इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना हो या फ्लाइट की टिकट बुक करनी हो, पेमेंट करते समय विकल्प के तौर पर No Cost EMI काफी लोकप्रिय हो रहा है। आमतौर पर इस विकल्प के माध्यम से अगर आप खरीदारी/बुकिंग करने पर मासिक किस्त पर बिना किसी ब्याज के पेमेंट को पूरा कर सकते हैं। लेकिन क्या No Cost EMI असली में जैसा दिखता है, वैसा ही होता है या कोई जाल है?
चलिए बेंगलुरु निवासी एक यात्री राकेश कुमार के अनुभवों से पता करते हैं, जिन्होंने हाल ही में अपने घर जाने के लिए No Cost EMI पर विमान की टिकटें बुक की थी। यह स्कैम है या नहीं, यह आप आर्टिकल के अंत में तय कीजियेगा, हम यहां वो सच पेश कर रहे हैं जो बेंगलुरु के इस यात्री ने हमें बतायी।

क्या हुआ इस यात्री के साथ?
बेंगलुरु के बीटीएम निवासी राकेश कुमार जो लखनऊ के रहने वाले हैं, उन्हें अपने पैतृक शहर लखनऊ जाना था। अपने शहर जाने का एक्साइटमेंट सभी को रहता है। उन्हें भी था, यह एक्साइटमेंट डबल हो गया जब तमाम बुकिंग साइट्स और एयरलाइंस ने स्वतंत्रता दिवस के नाम पर ऑफर निकाल दिये। एक्साइटमेंट इस बात का था कि जहां उन्हें एक टिकट ₹7000 का पड़ता अब ₹5000 के करीब पड़ेगा। फिर क्या था, लैपटॉप ओपन किया और टिकट बुक करने बैठ गये।
राकेश कुमार को अपने परिवार के चार सदस्यों का टिकट बुक करना था। बेंगलुरु से लखनऊ जाते समय साइट पर उपलब्ध कूपन अप्लाई करने के बाद चार टिकट की कीमत ₹20,543 पड़े। वहीं लखनऊ से बेंगलुरु वापस लौटते समय जब टिकट बुक करने गये तो 4 लोगों के टिकट की कीमत उन्हे ₹21594 दिखाया। बकौल राकेश कुमार, "अगर मैं साधारण कूपन अप्लाई करता तो मुझे ₹1400 की छूट दिखी। यह छूट लेने पर टिकट की कीमत ₹20,194 होती। लेकिन..."
"अचानक मुझे एक बैंक का ऑफर दिखा। ऑफर था No Cost EMI लेने पर 2000 रुपए की छूट। मैंने तुरंत कैल्कुलेशन किया और देखा कि मेरा टिकट ₹19,594 का पड़ रहा है। बस फिर क्या था, मैंने खट से कार्ड निकाला और टिकट बुक कर दिया। मन में भी खुशी थी कि 2000 रुपए बचा लिये।"
क्या होता है No Cost EMI?
यहां आपको बता दें कि No Cost EMI आखिर होता क्या है। दरअसल, यह पेमेंट करने का एक विकल्प है, जिसमें आप मासिक किस्त पर बिना किसी ब्याज के पेमेंट कर सकते हैं। आम तौर पर ब्याज रिटेलर या सर्विस प्रोवाइडर ही देता है। सुनने में यह विकल्प जरूर अच्छा लगता है क्योंकि यह एक तरह से बिना ब्याज पर मिलने वाला कर्ज जैसा ही होता है। लेकिन इसमें कई छिपे हुए चार्जेज भी होते हैं, जिनसे सावधान रहने की बहुत जरूरत होती है।
आगे क्या हुआ...
राकेश कुमार आगे बताते हैं, "दो दिन बाद मेरे पास बैंक से मेल आया कि आपने जो ₹19,594/- का ट्रांजैक्शन ईएमआई में कनवर्ट करने की रिक्वेस्ट की है, वो अप्रूव हो गई है।
मेल में लिखा था-
- Charge amount - INR 19594.00
- Charge detail - CC AVENUE Travel 6M EMI
- Tenure - 6 months
- Fixed interest rate - 14 % p.a.
