मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर जिसे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के नाम से भी जाना जाता है, भारत की एक बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना है। हाल ही में रेल मंत्रालय की तरफ से अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर इस परियोजना का काम कहां तक पहुंचा है, इस बारे में विस्तृत जानकारी दी है।
वहीं दूसरी तरफ नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने मीडिया को दिये एक बयान में बताया कि गुजरात और महाराष्ट्र में सभी सिविल कॉन्ट्रैक्ट दिये जा चुके हैं। इसके साथ ही कॉर्पोरेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि डिपो और इलेक्ट्रिकल कार्यों के अनुबंध भी दिये जा चुके हैं।

सबसे पहले आपको बताते हैं कि कहां तक पहुंचा है अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम :
कई नदियों पर बन रहे हैं रेल ब्रिज
अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का रूट कई रेल ब्रिजों से होकर गुजरेगा। रेल मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो में उन सभी रेल ब्रिजों की झलकियां दिखाई गयी हैं जिनका निर्माण इस रूट पर किया गया है। बुलेट ट्रेन रूट के लिए जिन नदियों पर रेल ब्रिज के निर्माण का काम चल रहा है, उनमें दमन गंगा नदी, पर नदी, औरंगा नदी, खारेरा नदी, वेनगानिया नदी, अंबिका नदी, पूर्णा नदी, मिंढोला नदी, तापी नदी, नर्मदा नदी, माही नदी, मोहन नदी और साबरमती नदी शामिल हैं।
कई सुरंगों का हो रहा है निर्माण
रेल मंत्रालय के वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन के रूट में कई सुरंगों (टनल) का निर्माण भी किया जा रहा है। जिन जगहों पर इन सुरंगों का निर्माण हो रहा है उनमें घानसोली, शिलफेट और वल्साड जिले शामिल हैं। इन सभी सुरंगों का निर्माण इंजीनियरिंग कार्यों का शानदार उदाहरण होगा, जो बिना किसी बाधा के यात्रा को सुनिश्चित करेगा।

तेजी से हो रहा है बुलेट ट्रेन स्टेशनों का निर्माण
बुलेट ट्रेन के लिए सामान्य रेलवे स्टेशनों का इस्तेमाल न कर, अहमदाबाद-मुंबई रूट पर कई जगहों पर खास बुलेट ट्रेन स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। जिन जगहों पर बुलेट ट्रेन स्टेशनों का निर्माण प्रगति पर है, उनमें वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरुच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
इसके अलावा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट पर सूरत और साबरमती में रोलिंग स्टॉक डिपो का भी निर्माण किया जा रहा है जो हाई स्पीड ट्रेनों के रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।
financial express की एक रिपोर्ट के अनुसार अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट पर कौन से कार्य हो चुके हैं पूरे :-
- 190 किमी वायडक्ट और 321 किमी पियर वर्क संपन्न हो चुका है।
- महाराष्ट्र, गुजरात, दादरा और नागर हवेली में भूमि अधिग्रहण का काम भी 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
- 350 मीटर लंबा पहला माउंटेन टनल, जो गुजरात के वलसाड जिले में जरोली गांव के पास है, का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
- स्टील से बने 3 ब्रिज, सूरत में 70 मीटर लंबा, आनंद में 100 मीटर लंबा और वडोदरा में 130 मीटर लंबा, का निर्माण हो चुका है पूरा।
- पार, पूर्णा, मिंढोला, अंबिका, औरंगा, वेंगानिया, मोहर और ढाढर नदी पर ब्रिज का निर्माण का लिया जा चुका है फैसला।
- नर्मदा, ताप्ती, माही और साबरमती पर चल रहा है ब्रिज निर्माण का कार्य।
- भारत के पहले 7 किमी लंबे अंडर सी रेल टनल का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है।
कब तक शुरू होगा बुलेट ट्रेन?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला चरण साल 2026 तक पूरा होने की संभावना है। फैसला लिया गया है कि शुरुआत में सूरत और बिलीमोरा स्टेशनों के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। बता दें, नवंबर 2021 से मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हुआ है।
इस परियोजना में केंद्र सरकार (रेल मंत्रालय), गुजरात सरकार के साथ ही महाराष्ट्र सरकार की भी सहयोग शामिल है। बताया जाता है कि शुरुआत में यह निर्णय लिया गया था कि 108,000 करोड़ रुपए की लागत से 8 साल में बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण पूरा किया जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














