हर किसी का सपना जीवन में कम से कम एक बार किसी विदेशी ट्रिप पर जाने का होता है। थाईलैंड हर उस भारतीय की बकेट लिस्ट में जरूर होता है जिसे घूमना-फिरना काफी पसंद है। थाईलैंड कई वजहों से भारतीय पर्यटकों की पसंदीदा जगह भी है। पहला तो यह कि भारत से थाईलैंड पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगता है।

दूसरा अगर थोड़ी चालाकी से प्लान किया जाए तो थाईलैंड की ट्रिप एक बजट ट्रिप भी साबित हो सकती है। भारत से लगभग 2920 किमी दूर थाईलैंड अपनी संस्कृति, नाइटलाइफ और समुद्रतटों की वजह से काफी फेमस है। अगर आप भी थाईलैंड ट्रिप के बारे में सोच रहे हैं तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकती है। यहां हम थाईलैंड ट्रिप पर होने के खर्चों के बारे में बताने की कोशिश कर रहे हैं।
थाईलैंड की फ्लाइट का खर्च
किसी भी आम जगह की तरह ही भारत से थाईलैंड की फ्लाइट टिकट का किराया भी बुकिंग के समय और किस शहर के लिए बुक कर रहे हैं, उस पर निर्भर करता है। आम तौर पर भारत से थाईलैंड के किसी भी शहर के लिए राउंड ट्रिप (आने और जाने) फ्लाइट की टिकट का किराया ₹10,000 से लेकर ₹30,000 प्रति व्यक्ति के बीच हो सकता है। अगर आप कुछ समय बाद थाईलैंड घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो ऑफ सीजन में टिकट बुक करने या यात्रा से काफी पहले टिकट बुक करने से टिकट की कीमतों में और भी छुट मिल सकती है।

थाईलैंड जाने के लिए जुलाई का महीना साल के दूसरे महीनों की तुलना में काफी सस्ता बताया जाता है। वहीं हैदराबाद, दिल्ली या मुंबई की तुलना में कोलकाता से थाईलैंड की फ्लाइट काफी सस्ती मिलती हैं।
वीजा की है जरूरत?

लोगों में यह गलतफहमी है कि भारतीय नागरिकों को थाईलैंड में वीजा की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। पर ऐसा बिल्कुल नहीं है। अगर आप थाईलैंड के कुछ निर्धारित एयरपोर्ट्स पर उतरते हैं, तभी आप बिना वीजा के थाईलैंड में प्रवेश कर सकते हैं। बिना वीजा के थाईलैंड में एंट्री करने के लिए आपका ट्रिप 15 दिनों का होना चाहिए। अगर आप किसी ऐसे एयरपोर्ट पर उतर रहे हैं जहां आपको वीजा की जरूरत है तो थाईलैंड का वीजा के लिए करीब ₹2,500 प्रति व्यक्ति खर्च हो सकते हैं। वीजा की जरूरत नहीं होने पर भी आपके पास भारतीय पासपोर्ट का होना अनिवार्य है।
थाईलैंड में होटल का खर्च

थाईलैंड में आपको होटल की कई श्रेणियां मिलेंगी जिनके लिए खर्च भी अलग-अलग होंगे। यहां आपको लग्जरी होटल से लेकर बजट होटल भी मिल जाएंगे। किसी सामान्य होटल में रुकने पर पर्यटकों का खर्च सामान्यतः खर्च ₹1,200 से ₹2,500 के बीच हो सकता है। इसके अलावा अगर आप थाईलैंड में किसी गेस्टहाउस में रुकते हैं तो आपका खर्च थोड़ा और कम हो सकता है।
परिवहन का खर्च
किसी भी दूसरे देश की तुलना में थाईलैंड में ट्रांसपोर्टेशन काफी कम खर्चीला होता है। अगर आप लोकल टुक-टुक, टैक्सी या बस से घूमने का प्लान बनाते हैं तो यह खर्च आपके बजट में ही हो सकता है। शहर के अंदर या आसपास के इलाकों में 10-15 किमी तक टैक्सी से घूमने का किराया ₹200-500 के बीच ही होगा। हां, अगर आप लंबी दूरी तय करते हैं तो ट्रेन या डोमेस्टिक फ्लाईट से जा सकते हैं।

