भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि शुरुआती कुछ दिनों तक देर करने के बाद अब मॉनसून अपनी निर्धारित रफ्तार से ही आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मॉनसून देश के दक्षिणपश्चिम इलाकों से आगे बढ़ते हुए अब भारत के दक्षिण पेनिनसुला समेत महाराष्ट्र और देश के दूसरे हिस्सों में भी पहुंच चुका है।

बताया जाता है कि दिल्ली, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से जैसे मुंबई, रत्नागिरी और पुणे में मॉनसून की बारिश शुरू हो चुकी है। बता दें, इस साल मॉनसून के केरल पहुंचने में कुछ दिनों का विलंब हुआ था।
अरब सागर में उत्पन्न हुए चक्रवाती तूफान बिपोर्जॉय की वजह से देश के दूसरे राज्यों जैसे महाराष्ट्र, कर्नाटक और ओडिशा में भी मॉनसून कुछ दिनों की देर से ही पहुंचा है। लेकिन अगले कुछ दिनों के अंदर महाराष्ट्र के सभी हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में मॉनसून की झमाझम बारिश होने वाली है।
वहीं मौसम विभाग ने 23 से 26 जून तक आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश होने की आशंका भी व्यक्त की है। बात अगर राजधानी दिल्ली की हो तो यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है। बताया जाता है कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में 24 से 26 जून, उत्तराखंड में 24 से 26 जून, हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 जून, कोंकण व गोवा क्षेत्र में 24 से 28 जून, मध्य प्रदेश में 24 से 27 जून, विदर्भ में 26 जून और छत्तीसगढ़ में 25 और 26 जून को भारी बारिश होने की संभावना है। इस वजह से एक बार फिर से सड़कों के तालाब बनने की आशंका के साथ ही गाड़ियों की रफ्तार पर भी इसका असर पड़ सकता है।



Click it and Unblock the Notifications














