पटना मेट्रो का विस्तार होने वाला है। शहर के दो महत्वपूर्ण जगहों को मेट्रो लाइन से जोड़ने की योजना बनायी गयी जिस दिशा में नगर विकास एवं आवास विभाग ने काम करना भी शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही इस नये विस्तार का DPR तैयार कर लिया जाएगा।
पटनावासियों की मानें तो अगर इन दोनों नये कॉरिडोर्स पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं तो इससे काफी ज्यादा सुविधा हो जाएगी क्योंकि मेट्रो के विस्तार के लिए जिन दो जगहों का चुनाव किया गया है, दोनों ही बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इसके साथ ही बिहार के बाकी उन चारों शहरों के लिए भी खुशखबरी है, जहां मेट्रो रेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की घोषणा राज्य सरकार ने की थी। इन चारों शहरों में मेट्रो के DPR पर तेजी से काम चल रहा है।

कौन सी दो नयी जगहें जुड़ेंगी मेट्रो से?
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पटना सिटी के तख्त हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा और पटना एयरपोर्ट को मेट्रो से जोड़ने की कवायद राज्य सरकार ने शुरू कर दी है। बताया जाता है कि फिलहाल पटना में दानापुर से खेमनीचक और पटना स्टेशन से न्यू आइएसबीटी तक- इन दोनों कॉरिडोर का निर्माण तेजी से हो रहा है।
इन दोनों मेट्रो कॉरिडोर के माध्यम से संपतचक के पास बने पटना के नये बस स्टैंड से पटना जंक्शन और राजेंद्रनगर टर्मिनल तो जुड़ चुका है लेकिन पटना एयरपोर्ट अभी तक मेट्रो रूट से नहीं जुड़ पाया है। इसलिए नये प्रस्तावित कॉरिडोर के माध्यम से पटना एयरपोर्ट को भी मेट्रो लाइन से जोड़ने की तैयारियां की जा रही हैं।
अंडरग्राउंड या एलिवेटेड - क्या होगा रूट?
पटना एयरपोर्ट के अलावा मेट्रो के विस्तार के लिए तख्त हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा का चुनाव प्रमुख धार्मिक स्थल होने की वजह से किया गया है। पटना में देश और विदेश से आने वाले सभी पर्यटक तख्त हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा घूमने के लिए जरूर जाते हैं। इन पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पटना सिटी के तख्त हरमंदिर साहेब गुरुद्वारा को मेट्रो से जोड़ने का फैसला लिया गया है। हालांकि वर्तमान मेट्रो कॉरिडोर से पटना एयरपोर्ट और तख्त हरमंदिर साहेब गुरुद्वारा कैसे जुड़ेगा, ये दोनों कॉरिडोर अंडरग्राउंड होंगे या एलिवेटेड, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।

कब तक पटना में शुरू होगी मेट्रो सेवा?
पटना में अगले साल जुलाई तक प्रायोरिटी कॉरिडोर में मेट्रो रेल का संचालन करने की योजना बनायी गयी है। सबसे पहले प्रायोरिटी कॉरिडोर में मेट्रो का संचालन किया जाएगा। प्रायोरिटी कॉरिडोर में मलाही पकड़ी से न्यू आइएसबीटी तक 5 स्टेशनों के बीच मेट्रो का संचालन सबसे पहले शुरू होगा। बताया जाता है कि यह कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड होगा, जिसका 75% से अधिक सिविल कार्य संपन्न हो चुका है।
कब तक आएगा बाकी 4 शहरों में मेट्रो का DPR
बिहार सरकार ने पटना के साथ-साथ 4 अन्य शहरों में भी मेट्रो सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। इनमें मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया और दरभंगा भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स में किये गये दावों को मानें तो अगले साल से इन सभी मेट्रो परियोजनाओं पर काम शुरू हो सकता है। बताया जाता है कि अगले साल जनवरी में इन चारों शहरों के मेट्रो परियोजनाओं को लेकर DPR तैयार कर लिया जाएगा।
DPR में ही इन शहरों में मेट्रो रेल संभावित रूट, बनाने में खर्च आदि का विस्तृत ब्यौरा रहेगा। पहले इसे राज्य स्तर पर स्वीकृत किया जाएगा, जिसके बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेज दिया जाएगा। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद DPR के आधार पर प्रस्तावित सभी शहरों में मेट्रो का काम शुरू हो जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications












