महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आम वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब छोटे वाहनों को मुंबई में प्रवेश करने में कोई टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा। इस बात की घोषणा मुख्यमंत्री ने सोमवार को की। अपनी घोषणा में उन्होंने बताया कि मुंबई में प्रवेश करने के 5 टोल बुथ पर हल्के वाहनों (LMV) को टोल टैक्स में पूरी छूट मिलेगी।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का यह फैसला आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। कब से लागू होने वाला है यह फैसला? कौन से 5 टोल बूथ हैं जहां से छोटे वाहनों को प्रवेश करने पर टैक्स में पूरी छूट मिलेगी?

कब से होगा लागू?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को विधानसभा चुनावों से पहले महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक थी। बताया जाता है कि इस बैठक में ही छोटे वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने के फैसले पर मुहर लगायी गयी। मिली जानकारी के अनुसार यह फैसला आज रात (14 अक्तूबर) को 12 बजे से ही लागू कर दिया जाएगा। मुंबई में प्रवेश करने के 5 टोल बूथ हैं, जिनसे होकर आने पर छोटे वाहनों को ₹45 का टोल टैक्स चुकाना पड़ता था। लेकिन अब इन 5 टोल बूथ में से किसी में भी छोटे वाहनों को टोल टैक्स चुकाने की जरूरत नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की इस घोषणा को विरोधी पार्टियां चुनावी हथकंडा करार देते हुए 'चुनावी जुमला' करार दे रही है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई 'चुनावी जुमला' नहीं है। बल्कि यह एक स्थायी परियोजना है। जो लोग इसे जुमला करार दे रहे हैं, वे खुद अपने वादों को लेकर झूठ बोल रहे हैं। संभावना जतायी जा रही है कि राज्य सरकार के इस फैसले से निश्चित रूप से मुंबई में आसपास के उपनगरीय शहरों से रोज आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

इससे उन्हें प्रवेश द्वार पर कोई भी शुल्क जमा करने की जरूरत नहीं होगी। बता दें, मुंबई में प्रवेश करने के जिन 5 प्रवेश पथ और वहां मौजूद टोल बूथ के बारे में बात की जा रही है, उनका लोकेशन ऐसा है कि वहां से होकर हर दिन लाखों की संख्या में छोटी गाड़ियां आवाजाही करती हैं। टोल टैक्स में मिलने वाली छूट निश्चित रूप से काफी सुविधा होने वाली है।
कौन से 5 टोल बूथ पर मिलेगी टैक्स में छूट?
मुंबई में प्रवेश करने के जिन 5 टोल बूथ पर छोटे वाहनों को टैक्स में छूट मिलने वाली है, वो हैं -
- दहीसर
- मुलुंद
- वाशी
- अइरोली
- तीनहंथ नाका



Click it and Unblock the Notifications














