पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप की फोटो देखकर वहां जाने का प्लान बनाने का सोच रहे हैं? लेकिन क्या आपको पता है अगले महीने (फरवरी 2024) तक लक्षद्वीप के लिए 7000 लोगों ने अपनी बुकिंग कर डाली है। जी हां, शायद आधे से ज्यादा भारतीय इन दिनों लक्षद्वीप में ही अपनी छुट्टियां बिताने के बारे में सोच रहे हैं।

लक्षद्वीप अपनी शानदार समुद्रतटों के अलावा यहां होने वाली रोमांचक वाटर एक्टिविटिज के लिए भी काफी लोकप्रिय है। क्या आप जानते हैं लक्षद्वीप जैसी रोमांचक वाटर एक्टिविटिज आप बिहार में ही कर सकते हैं, वो भी काफी कम खर्च में।
बिहार का एकमात्र वाटर स्पोर्ट्स हब
पिछले कुछ समय से बिहार में उन सभी जगहों का तेजी से विकास किया जा रहा है जहां पर्यटन की संभावनाएं उपलब्ध हैं। इसी क्रम में बिहार के पश्चिम चम्पारण में मौजूद अमवा मन झील को बिहार के एकलौते एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि इस जगह को मालदीव या फिर लक्षद्वीप के तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां आने वाले मेहमानों को मोटर बोट, जेट अटैक, बोट जेटस्की, जेट स्कूटर, सोफा राइड, जॉर्बिंग बॉल और पैरासेलिंग जैसी रोमांचक एक्टिविटी करने का मौका मिलेगा।

कहां है अमवा मन झील
बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले का जिलामुख्यालय मोतिहारी से करीब 30 किमी और पश्चिम चम्पारण जिले के जिलामुख्यालय बेतिया से 22 किमी की दूरी पर वाटर स्पोर्ट्स पार्क को तैयार किया गया है। परिवार और दोस्तों के साथ वीकेंड पर पिकनिक मनाने के लिए इस जगह को बेस्ट बताया जा रहा है। 175 एकड़ के क्षेत्र में फैला अमवा मन झील 3 किमी लंबा और 800 मीटर चौड़ा है। इस झील को लक्षद्वीप या फिर गोवा के तर्ज पर विकसित किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि निकट भविष्य में यह जगह घूमने-फिरने वाले लोगों की ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होगा।
कितना होगा खर्च
भले ही बिहार में अमवा मन झील को लक्षद्वीप या गोवा की तरह विकसित किया गया हो, लेकिन यहां एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स का खर्च काफी कम होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार अमवा मन झील में कुछ वाटर स्पोर्ट्स ऐसे भी हैं, जिनके लिए आपको कोई शुल्क नहीं चुकाना होगा। वहीं कुछ एडवेंचर स्पोर्ट्स ऐसे हैं जिनका शुल्क राज्य के पर्यटन विकास विभाग ने निर्धारित किया है। यहां पैरासेलिंग के लिए 800 रूपए, बोटिंग के लिए 100 रूपए और जेटस्की के लिए 400 रूपए का शुल्क देना पड़ेगा।

निर्धारित है समय
अमवा मन झील में वाटर स्पोर्ट्स के लिए राज्य के पर्यटन विभाग ने समय निर्धारित कर दिया है। यहां सुबह 9 बजे से लेकर शाम को 5 बजे तक वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी में हिस्सा लिया जा सकता है। दोपहर में 1 से 2 बजे तक लंच ब्रेक का समय रखा गया है जिस समय एडवेंचर वाटर एक्टिविटी को बंद रखा जाएगा। मंगलवार को यह वाटर पार्क (अमवा मन झील) बंद रहेगी, क्योंकि उस दिन साप्ताहिक मेंटेनेंस का काम होगा।
मिली जानकारी के अनुसार इस झील में 16 अलग-अलग तरह के नाव और उपकरण मौजूद हैं, जिनका आनंद आम लोग उठा सकते हैं। करीब 15 करोड़ रूपए की लागत से इस झील में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स को विकसित किया गया है। बच्चों व बड़ों के लिए पानी की सतह पर विशालाकार पारदर्शी प्लास्टिक के बॉल में घुसकर लहरों के बीच खेलने की सुविधा भी इस झील में उपलब्ध है।

कैसे पहुंचेंगे यहां
अमवा मन झील तक पहुंचने के लिए आपको पूर्वी चम्पारण में मोतिहारी या फिर पश्चिम चम्पारण के बेतिया में पहुंचना होगा, जहां के लिए देश के अधिकांश प्रमुख शहरों से ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है। या फिर इन दोनों शहरों के लिए बिहार की राजधानी पटना से भी आप सीधी ट्रेन पकड़ सकते हैं।
इसके बाद मोतिहारी या बेतिया से एनएच 727 से होते हुए आप अमवा मन झील पहुंच सकते हैं। चुंकि इस जगह को एक वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है, इसलिए मोतिहारी और बेतिया दोनों जगहों से ही आपको किराए पर अमवा मन झील के लिए गाड़ियां मिल जाएंगी।



Click it and Unblock the Notifications














