नागपुर में खुल गया है एशिया का सबसे लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन और हाईवे मंत्री नीतिन गडकरी ने इस डबल डेकर फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। नागपुर में खुला यह डबल डेकर फ्लाईओवर सिर्फ एशिया में सबसे लंबा ही नहीं बल्कि देश की पहली चार मंजिली संरचना भी है।
यानी एक फ्लाईओवर पर अलग-अलग स्तरों पर चार अलग-अलग तरह के परिवहन के माध्यमों से यात्रा की जा सकेगी। नागपुर में कहां बना है यह डबल डेकर फ्लाईओवर? कितनी है इसकी लागत? क्या है लंबाई और परिवहन के कौन से 4 माध्यम हैं जिनसे होकर इस फ्लाईओवर पर यात्रा किया जा सकता है?

कहां बना है डबल डेकर फ्लाईओवर?
नागपुर में महामेट्रो और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के सहयोग से इस फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। नागपुर में कैम्पटी रोड (Kamptee Road) के LIC स्क्वायर से ऑटोमोटिव स्क्वॉयर तक इस फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। डबल डेकर इस फ्लाईओवर की कुल लंबाई 5.6 किमी है, जो इसे एशिया का सबसे लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर बनाता है।
इससे पहले एशिया का सबसे लंबे फ्लाईओवर का रिकॉर्ड भी नागपुर के नाम था। इससे पहले नागपुर के वर्धा रोड फ्लाईओवर, जो 3.14 किमी लंबा है, के नाम एशिया का सबसे लंबा फ्लाईओवर का रिकॉर्ड था।
एक फ्लाईओवर, यात्रा के चार अलग-अलग माध्यम
नागपुर का नए नवेले फ्लाईओवर पर चार अलग-अलग माध्यमों से यात्रा की जा सकती है। इस फ्लाईओवर के सबसे ऊपरी स्तर पर मेट्रो का लाइन बिछाया गया है। उससे नीचे वाले स्तर पर वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क बनायी गयी है। उससे नीचे वाले स्तर पर ट्रेन आवाजाही करेंगी, जिसके लिए रेलवे ट्रैक बिछाया गया है और सबसे नीचले स्तर पर सड़क है, जिससे होकर सामान्य वाहन आवाजाही कर सकेंगे।

दावा किया जा रहा है कि इस नये फ्लाईओवर के निर्माण से कैम्पटी से नागपुर एयरपोर्ट तक 20 किमी दूरी को तय करने में महज 20 मिनट का समय लगेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में किये जा रहे दावों के अनुसार नया एशिया का सबसे लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर को इंजीनियरिंग और इनोवेशन का शानदार उदाहरण माना जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार इस फ्लाईओवर का निर्माण करीब ₹573 करोड़ की लागत से किया गया है। इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2019 में की गयी थी। बताया जाता है कि इस फ्लाईओवर के खुल जाने से गड्डीगोदम मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक का बहाव अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और सरलता के साथ हो सकेगा।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अपने बयान में कहा कि नागपुर में 3 प्रमुख फ्लाईओवर हैं, वर्धा फ्लाईओवर, परदी फ्लाईओवर और अब कैम्पटी फ्लाईओवर। इन सभी फ्लाईओवर के निर्माण की कुल लागत करीब ₹1300-₹1400 करोड़ की लागत से की गयी है।



Click it and Unblock the Notifications














