अगर आप यह सोचते हैं कि गोवा का मतलब बीच पार्टी से लेकर रेस्तरां, नाइट लाइफ और क्लब में घूमना, लाउड म्यूजिक की धून पर थिरकना ही होता है तो आपने अभी तक असली गोवा देखा ही नहीं है। गोवा में सिर्फ समुद्रतटों पर शोर मचाती पार्टियां ही नहीं होती बल्कि समुद्र के शांत किनारे भी होते हैं, जहां बैठकर आप सूर्यास्त को एंजॉय कर सकते हैं।
गोवा की ऑफबीट ट्रिप पर जाना चाहते हैं या गोवा में शोर-शराबे के बीच ही अगर शांति ढूंढ रहे हैं तो चले आइए बेतुल गांव में। इस गांव में आपको गोवा का वह हिस्सा दिखाई देगा, जिसके बारे में शायद ही आपने कभी कल्पना में भी सोचा होगा।

सफर पर खोना मना है
गोवा एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही आपको शहरी शोर और उसके साथ भागती-दौड़ती गाड़ियां दिखाई देंगी। लेकिन जैसे-जैसे आप एयरपोर्ट से दूर और बेतुल गांव की ओर आगे बढ़ेंगे, शोर-शराबे की जगह गांवों की ठंडी हवा, पेड़ों की छांव और गांव की संकरी सड़कें ले लेंगी। दक्षिण गोवा में गांवों का ऐसा दृश्य देखकर आपका मन इन्हीं गांवों में खोने का जरूर करेगा लेकिन इस शानदार सफर पर खोना मना है। बेतुल एक गोवन गांव है, जहां आपको रंगीन घर और खुशमिजाज लोग मिलेंगी।
क्या देखें बेतुल गांव में :
1. भीड़-भाड़ से दूर शांत समुद्रतट

पार्टी में शोर-शराबा, नाचना-गाना और म्यूजिक सभी यूथ को पसंद आता है। लेकिन जीवन में कभी-कभी ऐसा समय भी आता है, जब मन होता है कि कहीं शांत जगह पर बैठकर समुद्र की आती-जाती लहरों को निहारे, पार्टनर के साथ शांत समुद्रतट पर बैठकर भविष्य की प्लानिंग करें या बस यूं ही चाय या कॉफी की चुस्कियां भरते हुए सूर्यास्त को एंजॉय करें। अगर आप भी किसी ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं, तो हमारी सलाह मानिए और गोवा चले आइए। हां, गोवा के शहरों से दूर बेतुल गांव में आपको आपकी पसंद का समुद्रतट जरूर मिल जाएगा।
2. बेतुल लाइटहाउस

आपने कभी लाइटहाउस से समुद्र की सुन्दरता और आसपास के गांवों को निहारा है। अगर नहीं, तो बेतुल में आपको यह मौका भी मिलेगा। पहाड़ी के किनारे मौजूद बेतुल लाइटहाउस से मीलों फैले समुद्र और आसपास के गांवों की सुन्दरता को आप जी भरकर निहार सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए आपको थोड़ी सी चढ़ाई करनी पड़ सकती है। ध्यान रहे, यह लाइटहाउस शाम को करीब 6.30 बजे बंद हो जाता है। इसलिए यहां जाने से पहले समय का ख्याल जरूर रखें।
3. कीतल पठार (Quittol Plateau)

यह गोवा का एक ऐसा मनोरम दृश्य है, जिसके बारे में आपको इंटरनेट पर ज्यादा जानकारी नहीं मिलेगी। मानसून के सीजन के खत्म होने के समय यह पठार हरी नहीं बल्कि नीले रंग का चादर ओढ़ लेता है। अगस्त से लेकर सितंबर के दौरान कीतल पठार नीले रंग के जंगली फूल मर्डानिया (Murdannia) से पट जाता है, जो इस जगह को आपके इंस्टाग्राम प्रोफाइल को वायरल बना सकता है। यह पठार क्वीपेम तालुका में बेतुल गांव से बहुत पास में ही मौजूद है। मडगांव से इस पठार की दूरी करीब 23 किमी है। ध्यान रहें, ये फूल सिर्फ अगस्त और सितंबर के महीने में ही खिलते हैं।
4. होली क्रॉस चैपल चर्च
बेतुल गांव में मौजूद छोटा सा चर्च होली क्रॉस चैपल भी बेहद सुन्दर है। यह चर्च बेतुल लाइटहाउस के पास ही मौजूद है। चर्च का अपना भी मिनी लाइटहाउस है, जहां से आपको दूर तक फैला समुद्र साफ-साफ दिखाई देगा। यह चर्च पुर्तगाली शैली में बना हुआ है, जो काफी पुराना है।

कैसे पहुंचे बेतुल गांव
बेतुल गांव का नजदीकी एयरपोर्ट गोवा का दाबोलिम इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। यह बेतुल गांव से करीब 41 किमी की दूरी पर है। एयरपोर्ट के बाहर ही आपको किराए पर गाड़ियां और टैक्सी मिल जाएगी जो आपको बेतुल गांव पहुंचा देंगी।
अगर आप ट्रेन से जाना चाहते हैं, तो नजदीकी रेलवे स्टेशन मडगांव है। बेतुल गांव से मडगांव की दूरी करीब 16 किमी की है। मडगांव स्टेशन के बाहर से भी बेतुल गांव के लिए टैक्सियां आसानी से मिल जाएंगी।



Click it and Unblock the Notifications











