विनय और उसके 5 दोस्त पिछले लंबे समय से थाईलैंड की ट्रिप प्लान करने के बारे में सोच रहे थे। लेकिन कभी किसी को ऑफिस से छुट्टी नहीं मिलती तो कभी किसी का वीजा अटक जाता। पिछले दिनों जब श्रीलंका ने भारतीय नागरिकों को वीजा फ्री घूमने का मौका दिया तो दोस्तों की इस टोली ने श्रीलंका ट्रिप पर ही जाने का फैसला लिया। उसी हिसाब से सभी तैयारियां और शॉपिंग भी इनकी शुरू हो गयी थी।

दिल्ली से श्रीलंका की ट्रिप शुरू करने में सिर्फ 7 दिन ही बाकी हैं और अचानक नीतेश ने विनय को फोन घूमाया और कहा कि थाईलैंड के लिए बैग पैक कर ले। विनय हक्का-बक्का सा खड़ा सुनता रहा क्योंकि पिछली बार उसे ही थाईलैंड का वीजा नहीं मिल सका था, जिस वजह से बाकी सभी दोस्तों ने भी अपना प्लान कैंसिल कर दिया था। दरअसल, भारतीय पर्यटकों के लिए थाईलैंड सरकार की एक बड़ी घोषणा सुनने के बाद ही नीतेश ने विनय को फोन किया था।
बिना वीजा जा सकेंगे भारतीय पर्यटक

थाईलैंड पर्यटन विभाग ने भारतीय सैलानियों के लिए बिना वीजा 30 दिनों तक थाईलैंड में घूमने का ऑफर दिया है। यह ऑफर अगले 6 महीनों तक वैध रहेगा, यानी नवंबर 2023 से लेकर मई 2024 तक अगर कोई ऐसा भारतीय नागरिक थाईलैंड जाना चाहे जिसके पास वीजा नहीं है, तो वह बिना वीजा के थाईलैंड घूम सकेगा। थाईलैंड ने यह छुट सिर्फ भारतीय नागरिकों को ही नहीं बल्कि ताइवान को भी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार थाईलैंड सरकार के प्रवक्ता ने इस बारे में कहा कि भारत और ताईवान से आने वाले पर्यटकों को 30 दिनों का वीजा फ्री होगा। इससे पहले थाईलैंड ने सितंबर के महीने में चीनी पर्यटकों को वीजा फ्री का ऑफर दिया था।
कब से कब तक मिलेगा ऑफर

थाईलैंड के पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 10 नवंबर 2023 से 10 मई 2024 के बीच अगर कोई भारतीय नागरिक थाईलैंड जाता है तो वह वहां 30 दिनों के लिए बिना वीजा के रुक सकता है। यहीं नियम ताईवान से आने वाले सैलानियों पर भी लागू होगी।
क्यों लिया गया यह फैसला

कोरोना अतिमारी के बाद कई देशों की अर्थव्यवस्था में गिरावट दर्ज की गयी है। ऐसे में संभव है कि थाईलैंड अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्यटन का सहारा लेने के बारे में सोच रहा है और इसी कारण समय-समय पर कई ऑफर भी लेकर आ रहा है। थाई सरकार के प्रवक्ता के बयान के अनुसार थाईलैंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का योगदान करीब 25 अरब डॉलर होता है। 1 जनवरी 2023 से लेकर 29 अक्टूबर 2023 तक करीब 2.2 करोड़ पर्यटक थाईलैंड आ चुके हैं।

इसका मतलब है कि सैलानियों को थाईलैंड बतौर टूरिस्ट डेस्टिनेशन पसंद आ रहा है। अगर भारतीय नागरिकों की बात की जाए तो पिछले 10 महीनों के दौरान लगभग 12 लाख भारतीय नागरिक थाईलैंड घूमने के लिए गये थे। भारत थाईलैंड के लिए पर्यटन के दृष्टिकोण से चौथा सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है। थाई सरकार ने उम्मीद जतायी है कि वीजा फ्री ऑफर के बाद थाईलैंड जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या 2.8 करोड़ तक पहुंच सकती है।
श्रीलंका ने भी दिया है ऑफर

थाईलैंड से पहले श्रीलंका ने पर्यटकों को वीजा फ्री एंट्री के ऑफर की घोषणा की है। पिछले कुछ समय से राजनैतिक कारणों से श्रीलंका की अर्थव्यवस्था की डावांडोल स्थिति के बारे में तो सभी को पता होगा। इसलिए अपनी अर्थव्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से ही श्रीलंका ने भी भारत समेत 6 देशों के नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री का ऑफर दिया है।

हाल ही में श्रीलंका के विदेश मंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2024 तक भारत समेत कुल 7 देशों से आने वाले नागरिकों को श्रीलंका में घूमने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होगी। जिन 6 देशों के नागरिकों के लिए श्रीलंका ने वीजा फ्री एंट्री की घोषणा की है, उनमें भारत, रूस, चीन, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया और जापान शामिल हैं।



Click it and Unblock the Notifications












