Search
  • Follow NativePlanet
Share
» »ओडिशा तट से टकराया चक्रवाती तूफान 'दाना', दिल्ली में बढ़ी ठंड तो कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

ओडिशा तट से टकराया चक्रवाती तूफान 'दाना', दिल्ली में बढ़ी ठंड तो कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

गुरुवार की रात को करीब 12 बजे के बाद चक्रवाती तूफान 'दाना' ओडिशा के तटवर्तीय शहर भीतरकणिका और धामरा के बीच समुद्रतट से टकराया। जिस वक्त यह तूफान समुद्रतट से टकराया, तब हवा की रफ्तार करीब 120 किमी प्रतिघंटा की दर्ज की गयी थी। लगभग पूरी रात ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटवर्तीय शहरों में तांडव मचाया।

मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के आसपास लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी हुई यानी बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवाती तूफान ने पूरी तरह से स्थल भाग में प्रवेश कर लिया। लेकिन अभी भी इसका तांडव जारी रहेगा।

cyclone dana effect

बताया जाता है कि स्थल भाग में प्रवेश करने के बाद चक्रवाती तूफान 'दाना' लगभग 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से उत्तर और उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि इस दौरान भी हवा की रफ्तार 120 किमी प्रतिघंटा ही दर्ज की गयी थी। बताया जाता है कि धीरे-धीरे यह चक्रवाती तूफान अपनी शक्ति खोएगा और निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो जाएगा।

अब यह चक्रवाती तूफान छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है, जिस कारण बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। चक्रवाती तूफान 'दाना' की वजह से दिल्ली के मौसम में भी परिवर्तन दर्ज किया गया है।

दिल्ली में बढ़ी ठंड

मिली जानकारी के अनुसार चक्रवाती तूफान 'दाना' के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में थोड़ा सुधार दर्ज किया गया। हालांकि अभी भी दिल्ली में वायु की गुणवत्ता बेहद खराब ही आंकी गयी है लेकिन कल (गुरुवार) के मुकाबले आज दिल्ली की हवा थोड़ी साफ हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI 283 दर्ज किया गया था। सबसे खराब हाल आनंद विहार इलाके की है।

शुक्रवार की सुबह दिल्ली का मौसम हल्का सर्द बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि तूफान का असर दिल्ली के मौसम पर भी पड़ेगा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों की हवा अभी भी जहरीली बनी हुई है जिसमें सांस लेना एक बार में 20 सिगरेट पीने जैसा असर आपके स्वास्थ्य पर डाल सकता है।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जहरीली हवा

इलाका AQI
आनंद विहार 409
आईटीआई शाहदरा 302
वजीरपुर 302
आईटीआई जहांगीरपुरी 323
पंजाबी बाग 304
रोहिणी 313
मुंडका 318
बवाना 310
अलीपुर 308
cyclone dana

कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश

आधी रात को चक्रवाती तूफान दाना ओडिशा के समुद्रतट से टकराया। लेकिन इसका व्यापक प्रभाव पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल पर पड़ा। कोलकाता में शुक्रवार की सुबह से ही भारी बारिश शुरू हो गयी है। इसके साथ ही लगातार तेज हवाएं भी बह रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और शुक्रवार को पूरे दिन कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह से दक्षिण बंगाल के डायमंड हार्बर में 67 मिली, दीघा में 37 मिली, हल्दिया में 63 मिली बारिश हुई है। चक्रवाती तूफान के कारण सावधानी बरतते हुए पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 500 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था और कोलकाता व भुवनेश्वर एयरपोर्ट को भी बंद कर दिया गया। हालांकि शुक्रवार की सुबह से दोनों एयरपोर्ट को खोल दिया गया है और सामान्य यात्री सेवाएं फिर से शुरू हो गयी हैं।

kolkata digha heavy rain

बिहार में होगी बारिश

चक्रवाती तूफान दाना का प्रभाव बिहार पर भी देखने को मिल रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुनील नारायण थुल ने बताया कि शुक्रवार को राजधानी पटना समेत 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल पटना में मौसम सुहाना बना हुआ है और आसमान में बादल भी छाए हुए हैं।

शुक्रवार को बिहार के जिन जिलों में चक्रवाती तूफान दाना का प्रभाव सबसे ज्यादा होने की संभावना है, वह हैं - सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया। इसके साथ ही पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और लखीसराय के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जतायी गयी है।

झारखंड में बारिश का अलर्ट

चक्रवाती तूफान दाना के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में आज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। झारखंड सरकार ने सावधानी बरतते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। रांची मौसम विभाग के अधिकारी अभिषेक आनंद ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि राजधानी रांची, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, लातेहार, चतरा, देवघर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा और खूंटी में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही इन इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है।

cyclone dana bay of bengal

मध्य प्रदेश में होगी भारी बारिश

चक्रवाती तूफान दाना का असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ने लगा है। चक्रवाती तूफान के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, शहडोल आदि जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं चक्रवाती तूफान के कारण मध्य प्रदेश के लगभग 20 शहरों का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिला है। राजधानी भोपाल में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है और सूरज ढलने के बाद ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

More News

    Read more about: cyclone delhi patna
    Notifications
    Settings
    Clear Notifications
    Notifications
    Use the toggle to switch on notifications
    • Block for 8 hours
    • Block for 12 hours
    • Block for 24 hours
    • Don't block
    Gender
    Select your Gender
    • Male
    • Female
    • Others
    Age
    Select your Age Range
    • Under 18
    • 18 to 25
    • 26 to 35
    • 36 to 45
    • 45 to 55
    • 55+