- Processing fee - INR 199 plus GST
- Foreclosure charges - 3% of the outstanding balance along with applicable taxes
यह मेल देखकर मुझे पहला झटका लगा। मैंने तुरंत बैंक को फोन किया और पूछा कि जब यह No Cost EMI थी तो इंट्रेस्ट किस बात का?" बैंक की तरफ से मुझे बताया गया, No Cost EMI का मतलब यह नहीं होता है कि आपको इंट्रेस्ट नहीं भरना होगा। इसका मतलब होता है जो भी EMI का इंट्रेस्ट होगा वो सर्विस प्रोवाइडर (यहां सर्विस प्रोवाइडर फ्लाइट के लिए टिकट बुकिंग साइट था) भरेगा, जो कि आपको उसने 2000 रुपए की छूट देकर भर दिया है।
राकेश ने आगे कहा कि फिर मैंने सोचा अगर मैं EMI को 6 महीने की जगह तीन महीने की EMI करूं तो शायद इंट्रेस्ट कम भरना पड़े। यह पूछने पर बैंककर्मी ने बोला कि अगर तीन महीने की EMI होगी तो आपको 16% का इंट्रेस्ट पे करना होगा। फिर मैंने पूछा मैं EMI नहीं चाहता हूं, पूरा पेमेंट अभी कर दूंगा। तो बैंक कर्मी ने बताया कि इसके लिए आपको 3% Foreclosure charges+ Processing fee = INR 199 plus GST देना होगा। यानी कि 928/- रुपए अतिरिक्त।
ध्यान दें,
पूरी घटना के बाद राकेश कुमार ने बताया कि अगर मैं No Cost EMI न लेकर अपना टिकट बुकिंग साइट पर उपलब्ध सामान्य कूपन कोड से बुक करता तो मुझे ₹20,194 देना पड़ता। लेकिन No Cost EMI के झांसे में आकर मुझे टिकट ₹21,219 का पड़ा। यानी ₹2000 रुपए की छूट नहीं दरअसल वह एक ट्रैप था या यूं कहिये कि स्कैम था।
खैर राकेश कुमार तो इस स्कैम में 1 हजार रुपए का नुकसान कर बैठे। आप सतर्क रहियेगा। टिकट बुक करते वक्त अगर आप No Cost EMI का विकल्प चुनते हैं तो जब कैल्कुलेशन करियेगा तो उसमें 6 महीने के हिसाब से 14 प्रतिशत और तीन महीने के हिसाब से 16 प्रतिशत इंट्रेस्ट जरूर जोड़ लीजियेगा।
क्या मिला सबक
राकेश कुमार के अनुभव से पता चलता है कि No Cost EMI में वास्तव में कई छिपे हुए खर्च होते हैं, जिनको ध्यान में रखने की जरूर होती है।
1. इंट्रेस्ट यात्री ही भरते हैं - इस घटना से पता चलता है कि भले ही दिखाया गया हो कि इंट्रेस्ट सर्विस प्रोवाइडर ने भरा है, लेकिन बाद में यह इंट्रेस्ट यात्रियों को ही भरना पड़ता है।
2. प्रोसेसिंग फीस - इंट्रेस्ट के अलावा प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और भी कई तरह के शुल्क होते हैं, जो तब लगाएं जाते हैं जब कोई व्यक्ति EMI को बंद करने या जल्दी चुकाने के बारे में सोचता है।
3. फाइनल कॉस्ट - हमेशा No Cost EMI का विकल्प लेने से पहले आपका कितना खर्च होने वाला है, जिसमें सभी तरह के फीस और इंट्रेस्ट शामिल होंगे, उसे कैलकुलेट कर लेना बहुत जरूरी है।
क्या वाकई No Cost EMI एक स्कैम है?
इस सवाल का जवाब हां भी है और ना भी।
हां, अगर आपका बजट फ्लाइट की टिकट बुक करने की अनुमति देता है तो आपके लिए No Cost EMI एक स्कैम ही है। राकेश कुमार की तरह आपको भी ₹1000 से ₹2000 का चुना लगने की पूरी संभावना है। साथ ही अगर भविष्य में आप किसी भी कारणवश एक भी EMI देना Miss कर जाते है तो 2 से 3 हजार रुपए का जुर्माना फिर से लग सकता है।
ना, अगर आप वित्तीय समस्या से गुजर रहे हैं और आपको अचानक फ्लाइट से कहीं बाहर जाना पड़ रहा है तो निश्चित रूप से No Cost EMI का विकल्प चुन सकते हैं। हां, आपको 1000-2000 रुपए का अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है लेकिन फ्लाइट की टिकट बुक करने के लिए तुरंत ज्यादा रुपए बुक करने की परेशानी से आपको छुटकारा मिल जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














