मानसून के समय जो मजा रोड ट्रिप में आता है, वह फ्लाइट से नहीं आता है। और घूमने निकलने का मतलब ही होता है अगले कुछ सप्ताह तक सोशल मीडिया पर डालने के लिए फोटो का पूरा स्टॉक। कभी सोलो, कभी ग्रुप, कभी एस्थेटिक और कभी शानदार नजारों के। अगर इस मानसून में आपने मुंबई से गोवा के रोड ट्रिप का प्लान बनाया है तो यहां बताए जाने वाले 5 प्वाएंट्स पर कुछ देर जरूर रुकिए।
थोड़ा मौसम को एंजॉय किजीए और ढेर सारी फोटो क्लीक करवाइए। जी हां, हम यहां जिन स्टॉप्स का जिक्र करने वाले हैं, मानसून में उन जगहों की हरियाली, झरनों को देखने के पर्यटकों की भीड़ जमा होती है। ये सभी जगह ऐसी हैं, जहां अच्छी तरह से खींची हुई फोटो से लेकर ब्लर हुई फोटो भी आपके इंस्टाग्राम फीड में जाने लायक होती हैं।

1. लोनावाला
मानसून के समय महाराष्ट्र में जिस जगह की सबसे ज्यादा चर्चा होती है, वह है लोनावाला। यह हिल स्टेशन अपनी हरियाली, धुंध भरे पहाड़ी नजरों और शानदार झीलों की वजह से पर्यटकों में खूब लोकप्रिय है। मुंबई से अपना सफर शुरू करने के बाद पहला ब्रेक लोनावाला में लिजीए और टाइगर लिप, ड्यूक नोज जैसी जगहों के शांत परिवेश में चाय की चुस्कियां भरते हुए फोटो के लिए पोज किजीए। हां, लोनावाला की मशहूर चिक्की ट्राई करना मत भूलिएगा।
2. खंडाला
अपना अगला पड़ाव खंडाला को बनाइए। खंडाला में आपको कई व्यू प्वाएंट मिल जाएंगे जहां का शांत वातावरण और बड़ा ही सुहावना मौसम इसे पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनाता है। अगर मौका मिले तो राजमाची प्वाएंट पर जरूर घूम आएं जो घने जंगलों व घाटियों से घिरा है। लेकिन खंडाला में जिस जगह पर आपकी सबसे अच्छी फोटो आएगी, वह है वाटरफॉल।

3. कोलाड
अगर आपको एडवेंचर का शौक है तो रास्ते में रिवर राफ्टिंग करने में क्या बुराई है। जी हां, अपना अगला पड़ाव कोलाड को बनाइए और इस छोटे से गांव में कुंडलिका नदी में रिवर राफ्टिंग का लुत्फ जरूर उठाइए। अगर आप बिगिनर हैं और पहली बार रिवर राफ्टिंग को अनुभव करना चाहते हैं, तब भी यह जगह आपके लिए सही है।
यहां आप कायाकिंग, जिप लाइनिंग, नदी के किनारे कैंपिंग आदि भी कर सकते हैं। कोलाड की प्राकृतिक सुन्दरता और एडवेंचर एक्टिविटी आपके रोड ट्रिप को बोरिंग नहीं बनने देगी।
4. दपोली
रत्नागिरी जिले का तटवर्तीय शहर दपोली 'मिनी महाबलेश्वर' भी कहलाता है। यहां आपको हरियाली के साथ-साथ समुद्रतट, ऐतिहासिक किले और भी बहुत कुछ देखने का मौका मिलेगा। तो अपनी रोड ट्रिप पर इस जगह पर रुकना तो बनता है। अगर सी-फूड को एंजॉय करने का प्लान है तो दपोली के हरनाई बीच पर जरूर जाएं। इसके साथ पनहालेकाजी की गुफाएं आपको इतिहास में डूबकी लगाने का मौका देगी।

5. सातारा
महाराष्ट्र का सातारा जिला अपनी प्राकृतिक सुन्दरता की वजह से ही पर्यटकों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यहां का कास पठार 'फूलों की घाटी' कहलाता है, जो यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट भी है। मानसून के मौसम में इस पठार पर कई तरह के फूल खिलते हैं जो आमतौर पर सालभर दिखाई नहीं देते हैं।
यहां आने पर ही आपको पता चलेगा कि जंगली फूल भी कितने सुन्दर और रंग-बिरंगे होते हैं। सातारा का अजींक्यतारा किला ऐतिहासिक महत्व भी रखता है। इसलिए इंस्टाग्राम के लिए बेस्ट फोटो चाहिए, जो आपका DP बन सके तो सातारा में एक स्टॉप जरूर लिजीए।



Click it and Unblock the Notifications














