वीकेंड पर शॉपिंग मॉल, बैंडस्टैंड और वर्ली में घूमकर बोर हो गये हैं और घूमने जाने की नयी जगह ढूंढ रहे हैं? तो इस वीकेंड दहानू जाने का प्लान बना लें। 23 से 25 फरवरी तक महाराष्ट्र के समुद्रतटिय शहर दहानू में दहानू फेस्टिवल का आयोजन होने वाला है।
3 दिनों तक चलने वाला यह फेस्टिवल सिर्फ कोई आम सा बीच फेस्टिवल नहीं है। इस साल दहानू फेस्टिवल का दूसरा संस्करण आयोजित होगा। इससे पहले साल 2022 में दहानू फेस्टिवल का पहला संस्करण आयोजित हुआ था।

अगर आपको वाटर स्पोर्ट्स का शौक है या बीच एक्टिविटी आपको पसंद है तो दहानू फेस्टिवल को मिस मत करें। इस साल दहानू फेस्टिवल में करीब 20 से अधिक एक्टिविटीज होंगी, जिनमें बीच पर घुड़दौड़, स्टार गेजिंग, चिकू के बागिचे में सफारी, मछुआरों के गांव को एक्सप्लोर करना और भी कई रोमांचक अनुभव शामिल होंगे। इसके साथ-साथ दहानू फेस्टिवल में हेलिकॉप्टर शो, एयरो स्पोर्ट्स जैसे कई तरह के दूसरे के रोमांचक गेम्स भी होंगे, जो आपके वीकेंड को निश्चित रूप से एक रोमांचक वीकेंड बना देंगे।

कलात्मक चीजें तैयार करने के शौकिन जैसे पॉटरी, पेंटिंग, वर्ली पेंटिंग आदि के लिए इस फेस्टिवल में वर्कशॉप्स तो आयोजित होंगे ही साथ में एग्जिबिशन भी होगा जहां से आप अपनी पसंद की कलात्मक चीजों को खरीद सकते हैं। सैंड आर्ट डिस्प्ले इस फेस्टिवल का एक ऐसा हिस्सा होने वाला जिसे देखकर आप निश्चित रूप से अपने दांतों तले ऊंगलियां दबा लेंगे।

कोई भी फेस्टिवल म्यूजिक, डांस, शॉपिंग और खाने-पीने के बगैर पूरा कैसे माना जा सकता है। दहानू फेस्टिवल में एक ओर जहां फोक डांस और म्यूजिक परफॉर्मेंस होंगे वहीं दूसरी ओर 130 से अधिक फूड और शॉपिंग स्टॉल भी बनाए जाएंगे।
मुंबई से दहानू सड़क मार्ग से पहुंचने में 3.5 घंटे का समय लग सकता है। दहानू तक मुंबई, सुरत और नासिक जैसे शहरों का सीधा सड़क संपर्क है। बता दें, दहानू चिकू फल के बागिचों के लिए सबसे अधिक प्रसिद्ध है और अगर आप दहानू फेस्टिवल में शामिल होने जाते हैं तो इन बागिचों में घूमने जाने का मौका बिल्कुल मत गंवाएं। 23 से 25 फरवरी तक दहानू फेस्टिवल का आयोजन सीव्यू पार्क, दहानू बीच में किया जाएगा। फेस्टिवल में एंट्री सभी के लिए पूरी तरह से फ्री है।



Click it and Unblock the Notifications














