
भारत के पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम स्थित नामची एक शांतिपूर्ण और खूबसूरत हिल स्टेशन है, जो यहां आने वाले सैलानियों को घूमने-फिरने की हर सुविधाएं उपलब्ध कराता है। अपनी विशेष भौगोलिक संरचना के आधार पर यह स्थल हर तरह के सैलानियों का स्वागत करता है। नामची एक पर्वतीय स्थल है जो समुद्र तल से लगभग 4314 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। नामची को स्थानीय भाषा (सिक्कमी) में 'स्काई हाई' कहा जाता है।
राजधानी शहर गंगटोक से मात्र 92 किमी दूर स्थित यह पहाड़ी गंतव्य कंचनजंगा का अद्भुत दृश्य पेश करता है। लोक-संस्कृति के मामले में यह स्थल राज्य का एक महत्वपूर्ण केंद्र हैं, जहां आपको नेपाली संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। गर्मियों के दौरान यह एक आदर्श स्थल है जहां का प्लान आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ बना सकते हैं। जानिए इस स्थल से संबंधित जरूरी बातें।

नामची की जलवायु
PC- Carsten.nebel
चूंकि नामची एक पर्वतीय गंतव्य है इसलिए यहां का मौसम ज्यादा गर्म नहीं रहता है। जहां पूरे उत्तर भारत में तापमान सर चढ़ कर बोलता है वहीं नामची अपनी आरामदायक आबोहवा के साथ पर्यटकों का स्वागत करता है। मार्च से जून के दौरान यहां तापमान 22 डिग्री तक ही जाता है। वहीं जुलाई से सितंबर का मानसून का मौसम अपने घने कोहरे के लिए प्रसिद्ध है।
सर्दियों के दौरान यहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है। वसंत और शरद ऋतु के दौरान यहां वन्यजीवन का अनुभव लेने का सही समय माना जाता है। इस दौरान चारों तरफ हरियाली छाई रहती है।

आने का सही समय
PC- Kulungshailesh
नामची सिक्किम का बेहद खास गंतव्य है जहां के भ्रमण का प्लान आप साल के किसी भी महीने में बना सकते हैं। हालांकि ऊंचाई के कारण, मार्च से अक्टूबर के महीनों के दौरान नामची जाने का सबसे अच्छा समय है। इसके अलावा वसंत और शरद ऋतु में भी आप यहां आ सकते हैं। ग्रीष्म ऋतु में भी यहां का तापमान सुखद बना रहता है। आप यहां बिना सोच-विचार कर आ सकते हैं।

मुख्य आकर्षण
PC- yuen yan
बौद्ध संस्कृति के साथ नामची एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। यहां आप बौद्ध धर्म से संबंधित कई महत्वपूर्ण स्थल देख सकते हैं। नामची मठ यहां का सबसे प्रसिद्ध पवित्र स्थान है, जहां आत्मिक और मानसिक शांति के लिए सैलानी दूर-दूर से आते हैं। यह लोकप्रिय मठ रालोंग मठ और टेंडोंग हिल के साथ पहाड़ी पर स्थित है। मठ के अलावा दर्शनीय स्थलों में आप आध्यात्मिक गुरू संत गुरु रिनपोचे की 118 फीट लंबी मूर्ति को देख सकते हैं। यह यह प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थान है, जो सिक्किम के लोगों के लिए मुख्य आस्था का केंद्र माना जाता है। यह विशाल प्रतिमा संदरूपतसे पहाड़ी पर स्थित है। यह एक पवित्र पहाड़ी है जिसे इच्छा पूरी करने वाली पहाड़ी कहा जाता है।
इसके अलावा आप यहां प्रसिद्ध सिद्धेश्वर धाम का यात्रा कर सकते हैं, जहां भगवान शिव की 108 फीट की विशाल प्रमिमा मुख्य आकर्षण का केंद्र है। आप यहां प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकते हैं, यहां के हरे-भरे चाय के बागान सैलानियों का बहुत ही ज्यादा पसंद आते हैं।

कैसे करें प्रवेश
PC- PP Yoonus
नामची एक प्रसिद्ध स्थान है जहां आप आसानी से तीनों मार्गों से पहुंच सकते हैं। यहां की यात्रा करने का सबसे अच्छा तरीका सड़क मार्ग है। यह शहर सिक्किम और पश्चिम बंगाल (गंगटोक, पेलिंग और सिलीगुड़ी अन्य पड़ोसी शहर) अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है।
यहां का नजदीकी हवाईअड्डा नामची से 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा हवाई अड्डा है। आप चाहें तो यहां रेल मार्ग से भी पहुंच सकते हैं, यहां का नजदीकी रेलवे स्टेशन न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन है।

कहां ठहरें
नामची एक ऐसा पर्यटन स्थल है जो हर तरह के सैलानियों का स्वागत करता है। आप यहां कम बजट में आरामदायक समय बीता सकते हैं। यहां पर्यटकों के लिए महंगे से लेकर सस्ते होटल/लॉज उपलब्ध हैं।
इन होटल्स की मदद से आप शहर का अच्छी तरह भ्रमण भी कर सकते हैं। आप यहां लक्जरी रिसॉर्ट में या आरामदायक बजट होटल का चयन कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications













