साल 2019 में वाराणसी-दिल्ली के बीच शुरू हुआ सेमी हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर अब काफी आगे बढ़ चुका है। साल-दर-साल विभिन्न रूट्स पर देश के अलग-अलग कोनों को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को शुरू किया जा रहा है। साल 2024 में भी कई नए रूट्स पर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गयी। यात्रियों को आरामदायक सफर देने के साथ-साथ कम समय में निर्धारित गंतव्यों तक पहुंचाने का काम देश की पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस बखूबी कर रही है।
दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है और इसके साथ ही साल 2024 को विदा करने का भी समय नजदीक आ रहा है। क्यों न एक बार पीछे मुड़कर उन सभी रूट्स की लिस्ट एक बार देख लें, जिन पर साल 2024 में वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई।

1. कालाबुरागी-एसएमवीटी बेंगलुरु
12 मार्च 2024 को इस ट्रेन की शुरुआत हुई थी। कालाबुरागी से बेंगलुरु के बीच की दूरी को तय करने में यह ट्रेन 8 घंटा 45 मिनट का समय लेती है।
2. न्यू जलपाईगुड़ी-पटना
13 मार्च 2024 को कई रूट्स पर वंदे भारत एक्सप्रेस की एकसाथ शुरुआत की गयी थी, जिसमें न्यू जलपाईगुड़ी से पटना भी शामिल है। उत्तर बंगाल और बिहार को जोड़ने वाली यह ट्रेन इन दोनों शहरों के बीच का रास्ता तय करने में 6 घंटा 55 मिनट का समय लेती है।
3. लखनऊ-देहरादून
इस ट्रेन की शुरुआत भी 13 मार्च को ही हुई थी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाली लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस को अपना सफर पूरा करने में 8 घंटा 20 मिनट का समय लगता है।
4. अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल
मुंबई और अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन का सफर शुरू होने से पहले इस रूट पर सेमी हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर 12 मार्च 2024 से शुरू हो चुका है। इन दोनों शहरों के बीच की दूरी को तय करने में वंदे भारत एक्सप्रेस को 5 घंटा 25 मिनट का समय लगता है।
5. मैसूर-चेन्नई सेंट्रल
12 मार्च को ही शुरू हुई मैसूर से चेन्नई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दक्षिण भारत के दो प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ती है। इस ट्रेन को अपना सफर पूरा करने में करीब 6 घंटा 25 मिनट का समय लगता है।
6. हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो
दिल्ली से मध्य प्रदेश के खजुराहो में घूमने जाने वालों की बल्ले-बल्ले। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से खजुराहो के बीच चलने वाली यह ट्रेन अपना सफर 8 घंटा 20 मिनट में पूरा करती है।
7. सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम
यह ट्रेन भी उस लिस्ट में ही शामिल है, जिनकी शुरुआत 12 मार्च को हुई थी। मात्र 8 घंटा 20 मिनट में सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम के बीच यह ट्रेन सेमी हाई स्पीड से दौड़कर अपना सफर पूरा करती है।
8. रांची-वाराणसी
झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच रेल नेटवर्क को मजबूती देने वाला रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 12 मार्च को ही हुई थी। यह ट्रेन 7 घंटा 50 मिनट में अपना रास्ता पूरा तय करती है।
9. भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम
12 मार्च को शुरू हुई यह ट्रेन ओडिशा को दक्षिण भारत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। 5 घंटा 45 मिनट में यह ट्रेन भुवनेश्वर से विशाखापत्तनम के बीच का सफर 130 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तय कर लेती है।
10. पटना-लखनऊ (गोमती नगर)
