फरवरी में प्रसिद्ध जगहों पर घूमने, नये अनुभव और कुछ खास देखने का प्लान बना रहे हैं तो हरियाणा को अपनी लिस्ट पर सबसे ऊपर रखिए, क्योंकि 2 फरवरी से हरियाणा के फरीदाबाद में विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला शुरू हो रहा है। हर साल फरवरी आते ही फरीदाबाद मानों कई रंगों में रंग जाता है। हो भी आखिर क्यों न... भारत की समृद्ध संस्कृति और कला को दर्शाता दुनिया का सबसे बड़ा हैंडीक्राफ्ट सूरजकुंड मेला जो शुरू हो जाता है।

इस साल भी सूरजकुंड मेला पूरे 17 दिनों तक आयोजित होगा। 2 फरवरी से इस मेले की शुरुआत होगी और 18 फरवरी को मेला खत्म होगा। 37वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड हैंडीक्राफ्ट मेला की उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया। इस बार का सूरजकुंड मेला काफी खास होने वाला है।
क्या-क्या होगा खास
सूरजकुंड मेले में हर साल विभिन्न प्रकार की संस्कृति और कलाओं का संगम देखने को मिलता है। मेले में आने वाले लोगों का मनोरंजन करने के लिए लोक नृत्य और गायन कलाकार मेले में पहुंचते हैं। लेकिन इस बार सूरजकुंड मेले में विदेशी हैंडीक्राफ्ट सामानों की झलक भी देखने को मिलेगी। जी हां, इस साल सूरजकुंड मेले में अफ्रीका, यूरोप और एशिया के लगभग 40 देशों से कलाकार पहुंचने वाले हैं। इसका मतलब है कि अलग-अलग देशों के बुनकर शैलियों और हथकरघे का काम देखने और बारीकी से उन्हें समझने का भरपूर मौका आपको मिलने वाला है।

क्या है इस साल की थीम
सूरजकुंड मेले की थीम इस साल गुजरात राज्य को रखा गया है। ऐसा दूसरी बार हुआ है जब गुजरात राज्य को सूरजकुंड मेला के लिए थीम स्टेट चुना गया है। इससे पहले साल 1997 में गुजरात को सूरजकुंड मेले का थीम स्टेट चुना गया था। पूरे मेला परिसर को गुजरात की थीम पर ही सजाया गया है और उसी के आधार पर सारी तैयारियां की जा रही हैं। मेले से आप गीत-संगीत का लुत्फ उठाने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों व देशों के खास व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकते हैं। अगर आपको हैंडिक्राफ्ट की चीजें पसंद हैं तो कपड़े, बैग, सजावटी सामान या जुते-चप्पल इत्यादि भी खरीद सकते हैं।
मेला का समय
सूरजकुंड मेला सुबह 10 बजे से लेकर शाम को 8 बजे तक खुला रहता है। प्रवेश के लिए टिकट लेना अनिवार्य है।

कितनी है टिकट की कीमत
विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड हैंडिक्राफ्ट मेला के टिकट की कीमत सप्ताह के दिनों के आधार पर तय की गयी है। सोमवार से शुक्रवार तक मेले में प्रवेश के लिए टिकट का मूल्य 120 रुपए है। वहीं शनिवार और रविवार को यानी वीकेंड पर मेला के टिकट का मूल्य 200 रुपए देना पड़ेगा। टिकट की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा मेले के सभी एंट्री गेट पर टिकट उपलब्ध रहेगा। मिली जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी और छात्रों के लिए मेले में एंट्री निःशुल्क होगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को भी कुछ फीसदी की छुट मिल सकती है।
कैसे पहुंचे सूरजकुंड मेला
- अगर आप दिल्ली, नोएडा या गाजियाबाद से सूरजकुंड मेला देखने जाने वाले हैं तो आपके लिए अच्छा होगा तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन या बदरपुर मेट्रो स्टेशन पर उतरे। यहां से मेला पास मिलेगा।
- बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास से हरियाणा रोडवेज की बसें मिल जाएंगी, जो सीधा आपको मेला पहुंचा देंगी।
- बस की सुविधा सुबह 7 बजे से रात को 8 बजे तक हर आधे घंटे में मिलेंगी।
- अगर आप अपनी गाड़ी से सूरजकुंड मेला जा रहे हैं तो पार्किंग के लिए बिल्कुल परेशान न हो। निजी गाड़ियों की पार्किंग के लिए 11 जगहें निर्धारित की गयी हैं।



Click it and Unblock the Notifications














