इंटरनेट पर अगर आप सबसे अधिक सजावटी या सुन्दर एयरपोर्ट को सर्च करते हैं, तो सबसे पहला नाम सिंगापुर का छांगी एयरपोर्ट का दिखाता है। एक ऐसा एयरपोर्ट जिसके अंदर बगीचा से लेकर झरना तक बनाया गया है। इन तस्वीरों को देखकर लोग निश्चित रूप से सोच में पड़ जाते होंगे कि काश भारत में भी ऐसा कोई एयरपोर्ट होता। अगर आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं, तो जनाब जरा रूक जाइए।

आपने अभी तक भारत के इन एयरपोर्ट्स को अच्छी तरह से देखा ही नहीं है। हम भारत के ऐसे 5 एयरपोर्ट्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें देखकर एक पल के लिए आप जरूर सोचेंगे कि ये एयरपोर्ट हैं या कोई 5 अथवा 7 स्टार लग्जूरियस होटल। सजावट के मामले में ये एयरपोर्ट किसी भी विदेशी एयरपोर्ट को कड़ी टक्कर देते हैं।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक है। इस एयरपोर्ट से होकर बड़ी संख्या में लोग देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में आवाजाही करते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट को परंपरागत रूप से और काफी वाइब्रेंट रंगों से सजाया गया है। इस एयरपोर्ट का हर कोना भारतीय संस्कृति की अलग-अलग कहानी को बयां करता है।
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 के बाहर की विशाल मशरूम के आकार वाली छत हमेशा से लोगों को बेहद आकर्षित करता है। इस एयरपोर्ट पर मुख्य तौर पर सफेद और ब्राइट रंगों का इस्तेमाल किया गया है। मुंबई एयरपोर्ट के डिजाइन की थीम देश का राष्ट्रीय पक्षी मोर है। मुंबई एयरपोर्ट के अंदर एक बड़े हिस्से को पेड़-पौधों के साथ-साथ कई तरह के आर्टवर्क से सजाया और काफी आकर्षक बनाया गया है।
चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट

चेन्नई एयरपोर्ट को देखकर ही समझ में आता है कि काफी इंटेलिजेंट तरीके से इसके इंटीरियर को डिजाइन किया गया है। इस एयरपोर्ट टर्मिनल को H के आकार में बनाया गया है। एयरपोर्ट के अंदर वर्टिकल गार्डन और काफी अधिक मात्रा में नेचुरल लाइट देखने को मिलता है। जो इस एयरपोर्ट की सुन्दरता में चार चांद लगाता है।
राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैदराबाद

अगर आप पर्यावरण के प्रति जागरुक हैं, तो हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशन एयरपोर्ट निश्चित रूप से आपका मनपसंद एयरपोर्ट होगा। एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर हरे-भरे इनडोर पार्क को डिजाइन किया गया है। हैदराबाद एयरपोर्ट का डिजाइन तैयार करते समय होटल, कार्गो, रेलवे सुविधाओं आदि को अच्छी तरह से ध्यान में रखा गया था।
केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बैंगलोर

बैंगलोर के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारत का बेहतरीन एयरपोर्ट माना जाता है। इस एयरपोर्ट के इंटीरियर डेकोरेशन में कर्नाटक राज्य की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। टर्मिनल को सजाने के लिए वाइब्रेंट कलर के साथ-साथ मिरर वर्क, कॉपर कलर का भी खूब इस्तेमाल किया गया है। यह एयरपोर्ट यात्रियों को सभी तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाता है।



Click it and Unblock the Notifications















