रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! हैदराबाद स्टेशन पर रेल यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक लेकिन किफायती स्लीपिंग पॉड (Sleeping Pod) की सुविधा को शुरू किया गया है। ट्रेन का इंतजार करते हुए अगर आपको स्टेशन पर लंबा वक्त गुजारना है या आपके साथ यात्रा करने वाले किसी व्यक्ति की तबीयत खराब है अथवा अचानक खराब हो गयी है जो स्टेशन के वेटिंग रूम में बैठकर ट्रेन का इंतजार नहीं कर सकता है, ऐसे यात्रियों के लिए आप आसानी से पॉकेट फ्रेंडली स्लीपिंग पॉड की बुकिंग कर सकते हैं।
स्टेशन परिसर में होने की वजह से आपको स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी, जिससे ट्रेन के छूट जाने का डर भी नहीं रहेगा।

हर तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस
हैदराबाद के नए-नवेले रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपिंग पॉड को शुरू किया गया है जो हर तरह की आधुनिक सुविधा से लैस है। रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ उपलब्ध इन स्लीपिंग पॉड की खासियतें निम्न हैं -
- बिस्तर - हर स्लीपिंग पॉड का बिस्तर पूरी तरह से रिक्लाइन हो सकता है। जो इसे कम समय या लंबे वक्त तक ठहरने के लिए आदर्श बनाता है।
- एयर कंडीशन - प्रत्येक स्लीपिंग पॉड में एयर कंडीशन की सुविधा उपलब्ध है, जिससे बंद कमरे में गर्मी में ठहरने जैसा अनुभव नहीं बल्कि रुकने का बड़ा ही आरामदायक माहौल मिलता है।
- चार्जिंग पोर्ट - आपके पास किसी भी तरह का डिवाइस क्यों न हो जैसे मोबाइल, लैपटॉप, हेडफोन या फिर घड़ी। चार्जिंग की चिंता करने की जरूरत नहीं होगी।
- रिडिंग लाइट - सफर के दौरान काफी लोगों को किताबें पढ़ने का शौक होता है। रेलवे स्टेशन के बुक स्टॉल से भी बड़ी संख्या में लोग किताबें खरीद कर पढ़ते हैं। इन्हें पढ़ने के लिए रिडिंग लाइट की सुविधा हर स्लीपिंग पॉड में मिलेगी। ट्रेन का इंतजार जैसा बोरिंग काम भी अब दिलचस्प बन जाएगा, जब हाथ में होगी कोई लव स्टोरी या फिर जासूसी नॉवेल।
- WiFi की सुविधा - यात्रा के दौरान फिल्में देखने का मन है, ऑनलाइन गाने सुनना है या जब तक ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं तब तक ऑफिस का कोई काम निपटा ले। अगर ऐसा सोच रहे हैं तो उसके लिए आपको यहां आराम से WiFi की सुविधा मिल जाएगी।
- साउंड प्रूफ - बाहर का शोर-शराबा यात्रियों को परेशान न करें, बाहर से कोई व्यक्ति अचानक आपके स्लीपिंग पॉड में घुसकर आपकी निंद न खराब कर दे या बंद स्लीपिंग पॉड में आपको घुटन महसूस न होने लगे। इन सभी बातों का खास ख्याल रखा गया है। हर स्लीपिंग पॉड में वेंटिलेशन की अच्छी सुविधा, साउंड प्रूफ और लॉकिंग सिस्टम मौजूद है।
कैसे करेंगे बुक
स्लीपिंग पॉड को आप घंटों के हिसाब से बुक कर सकते हैं। जो इसे उन यात्रियों के लिए बड़ा ही सुविधाजनक बनाता है, जिन्हें किसी कारणवश स्टेशन पर अपनी ट्रेन का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। चाहे आप हैदराबाद के आसपास कहीं रहते हो और ट्रेन पकड़ने के लिए समय से पहले स्टेशन आ गये हों, कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ना हो या फिर आपकी ट्रेन लेट हो।
कुछ घंटों तक ठहरने के लिए होटल के बजाए स्लीपिंग पॉड बुक करना अच्छा विकल्प होगा। यात्री स्लीपिंग पॉड की बुकिंग ऑनलाइन एडवांस में या सीधे स्टेशन जाकर ऑफलाइन माध्यम से सर्विस काउंटर पर जाकर कर सकते हैं। स्लीपिंग पॉड का किराया यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही किफायती ही रखा गया है।
बता दें, विदेशों में कई स्टेशनों पर जैसे जापान, जर्मनी आदि में स्टेशनों पर स्लीपिंग पॉड की सुविधा उपलब्ध होती है। भारत में यह सुविधा प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को दी जा रही है। हैदराबाद रेलवे स्टेशन पर स्लीपिंग पॉड की सुविधा का शुरू होना इस स्टेशन पर हुए व्यापक विकास का ही एक हिस्सा है। हैदराबाद स्टेशन पर अब पहले से बेहतर वेटिंग एरिया, फुड कोर्ट, डिजिटल साइनबोर्ड और इंटरनेट कनेक्शन जैसी बेहतरीन सुविधाएं यात्रियों को मुहैया करवायी जा रह हैं।
बताया जाता है कि स्लीपिंग पॉड को लेकर हैदराबाद स्टेशन पर यात्रियों से उनकी प्रतिक्रियाएं भी मांगी जा रही हैं, जो अभी शुरुआती दिनों काफी सकारात्मक ही मिल रही है। मीडिया रिपोर्ट में भारतीय रेलवे के हवाले से दावा किया जा रहा है कि अगर हैदराबाद स्टेशन पर स्लीपिंग पॉड की सुविधा यात्रियों द्वारा पसंद की जाती है तो भविष्य में इसे देश के दूसरे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी जरूर शुरू किया जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














