सिर्फ विदेश जाने के लिए ही नहीं बल्कि आज के समय नौकरी के लिए भी सबसे महत्वपूर्ण कागजातों में पासपोर्ट की गिनती होती हैं। पासपोर्ट भारत का सबसे अधिक मजबूत डॉक्यूमेंट है, जिसकी जरुरत कभी भी हो सकती है। अगर आपको विदेशों में घुमने या ऑफिस के काम के सिलसिले में जाने की योजना है तो बिना पासपोर्ट के आप कहीं नहीं जा सकेंगे। अगर आपने अभी तक अपना पासपोर्ट नहीं बनवाया है तो जरा ध्यान दें।

हम आपको पासपोर्ट के लिए आवेदन करने से लेकर उसका शुल्क और सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट तक, सबकी जानकारी दे रहे हैं।
कैसे करें आवेदन
आज के समय में पासपोर्ट के लिए आवेदन करना काफी आसान हो गया है। वह दिन अब गये जब लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए पासपोर्ट ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे। पासपोर्ट के लिए अब ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। सबसे पहले भारत सरकार के Passport Seva वेबसाइट पर जाएं। यहां आपको New Registration पर क्लीक करना होगा। इसके बाद अपने लोकेशन के आधार पर नजदीकी पासपोर्ट ऑफिस व मांगी गयी बाकी सभी जानकारियों को भरकर अपना पासपोर्ट लॉग इन आईडी तैयार कर लें।
इसके बाद आपके रजिस्टर्ड ईमेल अकाउंट पर एक एक्टिवेशन मेल आएगा, जिसमें दिये गये लिंक पर क्लिक कर आपको अपना लॉग इन एक्टिवेट करना होगा। अगली बार जब आप Passport Seva वेबसाइट पर जाएंगे तो वर्तमान यूजन लॉगइन पर क्लीक करेंगे। इसके बाद आपको तीन विकल्प दिखाएगा, जिसमें से आपको Fresh Application (अगर आप पहली बार आवेदन कर रहे हैं) चुनना होगा। फिर मांगी जा रही सभी जानकारियां, जैसे आपका पूरा नाम, पता और दो ऐसे डॉक्यूमेंट जिन्हें आप अपने साथ पासपोर्ट ऑफिस ले जाकर दिखा सकें, उन्हें चुनेंगे।
क्या करना होगा आगे?
सभी जानकारियां देते ही आपका रेफरेंस नंबर जेनरेट हो जाएगा। अब बारी है पेमेंट की। कितना पेमेंट करना होगा? कौन से डॉक्यूमेंट लगेंगे? जरा धैर्य रखिए जनाब...सब बताएंगे। पेमेंट करने से पहले आपको अपना सबसे नजदीकी पासपोर्ट ऑफिस और अप्वाएंटमेंट की डेट को सिलेक्ट करना होगा। इसके बाद दिये गये पेमेंट के लिंक पर क्लीक कर आपको पासपोर्ट आवेदन का शुल्क जमा कर देना होगा।

कौन से डॉक्यूमेंट की होती है जरूरत?
पासपोर्ट बनवाने के लिए भारत सरकार ने कई डॉक्यूमेंट्स का विकल्प दिया हुआ है। इनमें से किसी भी दो डॉक्यूमेंट का चुनाव आप अपने आवेदन के साथ कर सकते हैं।
Address प्रमाण के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट की सूची :
- पानी का बिल
- टेलीफोन का बिल (लैंडलाइन या पोस्टपेड मोबाइल)
- इलेक्ट्रिक बिल
- इनकम टैक्स एसेसमेंट ऑर्डर
- मतदाता पहचान पत्र
- गैस कनेक्शन का प्रमाण
- रेप्यूटेड कंपनी के लेटर हेड पर दिया गया प्रमाण
- पति/पत्नी के पासपोर्ट की कॉपी
- नाबालिग बच्चों के लिए माता/पिता के पासपोर्ट की कॉपी (पहला और आखिरी पेज)
- आधार कार्ड
- किराया का एग्रीमेंट
- बैंक का फोटो समेत पासबुक, जिसका इस्तेमाल हो रहा हो।
जन्म प्रमाण के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स की सूची :
- नगर निकाय का जन्म प्रमाण पत्र या रजिस्ट्रार द्वारा जारी प्रमाण पत्र
- ट्रांसफर या स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट
- मैट्रिक का सर्टिफिकेट
- लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी का बॉन्ड
- मतदाता पहचान पत्र
- सर्विस रिकॉर्ड या पेंशन ऑर्डर
- ड्राईविंग लाइसेंस
- अनाथ आश्रम से जारी प्रमाण पत्र
कितना होगा आवेदन शुल्क?
पासपोर्ट के लिए आवेदन शुल्क बहुत ज्यादा नहीं होता है। रेफरेंस नंबर जेनरेट होने के बाद आपको पेमेंट करने का विकल्प दिया जाएगा। अगर आप 36 पेज के पासपोर्ट के लिए आवेदन कर रहे हैं तो आपको ₹1,500 और अगर आप 60 पेज के पासपोर्ट के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो आपको ₹2,000 का शुल्क चुकाना होगा। पासपोर्ट रि-इश्यू करने के लिए भी यहीं शुल्क चुकाना होगा।
बच्चों के पासपोर्ट के लिए आवेदन का शुल्क ₹1,000 है। 18 साल तक के बच्चों के लिए यह शुल्क लागू होगा जिसमें 36 पेज का पासपोर्ट दिया जाता है। पासपोर्ट तत्काल सेवा के लिए अतिरिक्त ₹2,000 देने पड़ेंगे, जो बच्चों और वयस्कों सभी पर एक समान लागू है। अगर आपने किसी कारणवश अपना पासपोर्ट खो दिया या वो चोरी हो गया है अथवा किसी कारणवश खराब हो गया है तो उसके लिए आवेदन करने पर आपको 36 पेज के पासपोर्ट के लिए ₹3000 और 60 पेज के पासपोर्ट के लिए ₹3500 का शुल्क चुकाना होगा।
हमें पूरी उम्मीद है कि पासपोर्ट के आवेदन से संबंधित यह आर्टिकल आपके लिए मददगार जरूर साबित होगा। अगर आपके जान-पहचान का कोई व्यक्ति पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन करना चाहता है लेकिन उसे पूरी प्रक्रिया क्या होगी, कैसे आवेदन करना होगा इत्यादि समझ में नहीं आ रहा है, तो उसके साथ भी इस आर्टिकल को शेयर करना बिल्कुल मत भुलिए।



Click it and Unblock the Notifications














