Search
  • Follow NativePlanet
Share
» »अरुणाचल प्रदेश : जून-जुलाई के लिए खास बोमडिला के सबसे आरामदायक स्थल

अरुणाचल प्रदेश : जून-जुलाई के लिए खास बोमडिला के सबसे आरामदायक स्थल

बोमडिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल, places to visit in bomdila arunachal pradesh.

बर्फीले पर्वत, समृद्ध संस्कृति और हरे भरे परिदृश्य के साथ, बोमडिला भारत के पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। समुद्र तल से 8000 फीट की ऊंचाई के साथ यह गंतव्य अपनी अपार शांति के लिए जाना जाता है। बिना किसी रूकावट के यहां चारों तरफ फैली प्राकृतिक सुंदरता प्रकृति प्रेमियों को आने का आमंत्रण देती है। खासकर नेचर फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह स्थान किसी जन्नत से कम नहीं। यहां का हर एक दृश्य कैमरे में उतारने लायक है।

इसके अलावा एकांत स्थल के खोजी यहां आकर आत्मिक और मानसिक शांति का अनोखा अनुभव ले सकते हैं। अगर आप प्रकृति के करीब जाकर कुछ समय आराम से बिताना चाहते हैं तो यहां का प्लान जरूर बनाएं। इसे लेख के माध्यम से हमारे साथ जानिए पर्यटन के लिहाज से बोमडिला आपके लिए कितना खास है। जानिए यहां का सबसे लोकप्रिय स्थलों के बारे में।

दिरांग घाटी

दिरांग घाटी

PC- Itrajib

बोमडिला भ्रमण की शुरूआत आप यहां की प्रसिद्ध दिरांग घाटी से कर सकते हैं। यहां आने वाले सैलानियों का मुख्य आकर्षण का केंद्र यह घाटी बोमडिला और तवांग के मध्य स्थित है। घाटी परिदृश्य के साथ दिरांग शहर अपने सुखद मौसम और मनमोहक दृश्यों के लिए काफी ज्यादा लोकप्रिय है। एक आरामदायक अवकाश के लिए आप यहां की सैर का प्लान बना सकते हैं।

अपने प्राकृतिक खजानों में दिरांग सेब के बागानों, औषधीय पौधों और गर्म पानी के कुंड के लिए भी प्रसिद्ध है। इसके अलावा आप यहां ट्रेकिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों का भी अनुभव ले सकते हैं।

बोमडिला मठ

बोमडिला मठ

PC-Chaduvari

बोमडिला अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ धार्मिक स्थानों के लिए भी जाना जाता है। आप यहां प्रसिद्ध बोमडिला मठ की सैर का आनंद ले सकते हैं। एकांत स्थल और शांति के खोजियों के लिए यह एक आदर्श स्थान है। वर्ष 1965 में बना यह मठ बौद्ध धर्म के आध्यात्मिक गुणों का प्रतिनिधित्व करता है।

यह मठ पश्चिम कामेंग जिले के टीपी आर्किड रिसर्च सेंटर के नजदीक स्थित है। महायान बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए यह एक तीर्थस्थान है। यह विशाल मठ तिब्बत के टोंसा गोंटे मठ की तरह दिखता है। यह मठ भारी संख्या में सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करता है।

बोमडिला व्यू प्वाइंट

बोमडिला व्यू प्वाइंट

PC- TassoRija

बोमडिला की पहाड़ी खूबसूरती को नजदीकी से देखने के लिए आप बोमडिला व्यू प्वाइंट आ सकते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान काफी ज्यादा मायने रखता है क्योंकि यहां से बोमडिला के अद्भुत दृश्यों का दीदार किया जा सकता है।

बोमडिला व्यू प्वाइंट उच्चतम बिंदु नेचिपू पास सहित आसपास के परिदृश्य के लुभावने चित्रों को प्रदर्शित करता है। यहां से पश्चिम कामेंग घाटी को देखना अपने आप में ही काफी रोमांचक एहसास है। बोमडिला भ्रमण के दौरान इस स्थल को अपनी यात्रा डायरी में जरूर शामिल करें।

आरआर हिल्स

आरआर हिल्स

PC- Vikramjit Kakati

बोमडिला का सर्वोच्च बिंदु आरआर हिल भी यहां के महत्वपूर्ण पर्यटन आकर्षणों में गिना जाता है। यहां की पहाड़ियों से आप उन सड़कों को देख सकते हैं जो भूटान सीमा के साथ-साथ तवांग तक जाती हैं। यह स्थान हिमालय की बर्फीली पहाड़ियों के अद्भुत दृश्य पेश करता है।

प्रकृति प्रेमी से लेकर एडवेंचर के शौकीन इस स्थान पर आ सकते हैं। इसके अलावा फोटोग्राफी लवर्स अपने शौक को पूरा कर सकते हैं। बोमडिला भ्रमण के दौरान आप आरआर हिल्स की सैर करना न भूलें।

ईगलनेस्ट वन्यजीव अभयारण्य

ईगलनेस्ट वन्यजीव अभयारण्य

PC- Bhanusi

सेसा ऑर्किड अभयारण्य के नजदीक बसा ईग्लेनेस्ट वन्यजीव अभयारण्य लगभग 217 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला एक खूबसूरत पर्यटन गंतव्य है। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां पहाड़ी खूबसूरती देखने लायक है। यहां आप कम ऊंचाई वाले झरने और कामेंग नदी के अद्भुत दृश्यों को देख सकते हैं। यह वन्य क्षेत्र विभिन्न वनस्पतियों के साथ बड़ी संख्या में जीव-जन्तुओं को सुरक्षित आश्रय देने का काम करता है।

जंगली जीवों में आप यहां बंगाल टाइगर, लंगूर, एशियाई हाथी, काला भालू, लाल पांडा और अन्य को देख सकते हैं। इसके अलावा आप यहां ईगल, हॉर्नबिल, किंगफिशर, बतख और फीसेंट जैसे विभिन्न पक्षियों को देखने का मौका भी प्राप्त कर सकते हैं। यहां लगभग 165 से अधिक प्रकार की तितलियां पाई जाती हैं।

तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X