कैब का किराया कई बार आपके बजट से कहीं ज्यादा दिखाता है। खासतौर पर अगर एयरपोर्ट से कैब बुक की जाए तो कई बार किराया सामान्य से कई गुना ज्यादा दिखाता है। लेकिन कोई चारा नहीं होने की वजह से कई बार यात्रियों को यह जानते हुए भी कि 'किराया ज्यादा है' कैब बुक करनी पड़ जाती है। लेकिन अब बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पर ऐसा नहीं होने वाला है।
मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु एयरपोर्ट पर जल्द ही रैपिडो (Rapido) की नयी टैक्सी सेवा को लॉन्च किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रैपिडो की शेयर टैक्सी सेवा को लॉन्च किया जाएगा। इसे सवारियों के लिए बजट-फ्रेंडली विकल्प के तौर पर लॉन्च करने की तैयारियां की जा रही हैं। हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित टेक समिट 2024 के दौरान बात करते हुए रैपिडो के सह-संस्थापक अरविंद संका ने इस बारे में विस्तार से बताया। मीडिया रिपोर्ट में अरविंद संका के हवाले से बताया गया कि अगले साल के शुरुआती दिनों में इसे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लॉन्च करने की योजना है।
बता दें, फिलहाल रैपिडो बेंगलुरु में ऑटो-पुलिंग सेवाओं का संचालन करता है। बेंगलुरु जैसे किसी भी व्यस्त एयरपोर्ट पर कैब बुक करना टेढ़ी खीर होता है। घंटों के इंतजार और कई कैब के कैंसिल होने के बाद आखिरकार यात्रियों को कोई कैब मिलती है लेकिन वह भी अधिक किराए पर। अरविंद संका का कहना है कि रैपिडो बेंगलुरु एयरपोर्ट पर यात्रियों की इसी समस्या का समाधान बनकर उभरेगी।
यह यात्रियों को हजारों रुपए बस एक निजी ट्रिप पर खर्च करने से भी बचा देगी। उन्होंने बताया कि एक रैपिडो कैब को दो या उससे अधिक यात्रियों, जिनका गंतव्य एक ही दिशा में है, उनकी बुकिंग आसानी से स्वीकार कर सकता है। इस तरह से न सिर्फ आवाजाही करना आसान बन जाएगा बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को भी यातायात के साधन प्राप्त करने में परेशानी नहीं होगी।
अरविंद का कहना है कि बिना संरचनात्मक विकास या निर्माण के अगर यातायात के आसान साधन पाने हैं, तो यह सबसे अच्छा तरीका है। उनका मानना है कि इन दिनों अपनी राइड को शेयर करना भी बचत का एक तरीका बन गया है और यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय भी बनता जा रहा है।

कितना होगा किराया?
वर्तमान में बेंगलुरु केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से किसी भी गंतव्य के लिए कैब की बुकिंग करने पर किराया कम से कम ₹900 से ₹1400 के बीच ही होता है और यह राइड शेयर नहीं होती है। Hindustan Times की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार रैपिडो अब क्विक राइड के जरिए एयरपोर्ट से निकटवर्ती गंतव्यों के लिए कैब की शेयर राइड को मात्र ₹350 के किराए पर शुरू करने की योजना बना रहा है। हालांकि इसे कब तक लॉन्च किया जा सकता है, इस बारे में कोई जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है।
अरविंद संका के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रैपिडो किराए का एक संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है, जिसमें यात्रियों के साथ ही ड्राइवर्स की सुविधा का भी अच्छी तरह से ध्यान रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे वीडियो और पोस्ट वायरल होते रहते हैं जिसमें एयरपोर्ट से कैब बुक करते समय (खासतौर पर महिलाओं को) अतिरिक्त सावधान रहने की हिदायत दी जाती है क्योंकि स्कैम का सबसे बड़ा खतरा रहता है। कई बार कैब ड्राइवरों पर किराए के साथ ही अतिरिक्त रुपए मांगने का भी आरोप लगाया जाता है।
पिछले दिनों X हैंडल पर शिवम सौरव झा ने एक पोस्ट कर बताया कि एयरपोर्ट जाते समय (विशेष रूप से जब महिलाएं और लड़कियां साथ हो) ड्राइवर कैब को बीच रास्ते में रोककर यह कहते हैं कि पेट्रोल खत्म हो गया है। इसलिए पेट्रोल पंप पर शुल्क ₹1100 दिखा रहा है लेकिन आपको सिर्फ ₹1000 ही देना होगा।
लेकिन अब एयरपोर्ट पर यात्रा की थकान के साथ घंटों का इंतजार और बजट से ज्यादा किराया देकर अपने घर व गंतव्यों तक जाने की मजबूरी के खत्म होने के दिन अब आने ही वाले हैं। साथ ही शेयर राइड होने पर किसी भी तरह के स्कैम में फंसने का खतरा भी काफी हद तक कम होने की भी उम्मीद भी जतायी जा रही है। अब इंतजार है तो बेंगलुरु में आधिकारिक रूप से रैपिडो की बजट-फ्रेंडली शेयर टैक्सी के लॉन्च होने का।



Click it and Unblock the Notifications














