21 अक्टूबर को हुई 'गगनयान' की क्रू एस्केप सिस्टम की पहली टेस्टिंग से संबंधित खबरें तो आपने खूब पढ़ी होंगी।
जी हां, वहीं टेस्टिंग मिशन जो सुबह 8 बजे लॉन्च होने वाला था, लेकिन लॉन्चिंग से 5 सेकंड पहले उसे टाल दिया गया। बाद में 10 बजे उसे रिशिड्यूल कर सफल लॉन्च किया गया।
टेस्टिंग मिशन में 17 किमी ऊपर जाने के बाद क्रू मॉड्यूल को स्पेस सेंटर से 10 किमी दूर समुद्र में उतारा गया।
यह मॉड्यूल, मिशन गगनयान में कोई गड़बड़ी होने पर एस्ट्रोनॉट को सुरक्षित पृथ्वी पर लेकर आएगा। लेकिन मिशन गगनयान आखिर है क्या?
मिशन गगनयान भारत का पहला मानव अंतरिक्ष अभियान होगा, जिसे साल 2024 को लॉन्च किया जा सकता है।
इस मिशन में ISRO 3 सदस्यीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के दल को 3 दिवसीय मिशन पर अंतरिक्ष में भेजेगा।
पृथ्वी से करीब 400 किमी ऊपर की कक्षा में भेजने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों के दल को समुद्र में लैंड करवाकर सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाने की योजना है।
इस मिशन के कामयाब होने के बाद भारत भी अमेरिका, रूस और चीन के साथ मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन शुरू करने वाला चौथा देश बन जाएगा।
TV-D1 की सफल टेस्टिंग के बाद TV-D2, D3 और D4 को भेजा जाएगा।