनवास पर ही अच्छे लगते हैं, आपके बैग, कपड़ों या विमान की सीट पर नहीं। इन्हें अच्छी तरह से पैक करके आप सामान के साथ चेक-इन बैग में दे सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications













