गोवा जाना हर किसी के बकेट लिस्ट में होता है। आपने भी दोस्तों या फिर अपने परिवार के हमउम्र सदस्यों के साथ गोवा जाने का प्लान तो बनाया होगा। लेकिन ज्यादातर पर्यटक गोवा सीजन में जाने का प्लान ही बनाते हैं। गोवा में घूमने का सीजन अक्टूबर से मार्च के बीच होता है।

जून-जुलाई में यहां बारिश शुरू हो जाती है। लेकिन क्या आपको पता है मानसून के सीजन में गोवा जाने के कई फायदे हैं।
आइए आपको बताते हैं मानसून में गोवा जाने के क्या-क्या फायदे हैं :
सस्ते होटल

अक्टूबर से लेकर फरवरी-मार्च तक गोवा में होटलों के किराए आसमान छुते हैं। यह समय गोवा घूमने के लिए बेस्ट माना जाता है। लेकिन क्या आपको पता है, मानसून के समय गोवा जाने पर आपको होटल में कमरे काफी कम कीमतों पर मिल जाएंगे। इसका फायदा यह होगा कि आप 2 या 3 स्टार के किराए पर 5 स्टार होटल में भी रह सकते हैं।
भीड़भाड़ से मुक्ति

सीजन में गोवा जाने पर यहां के लगभग हर बीच (Beach) पर लोगों का मेला नजर आता है। आप भले ही अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की थकान उतारने के लिए गोवा घूमने गये हो लेकिन लोगों की इतनी ज्यादा भीड़ होने की वजह से घूमकर भी आप थके ही रह जाते हैं। इसलिए अच्छा है कि मानसून के समय गोवा घूमने जाएं। इससे लोगों की काफी कम भीड़ आपको मिलेगी और आप पूरा रिलैक्स कर पाएंगे।
दुधसागर वाटरफॉल का शानदार नजारा

दिसंबर से लेकर मार्च का समय गोवा के लिए तो सीजन होता है लेकिन दुधसागर वाटरफॉल इस समय धीरे-धीरे अपनी खूबसूरती खोने लगता है। इस समय यह किसी आम झरने की तरह ही दिखता है। इसलिए अगर आप खासतौर पर दुधसागर वाटरफॉल को देखने के लिए गोवा जाना चाहते हैं तो मानसून के सीजन में जरूर जाएं। मानसून में यह वाटरफॉल अपने पूरे शबाब पर होता है और इसकी खूबसूरती ऐसी होती है कि इससे नजर नहीं हट पाती है।
लजीज सी-फुड

गोवा जाने वाले ज्यादातर लोग नॉन-वेज जरूर खाते हैं। यहां कोंकण स्टाइल से पकी मछलियां, फिश फ्राई, चिकन आदि का स्वाद पर्यटक जरूर लेते हैं। मानसून के समय मछलियों का स्वाद बढ़ जाता है। इस सीजन में इतनी ताजी मछलियां मिलती हैं कि लोग बस अपनी ऊंगलियां चाटते रह जाते हैं। इस समय मसालों के बागानों में भी हरियाली छायी रहती है। अगर आपको प्रकृति से प्यार है तो मानसून में मसालों और काजू के बागानों में जरूर घूमने जाएं।
स्कूटर का किराया कम
गोवा घूमने का प्लान बनाने वाले हर पर्यटक को मालूम होता है कि यहां घूमने के लिए स्कूटी और बाईक किराए पर आसानी से उपलब्ध होते हैं। सीजन के समय स्कूटी का एक दिन का किराया कम से कम 399 रुपये और बाईक का किराया 599 रुपये से शुरू होता है। लेकिन मानसून के समय पर्यटकों की संख्या कम होने की वजह से स्कूटी 200 रुपये प्रतिदिन या उससे भी कम किराए पर मिल सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications













