अपने जीवन के उतार-चढ़ाव और सुख-दुःख की कहानी बताने के साथ-साथ पूण्य अर्जित करने के लिए लोग देश के विभिन्न मंदिरों के चक्कर लगाते हैं। देश के कुछ प्रसिद्ध मंदिरों में भगवान का दर्शन मिलना भी काफी मुश्किल भी होता है। गर्मी, वर्षा या फिर ठंड में इन मंदिरों के बाहर हर रोज सैंकड़ों भक्त घंटों लाइन लगाकर खड़े रहते हैं।

लाइन में खड़े रहते समय आपने अक्सर देखा होगा और जरूर सुना भी होगा कि मंदिरों में स्पेशल या वीआईपी दर्शन होते हैं, जिसका शुल्क चुकाकर आप जल्दी से भगवान के दर्शन कर सकते हैं। किसी भी प्रसिद्ध मंदिर में अगर साधारण दर्शन करने में औसतन 7-8 घंटों का समय लगता है तो स्पेशल या वीआईपी दर्शन में महज 2-3 घंटों का ही समय लग सकता है।
आइए आपको प्रसिद्ध मंदिरों के Special Entry Fees के बारे में बताते हैं :
1. तिरुपति बालाजी
आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्थित बालाजी के मंदिर में हर रोज दर्शन करने के लिए लाखों भक्त आते हैं। आम दर्शन के लिए 4 घंटों तक भक्तों को गर्मी और धूप में लाइन लगाकर खड़े रहना पड़ता है। लेकिन तिरुपति बालाजी मंदिर प्रबंधन की तरफ से समय-समय पर ऑनलाइन स्पेशल एंट्री टिकट जारी किया जाता है। मात्र ₹300 देकर आप स्पेशल एंट्री टिकट खरीद सकते हैं। इस बाबत जानकारी प्राप्त करने के लिए आपको तिरुपति बालाजी मंदिर ट्रस्ट के आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी नजरें बनाकर रखनी होगी।
2. काशी विश्वनाथ मंदिर
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में 'सुगम दर्शन' के माध्यम से शिव भक्त आम भक्तों की तुलना में जल्दी महादेव के दर्शन कर सकते हैं। सुगम दर्शन के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर में ₹300 देने पड़ते हैं। लेकिन सावन के महीने के लिए सुगम दर्शन का रेट बढ़ाकर ₹500 और सावन के सोमवार को ₹700 कर दिया गया है। सुगम दर्शन में भक्तों को मंदिर के साइड वाले दरवाजे से ले जाकर भगवान के दर्शन करवाएं जाते हैं। प्रसाद भी उन्हें बॉक्स में दे दिया जाता है।
काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन में बढ़े दर्शन रेट के बारे में ज्यादा जानने के लिए NativePlanet का यह आर्टिकल पढ़े :
3. महाकाल मंदिर

मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थापित ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर महादेव के मंदिर में साल भर भक्तों की भारी भीड़ लगी रहती है। मंदिर में भक्तों को महाकाल के जल्दी दर्शन पाने के लिए ₹250 रुपये की स्पेशल एंट्री फीस देनी पड़ती है। हालांकि इस साल अधिमास के दौरान महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भक्तों की एंट्री को बंद कर दिया गया है। लेकिन मंदिर प्रशासन ₹750 की स्पेशल फीस पर भक्तों को मंदिर में प्रवेश करवाने के बारे में सोच-विचार कर रही है।
4. बांके बिहारी मंदिर
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित श्रीकृष्ण का बांके बिहारी मंदिर विश्व भर से आने वाले कृष्णभक्तों का केंद्र स्थल है। यहां साल के हर महीने में भक्तों की भीड़ लगती है लेकिन होली, सावन और कृष्णजन्माष्टमी कुछ ऐसे समय हैं, जब यहां भक्तों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। इस मंदिर में स्पेशल दर्शन के लिए भक्तों को ₹100 का टिकट लेना पड़ता है।
5. माता मनसा देवी
माता मनसा देवी भगवान शिव और माता पार्वती की सबसे छोटी पुत्री हैं। हरियाणा के पंचकुला में माता मनसा देवी का भव्य मंदिर है। माना जाता है कि यहां सच्चे दिल से मांगी जाने वाली सभी मुरादों को माता मनसा देवी जरूर पूरा करती है। इस मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रहती है। इसलिए अगर आप इस मंदिर में स्पेशल दर्शन टिकट लेना चाहते हैं तो आपको ₹500 का शुल्क चुकाना पड़ेगा।
6. बैद्यनाथ मंदिर
झारखंड के देवघर में भोलेनाथ का बाबा बैद्यनाथ मंदिर स्थित है जिसे बाबा धाम भी कहा जाता है। इस मंदिर में सावन के समय जल चढ़ाने के लिए बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों से लाखों शिवभक्त कांवड़ लेकर पहुंचते हैं। इस मंदिर में स्पेशल दर्शन टिकट यानी शीघ्र दर्शनम के लिए ₹500 देने पड़ते हैं।
7. शिरडी साईं धाम

साईं बाबा के धाम में किसी जाति विशेष या धर्म-समुदाय के नहीं बल्कि हर जाति-धर्म और बोली के लोग पहुंचते हैं। महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईं बाबा के मंदिर में लाखों भक्त पहुंचते हैं। इसलिए यहां दर्शन के लिए लंबी लाइन भी लगती है। अगर आप साईं बाबा की काकड़ आरती में शामिल होना चाहते हैं तो उसका स्पेशल शुल्क ₹500 और धूप आरती का स्पेशल शुल्क ₹250-₹300 है।
8. कामाख्या मंदिर

51 शक्तिपीठों में से एक मां कामाख्या का प्रसिद्ध मंदिर असम के गुवाहाटी में स्थित है। कहा जाता है कि इस मंदिर में माता सति की योनी गिरी थी। मंदिर में अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के उद्देश्य से हर साल लाखों भक्त पहुंचते हैं। लंबी लाइन से बचने के लिए अगर आप स्पेशल एंट्री टिकट लेना चाहते हैं तो उसके लिए आपको ₹501 का टिकट खरीदना पड़ेगा।
9. श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर
भगवान विष्णु के 108 मंदिरों में प्रमुख श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर केरल के त्रिवेंद्रम/तिरुअनंतपुरम में स्थित है। दक्षिण भारत के दूसरे मंदिरों की तरह ही इस मंदिर में भी लाखों भक्त पहुंचते हैं। मंदिर में भक्तों के लिए स्पेशल दर्शन की सुविधा उपलब्ध है, जिसके लिए भक्तों को ₹150 और ₹180 (प्रसाद समेत) का टिकट लेना पड़ता है। दो व्यक्तियों के लिए वीआईपी दर्शन के टिकट का मूल्य ₹250 है। बच्चों का कोई टिकट नहीं लगता है।
10. ओमकारेश्वर मंदिर

भगवान शिव के 51 ज्योतिर्लिंगों में एक ओमकारेश्वर महादेव का मंदिर मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित है। सावन, शिवरात्रि जैसे कुछ खास दिनों में तो इस मंदिर में शिवभक्तों की भीड़ तो उमड़ती ही है, साल भर लोग भगवान शिव के ओमकारेश्वर स्वरूप का दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर में आम लाइन के बजाए स्पेशल दर्शन का टिकट लेने पर आपको ₹250 का बिल भरना पड़ता है।



Click it and Unblock the Notifications















