देशभर की नजरें इस समय महाराष्ट्र पर टिकी हुई है। महाराष्ट्र इन दिनों एक या दो नहीं बल्कि तीन नए एयरपोर्ट की वजह से चर्चाओं में छाया हुआ है। एक तरफ जहां पिछले लंबे समय से नवी मुंबई एयरपोर्ट के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर पुणे के पास पुरंदर में नया एयरपोर्ट बनाने की प्रक्रिया में तेजी लायी गयी है।
इस बीच चुपके से महाराष्ट्र में एक और नया एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है, जिसका उद्घाटन 16 अप्रैल को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उसी दिन से इस नए एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी।

कहां बना है नया एयरपोर्ट?
महाराष्ट्र में बनकर तैयार हुए जिस नए एयरपोर्ट के विषय में हम बात कर रहे हैं, वह अमरावती में मौजूद है। कहा जा रहा है कि इस नए एयरपोर्ट के शुरू होने से अमरावती और पश्चिमी विदर्भ क्षेत्र में एक नए युग का आरंभ होगा। 16 अप्रैल को सीएम फडणवीस इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और उसी दिन से यहां से यात्री सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी।
अमरावती एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी विदर्भ क्षेत्र का देश के कई हिस्सों के साथ सीधा संपर्क बन जाएगा, जो इस क्षेत्र की आर्थिक उन्नति में काफी मददगार साबित होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह इलाका अपने कृषि क्षेत्रों की वजह से जाना जाता है, यहां एयरपोर्ट के खुलने से व्यवसाय और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
MADC ने तैयार किया है एयरपोर्ट
India Tv की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अमरावती शहर से लगभग 15 किमी की दूरी पर बेलोरा के पास यह एयरपोर्ट मौजूद है। इस एयरपोर्ट का निर्माण महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (MADC) द्वारा किया गया है, जिसपर यहां से सभी विमानों के संचालन की जिम्मेदारी भी है।
अमरावती एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ 18 मीटर चौड़ा और 50 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है। यहां प्रीसीशन एप्रोच पाथ इंडिकेटर (PAPI) सिस्टम लगाया गया है, जो विमानों की लैंडिंग के समय अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा मुहैया करवाता है।
16 अप्रैल को उड़ान भरेगी पहली विमान
अमरावती एयरपोर्ट से पहली उड़ान 16 अप्रैल को मुंबई के लिए उड़ेगी, जो आलियांस एयर फ्लाईट की होगी। बताया जाता है कि यह 72 सीटों वाला एक एयरक्राफ्ट है, जो पूरा बुक हो चुका है। अमरावती एयरपोर्ट से यह विमान 11.30 बजे उड़ान भरेगी जो मुंबई एयरपोर्ट पर दोपहर 1.15 बजे लैंड करेगी।
बताया जाता है कि 1 घंटा 45 मिनट की उड़ान का किराया ₹2100 है। दावा किया जा रहा है कि अमरावती से मुंबई के बीच आवाजाही करने वाले बड़ी संख्या में लोगों को इस एयरपोर्ट के शुरू होने से फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि आलियांस एयर, Air India की ही शाखा है जो अमरावती से मुंबई के बीच सप्ताह में 3 दिन, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ानों का संचालन करेगी। मुंबई से अमरावती के लिए विमान दोपहर 2.30 बजे उड़ान भरेगी जो शाम 4.20 बजे अमरावती एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। वहीं वापसी में शाम 4.50 बजे अमरावती से उड़ान भरने वाली विमान शाम 6.35 बजे मुंबई पहुंचेगी।
अब तक अमरावती से मुंबई के बीच आवाजाही करने के लिए लोगों को ट्रेन या बस सेवाओं का सहारा लेना पड़ता था, जिसमें कम से कम 8 घंटों का वक्त लग जाता था। दावा किया जा रहा है कि नई उड़ान सेवाओं के शुरू होने से यह समय काफी ज्यादा घट जाएगी, जिसका फायदा यात्रियों को जरूर मिलने वाला है।
बताया जाता है कि 16 अप्रैल को अमरावती एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजीत पवार के साथ ही चंद्रशेखर बवनकुले के भी मौजूद रहने की संभावना है। इसके साथ ही मौके पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














