उत्तराखंड में चल रही चार धाम यात्रा का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। अगर आपने अभी तक चार धाम की यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है और यात्रा मार्ग के दौरान ऑफलाइन माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करवाना चाहते हैं तो ऐसा आप हरिद्वार अथवा ऋषिकेश में कर सकते हैं।
इन दोनों शहरों में चार धाम यात्रा का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाता है। पिछले कई दिनों तक राज्य प्रशासन ने चार धाम की यात्रा पर पहुंच रहे तीर्थ यात्रियों की अनियंत्रित संख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से ऑफलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को बंद रखने का फैसला लिया था।

इस बारे में मीडिया से बात करते हुए गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया कि तीर्थ यात्रा पथ में सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के बाद ही हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन सेंटर को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 14.3 लाख तीर्थ यात्रियों ने ऊंचाई पर स्थित चार धाम के दर्शन करने पहुंच चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों केंद्रों पर करीब 25,000 लंबीत रजिस्ट्रेशन का सावधानीपूर्वक समाधान किया गया जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में व्यवस्था और नियंत्रण लाया जा सका। पांडेय ने दोनों ऑफलाइन केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन कोटा को बढ़ाने का संकेत भी दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि यह तीर्थ यात्रियों की मांग के आधार पर ही किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स में किये गये दावों के मुताबिक करीब 650 तीर्थ यात्रियों को बद्रीनाथ धाम में प्रवेश करने से रोक दिया गया था क्योंकि उनका उचित तरीके से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया संपन्न नहीं हुआ था। यह फैसला इस साल चार धाम की यात्रा शुरू होने के बाद हुए अनुभवों के आधार पर ही लिया गया था।
अब जब ऑफलाइन माध्यम से चार धाम यात्रा का रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू हो चुका है तो यात्रियों को अब रास्ते में वापस लौटने की परेशानी नहीं होगी। कोई यात्री अगर बिना रजिस्ट्रेशन के चार धाम की यात्रा के लिए उत्तराखंड में पहुंच भी चुका है तो वह हरिद्वार अथवा ऋषिकेश में से किसी भी केंद्र पर अपनी सुविधानुसार वह ऑफलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














