उमराह पर मक्का जाने का प्लान बना रहे हैं? आपके लिए गुड न्यूज हैं। सऊदी अरब में हज के साथ-साथ उमराह के लिए भी विशेष वीजा की जरुरत होती है। सऊदी अरब ने मक्का में उमराह के लिए आने वाले लोगों के लिए अपने वीजा के नियमों में बदलाव किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सऊदी अरब हज और उमराह मंत्रालय ने उमराह वीजा के नियमों में बड़े बदलाव किया है। मिली जानकारी के अनुसार अब उमराह वीजा जारी होने के दिन से लेकर अगले 90 दिनों (3 महीनों) तक वैध रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार वीजा के नियमों में यह बदलाव 14 से 19 जून तक चलने वाले हज सीजन के मद्देनजर किया गया है।

लेकिन उमराह और टूरिस्ट वीजा में अंतर क्या है? दोनों वीजा ही सऊदी अरब के लिए ही जारी किये जाते हैं, लेकिन दोनों वीजा के नियमों में क्या फर्क होता है?
सऊदी अरब का टूरिस्ट वीजा भी उमराह वीजा के नये नियमानुसार 90 दिनों तक ही वैध रहता है, लेकिन सऊदी अरब का टूरिस्ट वीजा मल्टीपल-एंट्री वीजा होता है। जबकि उमराह वीजा अधिकतम 90 दिनों की वैधता के साथ सिंगल-एंट्री वीजा होता है।
उमराह वीजा के नियमों में क्या हुआ है बदलाव?
मिली जानकारी के अनुसार उमराह वीजा के पुराने नियमों के अनुसार यह वीजा 90 दिनों तक वैध रहता था लेकिन वीजा की शुरुआत सऊदी अरब में प्रवेश के साथ होती थी। वहीं उमराह वीजा के नये नियमों के अनुसार यह वीजा भी 3 महीनों तक ही वैध रहेगा लेकिन इसकी वैधता वीजा जारी होने के दिन से ही शुरू हो जाता है।
सीधे शब्दों में कहा जाए तो पुराने नियम में सऊदी अरब में प्रवेश करने के बाद से अगले 3 महीनों के अंदर उमराह वीजा पर कोई भी तीर्थ यात्री मक्का में उमराह पर जा सकता था जबकि नये नियमानुसार उमराह वीजा जारी होने के 3 महीने के अंदर मक्का में उमराह पर जाना जरूरी होगा।

खास बात है कि उमराह वीजा का इस्तेमाल कर कोई भी व्यक्ति तीर्थ (उमराह) के अलावा और कोई भी गतिविधि जैसे नौकरी आदि नहीं कर सकता है। सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने सभी तीर्थ यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उमराह वीजा के नियमों में हुए बदलावों का सम्मान करें और वीजा खत्म होने से पहले सऊदी अरब से बाहर चले जाएं।
उमराह और हज में क्या अंतर है?
उमराह और हज, दोनों ही सऊदी अरब के मक्का में होने वाली तीर्थ यात्राएं हैं, लेकिन दोनों में काफी अंतर हैं। इस्लाम धर्म में प्रत्येक मुसलमान को जीवन में एक बार हज यात्रा पर जाना अनिवार्य माना जाता है। यह साल के कुछ खास समय में ही आयोजित होता है। इस साल हज यात्रा 14 से 19 जून तक चलेगी। लेकिन उमराह इस्लामिक कैलेंडर के आधार पर किसी भी समय किया जा सकता है।
गौरतलब है कि सऊदी अरब के ई-वीजा पर पर्यटकों को परिवार के साथ घूमना, पर्यटन से जुड़ी दूसरी गतिविधियों के साथ उमराह करने की भी अनुमति दी जाती है। लेकिन ई-वीजा पर हज करने की अनुमति नहीं होती है। और न ही उमराह वीजा पर हज करने की अनुमति होती है। हज के लिए तीर्थ यात्रियों को सऊदी हज वीजा की जरुरत होती है। जानकारी के अनुसार इस साल हज के लिए वीजा जारी करने की अंतिम तारीख 29 अप्रैल है।



Click it and Unblock the Notifications













