हरियाणा के फरीदाबाद में लगने वाले वार्षिक सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय क्राफ्ट मेला 2024 परवान चढ़ चुका है। मेला का उद्घाटन 2 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। अब तक करीब 3 लाख से अधिक लोग सूरजकुंड मेले में पहुंच चुके हैं। मेले में इस साल इथोपिया के साथ-साथ कजाकिस्तान, कीर्गिस्तान, एस्वातिनि, केपवर्गे जैसे देशों से भी कलाकार अपनी प्रस्तुति देने के लिए पहुंच रहे हैं।
मेला क्षेत्र में एक तरफ जहां शिल्पकार अपनी विभिन्न उत्पादों की ओर ग्राहकों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रंग-बिरंगे वेशभूषाओं में सजे लोक कलाकार और विभिन्न देशों से आएं लोगों को रिझाने की कोशिशें भी कर रहे हैं। कोई नाचकर तो कोई अपनी सुरीली वाद्ययंत्रों की धुनों पर दूसरों को थिरकने पर मजबूर कर दे रहे हैं।

इसके अलावा मुख्य चौपाल और छोटी चौपाल पर दिनभर देसी और विदेशी कलाकार अपनी-अपनी संस्कृतियों की लगातार झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।

सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेला 2024 18 फरवरी तक चलेगा। मेला हर रोज सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुला रहता है।

अगर आप भी सूरजकुंड मेले में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां से मिट्टी के बर्तन, कालीन, लकड़ी के काम का सामान, धातु का सामान जैसी वस्तुओं पर एक नजर जरूर डालें।

इसके अलावा 37वें सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेले में जिन चीजों को आप खरीद सकते हैं, वो हैं घर और कमरों के लिए सजावटी सामान, मोमबत्तियां, पर्दे।

सूरजकुंड मेले के हर एक कोने में विभिन्न संस्कृतियों और कलाकृतियों के इतने रंग बिखरे पड़े हैं, जितने शायद आपके सपनों की दुनिया में भी नहीं होते होंगे।

महिलाओं के लिए सूरजकुंड मेले की झोली में काफी कुछ है। आप यहां से जटिल डिजाइन और विभिन्न रंगों के रत्नों वाली झुमके, हार, कंगन और अंगूठियां खरीद सकती हैं।

इसके अलावा मेला में आप चांदी के आभूषण भी खरीद सकते हैं। हां, इन्हें खरीदने से पहले अच्छी तरह से देखभाल और मोल-भाव कर लेना जरूरी है।

सूरजकुंड मेला हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित हो रहा है। यह जगह सड़क मार्ग से बहुत अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। निजी कार, टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन के साधन से आप सूरजकुंड आसानी से पहुंच सकते हैं।

सूरजकुंड मेला दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा जैसे प्रमुख शहरों से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन दिल्ली को फरीदाबाद से जोड़ती है। सूरजकुंड मेले का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन है। यहां से मेला परिसर 8-10 किमी की दूरी पर मौजूद है।



Click it and Unblock the Notifications














