हैदराबाद मेट्रो में यात्रियों की संख्या को बढ़ाने और यात्रियों को मेट्रो से जोड़ने के लिए हैदराबाद मेट्रो ने एक बड़ा ही अनोखा तरीका ढूंढ निकाला है। नए साल के पहले त्योहार, मकर संक्रांति के मौके पर हैदराबाद मेट्रो ने यात्रियों के लिए शुरू किया है 'Me Time On My Metro' अभियान। यह अभियान हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (HMRL) और L&T मेट्रो रेल हैदराबाद लिमिटेड (L&THRML) ने साथ मिलकर शुरू किया है।
पर आखिर यह अभियान है क्या? क्या होगा इस अभियान के तहत? कब तक चलेगा हैदराबाद मेट्रो का 'Me Time On My Metro' अभियान? कौन-कौन ले सकेंगे इसमें हिस्सा?
खासतौर पर मकर संक्रांति के समय हैदराबाद मेट्रो द्वारा शुरू किया गया 'Me Time On My Metro', कोई अभियान न होकर एक शानदार कार्यक्रम है। इसमें यात्रियों को अपने अंदर छिपी कला व प्रतिभाओं को लोगों के सामने लाने का मौका मिलेगा। अगर आपको डांस करना, गाना, पेंटिंग करना या किसी भी तरह की कलाकारी आती है तो हैदराबाद मेट्रो का 'Me Time On My Metro' अभियान आपको मंच प्रदान करने वाला है।
इस बारे में मीडिया से बात करते हुए HMRL के मैनेजिंग डायरेक्टर एनवीएस रेड्डी ने कहा कि इस पहल की शुरुआत मेट्रो रेल को सफर करने का साधन बनाने के उद्देश्य से किया गया है न कि सिर्फ यातायात का साधन। उनका कहना है कि हम चाहते हैं यात्री सफर के दौरान अपने समय का इस्तेमाल किसी सार्थक काम के लिए करें। फिर चाहे वह अपनी हॉबी को पूरा करना हो या किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेना हो या फिर आने-जाने में लगने वाला वह समय सिर्फ अपने लिए बचा कर रखना हो।
Times of India की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार यानी 9 जनवरी 2025 को हैदराबाद मेट्रो का संक्रांति फेस्ट (Sankranti Fest) MGBS समेत कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर शुरू किया गया है। यह फेस्ट 3 दिनों तक चलेगा। यात्रियों के डांस और म्यूजिक परफॉर्मेंस की वजह से इस समय मेट्रो स्टेशन किसी सेलिब्रेशन हब में बदल चुके हैं।
एनवीएस रेड्डी का कहना है कि यह समारोह न सिर्फ यात्रियों का मनोरंजन करेगा बल्कि तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति को भी लोगों के सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बताया जाता है कि 'Me Time On My Metro' अभियान में हर वह आम यात्री हिस्सा ले सकता है, जो भी इस अभियान में हिस्सा लेना चाहता है।



Click it and Unblock the Notifications















