हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के कई एयरपोर्ट्स पर विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने जिन परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई उनमें कुछ एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का उद्घाटन भी शामिल हैं। जिन एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया उनमें मध्य प्रदेश का ग्वालियर और महाराष्ट्र का पुणे एयरपोर्ट प्रमुख है।
प्रधानमंत्री ने सभी एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया।

498 करोड़ की लागत से ग्वालियर में नया एयरपोर्ट टर्मिनल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल को देखकर ही भारत की ऐतिहासिकता के साथ ग्वालियर के जुड़ाव को महसूस किया जा सकता है। ग्वालियर का राजमाता विजयराजे सिंधिया एयरपोर्ट के तीसरे टर्मिनल का निर्माण लगभग 498 करोड़ रुपए की लागत से की गयी है। यह एयरपोर्ट टर्मिनल भारत की ऐतिहासिकता, संस्कृति के साथ ही आधुनिकता के संगम को दर्शाता है।
20,000 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैले ग्वालियर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल की इमारत पीक आवर के दौरान लगभग 1400 यात्रियों की भीड़ को आसानी से संभाल सकती है, जो पुराने एयरपोर्ट टर्मिनल के मुकाबले लगभग तीन गुना ज्यादा है।

ग्वालियर एयरपोर्ट पर लगी राजमाता का मूर्ति
ग्वालियर एयरपोर्ट के नये टर्मिनल पर महारानी विजयराजे सिंधिया, जिन्हें ग्वालियर की राजमाता भी कहा जाता है, की एक भव्य मूर्ति लगायी गयी है। ग्वालियर के स्थानीय निवासियों के लिए यह एक गर्व करने वाला मौका है। वह ग्वालियर के अंतिम शासक महाराजा जीवाजीराव सिंधिया की पत्नी थी।
भारत की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। इस मौके पर सिंधिया परिवार के ही सदस्य और वर्तमान में केंद्रीय एविएशन मंत्रालय के मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत की आजादी के 75 सालों में एक साथ इतने सारे एयरपोर्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास कभी नहीं हुआ था।
475 करोड़ रुपए की लागत से पुणे एयरपोर्ट

10 मार्च को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। इस टर्मिनल का निर्माण वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। नये टर्मिनल को बनने में लगभग 475 करोड़ रुपए की लागत आयी है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार पुणे एयरपोर्ट के नये टर्मिनल की इमारत 51,595 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है।
वर्तमान समय में पुणे एयरपोर्ट से होकर हर साल जहां 7.2 मिलियन यात्री आवाजाही करते हैं, वहीं नये एयरपोर्ट टर्मिनल से होकर हर साल लगभग 12 मिलियन यात्री अपने-अपने गंतव्यों के लिए यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए पुणे के एयरोमॉल से नये एयरपोर्ट टर्मिनल तक के लिए फूट ओवरब्रिज भी तैयार किया जा रहा है।
पुणे एयरपोर्ट का लुक और साज-सज्जा पूरी तरह से आधुनिकता के साथ ऐतिहासिकता के मिश्रण की तरह ही बनायी गयी है। यह एयरपोर्ट निश्चित रूप से पुणेवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने वाला होगा।



Click it and Unblock the Notifications