बिहार और उत्तर प्रदेश के यातायात संपर्कों को मजबूती देते हुए इस ट्रेन की शुरुआत 12 मार्च को हुई थी। पटना से लखनऊ के बीच की दूरी को तय करने में इस ट्रेन को 8 घंटा 25 मिनट का समय लगता है।
11. चेन्नई एग्मोर-नगरकोईल
31 अगस्त 2024 को दक्षिण रेलवे ज़ोन में इस ट्रेन की शुरुआत हुई। यह ट्रेन 8 घंटा 50 मिनट में अपना सफर पूरा करती है।
12. मदुरै-बेंगलुरु कैंट
31 अगस्त को जिन वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई, उनमें यह दूसरी है। 74 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ते हुए इन दोनों शहरों के बीच की दूरी को तय करने में इस ट्रेन को 7 घंटा 45 मिनट का समय लगता है।
13. मेरठ-लखनऊ (चारबाग)
इस वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 31 अगस्त 2024 को हुई थी। मेरठ से लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली यह ट्रेन उत्तर प्रदेश की प्रमुख ट्रेनों में से एक है। यह ट्रेन इन दोनों शहरों के बीच की दूरी को महज 7 घंटा 10 मिनट में पूरी करती है।
14. उदयपुर-आगरा कैंट
2 सितंबर 2024 को राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच इस ट्रेन की शुरुआत हुई थी। इन दोनों शहरों के बीच का रास्ता पूरा करने में इस ट्रेन को 8 घंटा 45 मिनट का समय लगता है।
15. टाटानगर-पटना
15 सितंबर 2024 को झारखंड और बिहार के इन दोनों शहरों के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ने दौड़ना शुरू किया था। 7 घंटा 15 मिनट में टाटानगर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस अपना पूरा रास्ता तय कर लेती है।
16. टाटानगर-ब्रह्मपुर
15 सितंबर को टाटानगर से शुरू हुई दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ब्रह्मपुर के लिए थी। 9 घंटा 5 मिनट में यह ट्रेन 65 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से यह ट्रेन अपना पूरा सफर तय कर लेती है।
17. हावड़ा-राउरकेला
15 सितंबर को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बीच इस ट्रेन का सफर शुरू हुआ था। 5 घंटा 50 मिनट में यह ट्रेन इन दोनों शहरों के बीच का रास्ता तय कर लेती है।
18. हावड़ा-गया
15 सितंबर 2024 को हावड़ा से शुरू होने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस है। यह ट्रेन 5 घंटा 40 मिनट में यात्रियों को हावड़ा से गया पहुंचाती है।
19. हावड़ा-भागलपुर
15 सितंबर को हावड़ा से शुरू होने वाली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा-भागलपुर के बीच चलती है। 6 घंटा 20 मिनट में यह ट्रेन अपना पूरा सफर तय कर लेती है।
20. वाराणसी-देवघर
महादेव से जुड़े दो शहरों के बीच को रेल मार्ग से जोड़ने वाली इस ट्रेन की शुरुआत 15 सितंबर 2024 को हुई थी। वाराणसी से देवघर के बीच की दूरी को तय करने में इस ट्रेन को 7 घंटा 20 मिनट का समय लगता है।
21. हुबली-पुणे
16 सितंबर को हुबली से पुणे के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी। 8 घंटा 30 मिनट में यह ट्रेन इन दोनों शहरों के बीच का रास्ता तय करती है।
22. कोल्हापुर-पुणे
पुणे से 16 सितंबर को शुरू होने वाली दूसरी ट्रेन कोल्हापुर-पुणे थी। 5 घंटा 15 मिनट में यह ट्रेन महाराष्ट्र के इन दोनों प्रमुख शहरों को रेल मार्ग से जोड़ती है।
23. आगरा कैंट-वाराणसी
पर्यटन के लिहाज से उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 16 सितंबर 2024 को हुई थी। यह ट्रेन मात्र 7 घंटे में आगरा कैंट से यात्रियों को वाराणसी पहुंचा देती है।
24. नागपुर-सिकंदराबाद
16 सितंबर को इस रूट पर भी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी। नागपुर से सिकंदराबाद के बीच का रास्ता तय करने में इस ट्रेन को 7 घंटा 15 मिनट का समय लगता है।
25. दुर्ग-विशाखापत्तनम
8 घंटे में वंदे भारत एक्सप्रेस दुर्ग और विशाखापत्तनम के बीच का रास्ता तय कर लेती है। इस ट्रेन की शुरुआत 16 सितंबर 2024 को हुई थी।



Click it and Unblock the Notifications













