बड़ा चार धाम में से एक ओडिशा के पुरी में स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर। अब श्रद्धालु पुरी के जगन्नाथ मंदिर में मुफ्त में दर्शन कर सकेंगे। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्हें महाप्रसाद भी दिया जाएगा। इस बात की घोषणा हाल ही में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने की।
वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने ओडिशा सरकार की नयी पहल श्री जगन्नाथ दर्शन योजना की घोषणा की। लेकिन यह योजना का लाभ सभी आम श्रद्धालुओं को नहीं मिलेगा।

राज्य सरकार ने इस साल के बजट में ₹820 करोड़ पर्यटन विभाग को आवंटित किया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने एक नयी योजना श्री जगन्नाथ दर्शन योजना की भी घोषणा की, मुख्य रूप से जरूरतमंदों के लिए ही लायी गयी है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत न सिर्फ जरूरतमंदों को श्री मंदिर में प्रवेश और दर्शन करने का मौका मिलेगा बल्कि उन्हें जगन्नाथ मंदिर का प्रसिद्ध महाप्रसाद भी ग्रहण करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा आवंटित राशि को पर्यटन स्थलों की विकास और उनको बढ़ावा देने के लिए भी खर्च की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में इस साल के बजट में राज्य सरकार ने ₹20 करोड़ अधिक आवंटित किया है। पिछले साल राज्य सरकार ने ₹800 करोड़ का बजट आवंटित किया था। बताया जाता है कि इसमें से श्री जगन्नाथ दर्शन योजना के लिए ₹30 करोड़ आवंटित किया गया है।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने केओंझार के घाटागांव में स्थित मां तारिणी मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए भी ₹225 करोड़ आवंटित किया है। इसके अलावा साक्षी गोपाल मंदिर के पुनर्निर्माण की योजना भी बनायी गयी है। एक शानदार 'शून्य मंडप' और जोरांदा के पास महिमा गाड़ी का निर्माण किया जाएगा।
राज्य सरकार अगले 5 सालों में कई मास्टर प्लान बनाएगी, जिसमें देवमाली, धौली, चिलका, खंडगिरी-उदयगिरी, खिचिंग, सातकोसिया और सिमलीपाल का विकास शामिल है। बताया जाता है कि महिला पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 30 जगहों पर महिला पर्यटन मित्रों की नियुक्ति की जाएगी।



Click it and Unblock the Notifications