फुकेत जाने के लिए समुद्र मार्ग का चुनाव करें। यह आपके बजट में फिट होगा। थाईलैंड में कई तरह की एक्टिविटिज होती हैं। किसी भी नेशनल पार्क या मंदिर में प्रवेश करने के लिए एंट्री फीस ₹100-500 प्रति व्यक्ति होता है। अगर आप दूसरे एक्टिविटिज करते हैं या गाईड के साथ कहीं घूमने जाते हैं, तो आपको उसी अनुसार खर्च करना पड़ सकता है।
खाना-पीना और शॉपिंग
थाईलैंड अपने लोकल फुड और स्वादिष्ट व्यंजनों की वजह से काफी लोकप्रिय है। हर आम जगह की तरह ही थाईलैंड में भी खाने का खर्च आपकी पसंद पर निर्भर करता है। औसतन थाईलैंड में प्रतिदिन खाने-पीने का खर्च ₹500 से लेकर ₹1000 के बीच हो सकता है। अगर आप लोकल स्ट्रीट फुड स्टॉल से खाते हैं, तो यह आपके लिए दोहरा फायदेमंद होगा।

पहला, आपको ऑथेंटिक थाई फुड चखने का मौका मिलेगा और दूसरा फैंसी रेस्तरां के मुकाबले यह कहीं ज्यादा सस्ता भी होगा। शॉपिंग के शौकिनों के लिए थाईलैंड किसी जन्नत से कम नहीं है। शॉपिंग कहीं भी आपके बजट पर ही निर्भर करता है लेकिन थाईलैंड में औसतन ₹2000 से ₹5000 के बीच आपकी अच्छी-खासी शॉपिंग हो सकती है।
थाई मसाज
थाईलैंड आए और थाई मसाज का आनंद उठाए बिना वापस लौट गये, ऐसा कैसे हो सकता है। थाईलैंड में मसाज का खर्च आपकी पसंद पर ही निर्भर करता है। यहां आपको लोकल से लेकर लग्जरी मसाज और स्पा सेंटर तक मिल जाएंगे। आमतौर पर पर्यटक लोकल मसाज पार्लर या सेंटर में थाई मसाज लेना पसंद करते हैं, जिसका खर्च 300 से 500 थाई बात (भारतीय मुद्रा में ₹1100) तक होता है।

अगर आप किसी लग्जरी रिसॉर्ट में मसाज लेते हैं तो 1 घंटे के लिए आपको 600 से 1000 थाई बात तक चुकाने पड़ सकते हैं। किसी भी मसाज सेंटर में मसाज का आनंद उठाने से पहले वहां के चार्जेस के बारे में जरूर पता कर लें।
थाईलैंड की ट्रिप पर क्या ना करें
- थाईलैंड में सड़क या गलियों में घूमते हुए गलत या रोमांटिक इशारे ना करें। इस गलती पर आपको भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है।
- थाईलैंड की नाइटलाइफ काफी ज्यादा फेमस है लेकिन रात के समय होटल से बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरते। किसी भी प्रकार के झमेले में ना फंसे।
- थाईलैंड में काफी अधिक संख्या में बौद्ध धर्म को मानने वाले लोग होते हैं। इसलिए भगवान बुद्ध के प्रति अपना आदर भाव बनाकर रखें। किसी भी बुद्ध प्रतिमा के साथ तस्वीर लेते समय काफी सावधान रहे। प्रतिमा के सामने अपने पैर बिल्कुल मत रखें।
- अगर बहुत ज्यादा जरूरी ना हो तो थाईलैंड की नाइटलाइफ से दूरी बनाकर ही रखें। इससे आप किसी अनचाहे झमेले में नहीं फंसेंगे।



Click it and Unblock the Notifications













