अहमदाबाद को राजकोट से जोड़ने वाली मुख्य सड़क नेशनल हाईवे को पिछले लंबे समय से चौड़ा बनाने का काम किया जा रहा है। लेकिन अब तक अहमदाबाद-राजकोट हाईवे को 6 लेन चौड़ा बनाने का काम पूरा नहीं हो सका है। पिछले दिनों गुजरात विधानसभा में राजकोट की विधायक दर्शिता शाह द्वारा पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुए गुजरात मंत्रिमंडल के सदस्य जगदीश विश्वकर्मा ने इस हाईवे के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में ही इस हाईवे को चौड़ा बनाने का काम पूरा हो जाने वाला था, लेकिन अभी तक इस हाईवे को चौड़ा बनाने की परियोजना लगभग 2 साल पीछे चल रहा है। कब तक पूरा होगा अहमदाबाद-राजकोट हाईवे को 6 लेन चौड़ा बनाने का काम? इस हाईवे के चौड़ा बनने से क्या-क्या फायदा मिलेगा?

₹3300 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है चौड़ा
Ahmedabad Mirror की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात विधानसभा में अहमदाबाद-राजकोट हाईवे को चौड़ा बनाने की परियोजना के संबंध में विस्तार से बताते हुए, मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने बताया कि इस नेशनल हाईवे को 6 लेन चौड़ा बनाने की परियोजना के लिए लगभग ₹3350 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसे अलग-अलग चरणों में चौड़ा बनाने का काम चल रहा है।
अहमदाबाद-राजकोट हाईवे की कुल लंबाई लगभग 201.33 किमी है, जिसके पहले चरण में 197 किमी लंबे हाईवे को चौड़ा बनाने का काम किया जाएगा। पहले चरण में से 193 किमी लंबे हाईवे को चौड़ा बनाने का काम संपन्न हो चुका है, यानी पहले चरण का लगभग 98 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
बचाएगा समय और ईंधन
बताया जाता है कि विधानसभा में मंत्री विश्वकर्मा ने बताया कि 6 लेन चौड़ा बन जाने के बाद अहमदाबाद-राजकोट हाईवे से होकर आने-जाने वाले लोगों का न सिर्फ समय बचेगा बल्कि गाड़ी का ईंधन भी बचने वाला है। उन्होंने बताया कि इस हाईवे को 6 लेन चौड़ा बनाने की परियोजना पूरी हो जाने के बाद अहमदाबाद से राजकोट तक आने-जाने में मात्र 2 घंटा 32 मिनट का समय लगेगा।
जो इसी हाईवे से अहमदाबाद-राजकोट के बीच आवाजाही करने में पहले लगने वाले समय के मुकाबले 30 से 45 मिनट तक कम समय होगा। समय कम लगने की वजह से बताया जाता है कि इस हाईवे से होकर आवाजाही करने पर वाहनों में 10 से 15 प्रतिशत तक ईंधन की बचत भी होगी।
कब से खुलेगा अहमदाबाद-राजकोट हाईवे?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विधानसभा के पिछले सत्र (फरवरी) के दौरान गुजरात के राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने दावा किया था कि इस हाईवे को चौड़ा बनाने की परियोजना का काम लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसे मार्च 2024 तक खोल दिया जाएगा। लेकिन अब उस समयसीमा को बढ़ा दिया गया है।
इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी और दावा किया जा रहा है कि अतिमारी कोरोना की वजह से हाईवे को चौड़ा बनाने का काम काफी ज्यादा प्रभावित हुआ है। जगदीश विश्वकर्मा ने अपने बयान में बताया है कि इस हाईवे को चौड़ा करने का काम पूरा होने में अभी भी करीब 1 साल का वक्त और लगेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत 38 फ्लाईओवर-अंडरपास का निर्माण किया जाने वाला है, जिसमें से 34 का निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी बचे 4 फ्लाईओवर-अंडरपास का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर पहले 34 ब्लैक स्पॉट्स हुआ करते थे जिसमें से 31 को सुधार लिया गया है। बाकी बचे 3 को भी जल्द ही सुधार लिया जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














