कर्नाटक में 22 मार्च (शनिवार) को कई कन्नड़ संगठनों ने बंद बुलाया है। यह बंद 12 घंटे का होने वाला है, जो शनिवार की सुबह 6 से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इस बंद का असर बेंगलुरु समेत पूरे कर्नाटक राज्य पर पड़ने की संभावना जतायी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फरवरी महीने में कर्नाटक के बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) की बस के एक कंडक्टर के साथ हाथापाई की गयी थी क्योंकि वह मराठी भाषा में बात नहीं कर रहा था।
इस कारण पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। इस वजह से कन्नड़ ओक्कूटा (Kannada Okkoota) की तरफ से शनिवार को 12 घंटे का बंद बुलाया गया है।

क्या 22 मार्च को बेंगलुरु में भी पड़ेगा बंद का असर?
जी हां, कर्नाटक में बंद का असर राजधानी बेंगलुरु पर भी पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स में संभावना जतायी गयी है कि 12 घंटे के कर्नाटक बंद की वजह से सार्वजनिक सेवाओं पर इसका असर पड़ने वाला है। बेंगलुरु की जिन सार्वजनिक सेवाओं पर कर्नाटक बंद का असर पड़ेगा, उनमें प्रमुख हैं -
- बस सेवाएं
- शैक्षणिक संस्थान
- परिवहन के सार्वजनिक साधन
- होटल
- रेस्तरां
क्या बस सेवाएं मिलेंगी?
शनिवार को 12 घंटों के लिए KSRTC और बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BMTC) की बस सेवाएं प्रभावित होने की संभावनाएं हैं। Hindustan Times की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार KSRTC और BMTC की ओर से आधिकारिक तौर पर बस सेवाओं को बंद करने की कोई घोषणा नहीं की गयी है, लेकिन बस कंडक्टर के साथ घटी कथित हाथापाई की घटना के विरोध में बंद बुलाने की वजह से यह संभावना जतायी जा रही है कि 12 घंटों तक राज्यभर की बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
मिलेंगी कैब सेवाएं?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक बंद को ओला-उबर कैब सेवाओं और ड्राइवर एसोसिएशन का समर्थन मिला है। सिर्फ इतना ही नहीं, कर्नाटक बंद को ऑटो-रिक्शा यूनियन का समर्थन भी प्राप्त है। बताया जाता है कि इन सभी यूनियनों ने बंद के दौरान यात्री सेवाओं को पूरी तरह से बंद रखने का वादा किया है। इस वजह से संभावना है कि राज्य भर में कैब, टैक्सी और ऑटो-रिक्शा सेवाएं प्रभावित होंगी।

बताया जाता है कि बेंगलुरु के लगभग शैक्षणिक संस्थानों ने भी कर्नाटक बंद का मौखिक रूप से समर्थन तो किया है, लेकिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। कई शैक्षणिक संस्थानों की तरफ से शनिवार (22 मार्च) को छुट्टी की घोषणा कर दी गयी है ताकि स्कूल आते-जाते समय बंद की वजह से छात्र-छात्राओं या शिक्षकों को कोई समस्या न हो। इसलिए बच्चों को स्कूल भेजने से पहले एक बार जरूर जांच लें।
होटल-रेस्तरां?
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि होटल-रेस्तरां व कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने भी कर्नाटक बंद को समर्थन देने का वादा किया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि शनिवार को बेंगलुरु के होटल-रेस्तरां खुले रहेंगे या बंद होंगे। लेकिन संभावना जतायी जा रही है कि शनिवार को बंद के दौरान 12 घंटों के लिए होटल व रेस्तरां में खाने-पीने के सीमित विकल्प उपलब्ध होंगे।
संभावना है कि विभिन्न शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स और मार्केट जैसे चिकपेट, केआर मार्केट, गांधी बाजार आदि बंद रहेंगे। नम्मा मेट्रो का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा लेकिन मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने के बाद लास्ट माइल यातायात के लिए ऑटो अथवा कैब मिलने में परेशानी हो सकती है।
इसलिए अगर आप बेंगलुरु में रहते हैं और होटल-रेस्तरां के खाने पर निर्भर करते हैं, तो अच्छा होगा कि शुक्रवार को ही अपने लिए कुछ खाना जमा कर लें। साथ में खाने-पीने की सुखी वस्तुएं जैसे केक, बिस्कुट, सुखे मेवे आदि भी जरूर घर में रखें।
बताया जाता है कि ऐप आधारित विभिन्न सेवाएं जैसे Blinkit, Zepto, Instamart आदि की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इसके साथ ही रेस्तरां या होटल से भोजन की होम डिलीवरी भी सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है।
रेलवे व एयरपोर्ट यात्री विशेष ध्यान दें - शनिवार की सुबह 6 बजे से कर्नाटक बंद शुरू होने वाला है जो शाम को 6 बजे तक चलेगा। अगर इस दौरान आपको ट्रेन या फ्लाईट पकड़नी है तो अच्छा होगा कि आप बंद शुरू होने से पहले ही स्टेशन या एयरपोर्ट पहुंच जाएं, क्योंकि ट्रेन या फ्लाईट Miss करने और दोबारा ज्यादा किराया देकर टिकट बुक करने से बेहतर स्टेशन या एयरपोर्ट पर अपनी ट्रेन और फ्लाईट का इंतजार करना होगा। अगर बहुत जरूरी न हो और एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर इस लंबे इंतजार से बचना चाहते हैं तो आप अपनी यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














