भारतीय रेलवे लगातार वंदे भारत एक्सप्रेस के नेटवर्क का विस्तार करने में लगी हुई है। इसी क्रम में मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय रेलवे जल्द ही वंदे भारत स्लीपर कोच और वंदे भारत मेट्रो को लॉन्च करने की तैयारियां कर रही हैं। बताया जाता है कि इसी वित्तीय वर्ष के अंदर वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर ट्रेन की पहली रेक को लॉन्च किया जा सकता है।
बता दें, देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस फरवरी 2019 को नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलायी गयी थी। अब 34 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है। अब सेमी हाई स्पीड इस ट्रेन के स्लीपर वर्जन को लॉन्च करने की तैयारियां चल रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस ट्रेन की प्रतिकृति (Prototype) तैयार की जा चुकी है जिसका ट्रायल रन इस साल अप्रैल में किया जा सकता है। चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में इस ट्रेन को तैयार किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ने के लिए डिजाइन किया गया है।
इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जो 887 यात्रियों की क्षमता वाली होगी। स्लीपर ट्रेन को सभी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। इसका डिजाइन मॉडर्न और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही किया गया है।
किस रूट पर होगा इसका संचालन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेन का संचालन सबसे पहले राजधानी एक्सप्रेस के रूट पर ही किया जाएगा। इसे सबसे पहले दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलाया जाएगा। आधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिखने में बिल्कुल किसी चलती-फिरती लग्जरी होटल की तरह है। इस ट्रेन के कोच आम स्लीपर कोच से कहीं अधिक आरामदायक और क्लासिक डिजाइन वाली होंगी।
हर कोच के फ्लोर पर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों को रात के समय में कोई असुविधा न हो। वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेनों में एसी और नॉन-एसी दोनों तरह के कोच होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें कुल 16 कोच होंगे जिसमें 11 एसी 3, चार एसी 2 और एक एसी 1 कोच होगा। बताया जाता है कि कोचों की संख्या 20 से 24 तक बढ़ायी जा सकेगी।



Click it and Unblock the Notifications














