मानसून के समय नेशनल पार्क और अभ्यारण्यों को बंद कर दिया जाता है। इसलिए बारिश की पहली बुंदों के साथ ही हरियाली की चादर ओढ़ लेने वाले जंगलों का दीदार करने से पर्यटक अक्सर वंचित रह जाते हैं। लेकिन इससे मायूस होने की जरूरत नहीं है।

जानवर नहीं देख पाएं तो क्या हुआ, मानसून में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का दीदार तो किया ही जा सकता है। इसके लिए आपको बस महाराष्ट्र में लोनावाला आना पड़ेगा। अगर आपने मानसून के समय लोनावाला आने का प्लान बनाया तो आप कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य जरूर आएं।
आइए आपको कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य के बारे में बताते हैं :

कहां है कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य
कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पनवेल तालुक में स्थित है। यह लोनावाला से महज 53 किमी की दूरी पर स्थित है। यह पक्षी अभ्यारण्य मुंबई से 66 और पूणे से 112 किमी की दूरी पर है। सिर्फ पक्षी अभ्यारण्य ही नहीं बल्कि यह जगह मुंबई का सबसे नजदीकी पिकनिक स्पॉट भी है। यह पक्षी अभ्यारण्य कर्नाला फोर्ट के पास अवस्थित है। बर्ड वॉचर और प्रकृति प्रेमियों के लिए कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य किसी जन्नत से कम नहीं है।
कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य का इतिहास

वर्ष 1968 में सबसे पहले इस जगह को पक्षी अभ्यारण्य के तौर पर घोषित किया गया था। शुरुआती समय में यह पक्षी अभ्यारण्य महज 4.45 वर्ग किमी के क्षेत्र में ही फैला हुआ था लेकिन साल 2003 के बाद धीरे-धीरे इसका विस्तार किया गया। अब यह अभ्यारण्य 12.11 वर्ग किमी के क्षेत्र में फैल चुका है। यूं तो ठंड के मौसम में प्रवासी पक्षी एक जगह से दूसरी जगह प्रवास पर जाते हैं, लेकिन कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य में मानसून के मौसम में भी विरल प्रजातियों के पक्षी प्रवास पर आते रहते हैं।
कितनी तरह की पक्षियों को देखने का मिलेगा मौका

कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य 150 से ज्यादा प्रजाति के पक्षियों का घर है। इसके अलावा विभिन्न मौसमों में यहां 37 से ज्यादा प्रजाति के प्रवासी पक्षी आते रहते हैं। सिर्फ सर्दी के मौसम में ही नहीं बल्कि मानसून के समय भी यहां कई प्रकार के विरल प्रजाति के प्रवासी पक्षी नजर आते हैं। इनमें मुख्य तौर पर रैकेट-टेल्ड ड्रॉन्गो, गोल्डेन बैक्ड वुडपिकर और हार्ट स्पॉटेड वुडपिकर शामिल हैं। इसके अलावा यहां थ्री टोड किंगफिशर, मालाबार ट्रॉगोन और एशी मिलवेट भी देखे जा सकते हैं।
सिर्फ पक्षी ही नहीं, जंगली जानवरों का भी है घर

यह पक्षी अभ्यारण्य सिर्फ पक्षियों का ही नहीं बल्कि कई तरह के जंगली जानवरों जैसे लंगूर, बंदरों की कई प्रजातियों और जंगली शूकरों का भी घर है। पक्षियों की चहचहाहट सुनते हुए अगर हरियाली के बीच कुछ समय गुजारने का विचार है तो मानसून के समय थोड़ा समय कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य में जरूर गुजारे। इसके साथ ही आप चाहे तो कर्नाला फोर्ट की ट्रेकिंग पर भी निकल सकते हैं।
कब और कैसे जाएं कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य
यह पक्षी अभ्यारण्य मुंबई-पूणे रुट पर अवस्थित है। सुबह 8 बजे से लेकर शाम को 6 बजे तक अभ्यारण्य खुला रहता है। कर्नाला पक्षी अभ्यारण्य में आप पैदल, बाइक या फिर गाड़ी से आ सकते हैं, जिसके लिए अलग-अलग टिकट लगता है। पैदल आने वालों को 20 रुपये (वयस्क) और 15 रुपये (बच्चे) का प्रवेश शुल्क देना पड़ेगा। प्रत्येक बाइक के लिए 15 रुपये और गाड़ियों के लिए 50 रुपये का प्रवेश शुल्क चुकाना पड़ता है।



Click it and Unblock the Notifications













