मानसून ने भारत में दस्तक दे दी है और बस कुछ दिनों बाद ही यह देश के बाकी हिस्सों में भी पहुंच जाएगा। मानसून के आगमन के साथ ही मुंबई और आसपास के इलाकों की खूबसूरती में कई गुना इजाफा हो जाता है। झरने जो अब तक सूख चुके थे, वे बारिश की फुहार के साथ ही जोरदार आवाज के फिर से झरने लगते हैं। हर तरफ बस हरियाली ही छायी रहती है।
ऐसे में दिल और दिमाग दोनों चाहता है कि थोड़ा घूम-फिरकर इस शानदार मौसम को एंजॉय करें। अगर आप भी मानसून में मुंबई के आसपास घूमने की जगहों की तलाश में रहते हैं तो यहां हम आपको 5 ऐसे रोड ट्रिप बता रहे हैं जो अपने दोस्तों, कज़िन और पार्टनर के साथ जरूर करें। यकिन मानें, इतनी ताजगी से भर जाएंगे कि पूरे साल की थकान मानों कुछ दिनों में ही उतर जाएगी।

पेल्हर डैम
हरी-भरी पहाड़ियों के बीच में मौजूद पेल्हड़ डैम और इसके आसपास की हरियाली बारिश के साथ बढ़ जाती है। शहरों की भागदौड़ वाली बोरिंग जिन्दगी से एक ब्रेक चाहते हैं तो कुछ समय बिताने के लिए यहां जा सकते हैं। मुंबई से पेल्हर डैम की दूरी महज 58 किमी की है। पूरा रास्ता घनी हरियाली नजर आएगी जो आंखों को सुकून प्रदान करेगी।
राजमाची
यह एक बहुत सुन्दर टूरिस्ट स्पॉट है। सातवाहन राजवंश के राजाओं द्वारा बनवाया हुआ प्राचीन किला इस जगह का मुख्य आकर्षण है। बारिश और मानसून के आगमन के साथ ही पूरे इलाके में हरियाली छा जाती है जो पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है। इस किले पर मानसून के दिनों में लोग ट्रेकिंग के लिए भी आते रहते हैं। राजमाची किला मुंबई से 95 किमी की दूरी पर मौजूद है।

लोनावला
मुंबई के आसपास अगर प्राकृतिक सुन्दरता की तलाश कर रहे हैं तो सबसे पहला नाम लोनावला का ही आता है। यह जगह सिर्फ सुन्दरता से ही भरपूर नहीं बल्कि यह एक बहुत ही प्यारा पिकनिक स्पॉट भी है। इस जगह को झीलों की नगरी भी कहा जाता है।
बारिश के मौसम में यहां का नजारा बिल्कुल जादुई नजर आता है। यहां कुछ देर पहले आप जिस रास्ते से गुजरते हैं, वहां कोई झरना नहीं होता लेकिन जैसे ही मुसलाधार बारिश हो जाती है न जाने कहां से झरना दिखाई देने लग जाता है। पूरे क्षेत्र का नजारा बेहद शानदार होता है। मुंबई से लोनावला 85 किमी की दूरी पर मौजूद है।
Also Read :
महाबलेश्वर
मुंबई से अगर महाबलेश्वर जाने का प्लान है तो इसे रोड ट्रिप से ही पूरा करें। भले ही दूरी थोड़ी ज्यादा है लेकिन यकिन मानें नजारे ऐसे मिलेंगे जो आपकी पूरी थकान उतार देंगे। बड़ी संख्या में लोग हरियाली, पहाड़ी, प्राकृतिक सुन्दरता और स्ट्रॉबेरी के बागान देखने के लिए महाबलेश्वर आते रहते हैं।
मुंबई वालों का छुट्टियों का फेवरेट डेस्टिनेशन महाबलेश्वर को कहा जा रहा है। बारिश के बाद यहां के प्राकृतिक नजारे तो किसी का भी दिल मोह सकते हैं। मुंबई से महाबलेश्वर की दूरी 224 किमी की है।

माथेरान
मुंबई वाले अक्सर घूमने और रिलैक्स करने के लिए माथेरान जाते रहते हैं। लेकिन मानसून में बारिश के बाद माथेरान की जो सुन्दरता उभरकर सामने आती है, सामान्य दिनों में वह दिखाई नहीं देती है। शहरों की व्यस्त जिंदगी से अलग प्रकृति को एक अलग अंदाज में माथेरान मानसून की बारिश के बाद ही दिखाता है। बारिश के बाद माथेरान की खुबसूरती को देखकर आपका मन वापस मुंबई लौटने का ही नहीं होगा। मुंबई से माथेरान की दूरी 80 किमी की है।



Click it and Unblock the Notifications















