कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) जल्द ही टेक सिटी बैंगलोर से गुजरात और ओडिशा के लिए लंबी दूरी की बस सेवाएं शुरू करने की योजनाएं बना रहा है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार KSRTC जल्द ही बैंगलोर से गुजरात के अहमदाबाद और ओडिशा के पुरी तक के लिए लंबी दूरी की बस सेवाएं शुरू करने वाला है।
ये बसें यूरोपीय स्टाइल की एयर कंडिशन स्लीपर बसें होने वाली हैं। यानी लगभग 1500 किमी की दूरी आराम से और सोते-सोते ही कट जाएगी।

डेक्कन हेराल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में KSRTC की बैंगलोर से सबसे ज्यादा लंबी दूरी की बस सेवा मुंबई और शिरडी के लिए उपलब्ध है जो लगभग 1000 किमी का रास्ता तय करती है। अगर अहमदाबाद और पुरी के लिए बैंगलोर से KSRTC बस सेवा शुरू करती है तो यह सबसे ज्यादा लंबी दूरी की बस सेवा होगी।
बताया जाता है कि इन दोनों शहरों (अहमदाबाद और पुरी) के लिए बैंगलोर से बस सेवा शुरू करने की मांग पिछले लंबे समय से यात्रियों द्वारा की जा रही थी। कई निजी बस सेवा प्रदाता कंपनियां इस रूट पर बस सेवाएं उपलब्ध भी करवाती है। इसलिए निजी क्षेत्रों से बढ़ती प्रतियोगिता और यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए ही KSRTC ने बैंगलोर से इस रूट पर लंबी दूरी की बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है।
इस बारे में मीडिया से बात करते हुए KSRTC के मैनेजिंग डायरेक्टर वी. अंबुकुमार ने कहा, "बैंगलोर से लंबी दूरी की बस सेवाओं की काफी मांग है। KSRTC सबसे ज्यादा वॉल्वो बसों का परिचालन करता है। हम नये रूट्स को भी एक्सप्लोर करना चाहते हैं।"
गौरतलब है कि बैंगलोर से लंबी दूरी के कई रूट्स पर जैसे अहमदाबाद, इंदौर, भोपाल, जयपुर, जैतरण, जोधपुर और जैसलमेर आदि के लिए निजी कंपनियां बस सेवाएं उपलब्ध करवाती हैं। बैंगलोर से जैसलमेर के बीच चलने वाली बसें भारत में सबसे लंबी दूरी, 2000 किमी, का रास्ता तय करती है। हालांकि अभी तक बैंगलोर से धार्मिक नगरी पुरी, जो बड़ा चार धाम में से एक है, तक के लिए कोई भी सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।

अनुमति की है जरूरत
बैंगलोर से पुरी और अहमदाबाद के लिए नयी बस सेवा को शुरू करने से पहले KSRTC को गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अलावा जिन राज्यों से होकर ये बसें गुजरेंगी, वहां के रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (RTC) से अनुमति की जरूरत होगी। इस बारे में वी. अंबुकुमार ने बताया कि हमारी बातचीत शुरू हो चुकी है और हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही कुछ सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। आमतौर पर किसी भी नयी बस सेवा को लॉन्च करने का RTC कभी भी विरोध नहीं करती है।
कितना लगेगा समय और क्या होगा किराया?
KSRTC अगर बैंगलोर से अहमदाबाद और पुरी के लिए बस सेवाएं शुरू करती है तो यह KSRTC की सबसे ज्यादा लंबी दूरी की बस सेवाएं होंगी, जो लगभग 1500 किमी की होगी। मिली जानकारी के अनुसार इन दूरी को तय करने में कम से कम 27-28 घंटों का समय लगेगा।
मीडिया रिपोर्ट में किये गये दावों के मुताबिक हर रूट के लिए दो बसें चलेंगी जिसमें से एक अप और दूसरी डाउन रूट पर चलेगी। हालांकि ये बसें एयर कंडीशन स्लीपर बस होंगी लेकिन उनमें टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। दोनों रूट्स पर किराया लगभग ₹2500 होने की संभावना है।
KSRTC के पास वर्तमान में 474 वॉल्वो बसें हैं, जिसमें से 60 बसें मार्च 2025 में फेज आउट हो जाएंगी।



Click it and Unblock the Notifications














