अयोध्या के राम मंदिर में इस साल बड़ी ही भव्य राम नवमी मनायी जा रही है। 500 सालों बाद जन्मभूमि पर बने मंदिर में रामलला की स्थापना और उनके जन्मोत्सव को लेकर राम भक्तों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल लगभग 50 लाख श्रद्धालु राम नवमी के समय अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने पहुंचने वाले हैं।
इसे लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियां भी कर ली हैं। राम नवमी के मेले को लेकर अयोध्या में आज यानी 15 अप्रैल से रूट डायवर्जन लागू किया गया है। वहीं दूसरी तरफ राम मंदिर में दर्शन के पहले से बनवाये गये पास को भी रद्द कर दिया गया है।

आइए अयोध्या में लागू होने वाली ट्रैफिक एडवाइजरी से लेकर राम नवमी को लेकर राम मंदिर में किये गये बदलावों के बारे में आपको विस्तार से बताते हैं -
राम नवमी मेले को लेकर अयोध्या में जो रूट डायवर्जन और ट्रैफिक एडवाइजरी लागू की गयी है वह आज (15 अप्रैल) की दोपहर 2 बजे से 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान अयोध्या हाईवे पर भारी मालवाहक वाहनों, ट्रक, ट्रैक्टर आदि का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा रामलला के दर्शन करने पहुंचने वाले भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर जो रूट डायवर्जन लागू किया जा रहा है वह निम्न हैं -
- गोरखपुर से वाहनों को गोरखपुर-कौड़ीराम-बडहलगंज-दोहरीघाट-जीयनपुर-आजमगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- गोरखपुर के सन्तकबीरनगर बस्ती से आने वाले वाहनों को कलवारी-टाण्डा-अकबरपुर-दोस्तपुर से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे डायवर्ट किया जाएगा।
- गोरखपुर-संतकबीरनगर-बासी-मेहदावल-डुमरियागंज-उतरौला-बलरामपुर-गोण्डा से आने वाले वाहनों को जरवल रोड तिराहा से वापस आकर बहराइच की ओर जाकर टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग में डायवर्ट किया जाएगा।
- कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर-उन्नाव-मौरावां-मोहनलालगंज-गोसाईगंज-चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर डायवर्ट किया जाएगा।
- लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान-जुनाबगंज-मोहनलालगंज से गोसाईगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर डायवर्ट किया जाएगा।
- सीतापुर, शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा-आलमबाग-नहरिया-शहीदपथ-अहीमामऊ से होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे डायवर्ट किया जाएगा।
- बलरामपुर-बहराइच-गोण्डा-श्रावस्ती-अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलारी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर - लखनऊ मार्ग में डायवर्ट किया जाएगा।
- सुल्तानुपर से आने वाले वाहनों को कूढ़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गन्तव्य की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से अपने-अपने गन्तव्य हेतु डायवर्ट किया जाएगा।
- लखनऊ-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को बाराबंकी से चौकाघाट-जरवल रोड-कर्नेलगंज होते हुए आगे की ओर जाने के लिए डायवर्ट किया जाएगा।
- आजमगढ़-अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहनों को अम्बेडकरनगर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आगे के लिए डायवर्ट किया जाएगा।
- बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया-रामसनेही घाट से हैदरगढ़-पूर्वाचंल एक्प्रेस-वे से आगे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर-नवाबगंज-गोण्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- गोण्डा-नवाबगंज से आने वाले वाहनों को लकड़मण्डी-लोलपुर-बस्ती की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

VIP दर्शन और पहले से लिये गये पास रद्द
राम नवमी के मौके पर अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है कि सोमवार (15 अप्रैल) से गुरुवार (18 अप्रैल) तक पहले से बनवाए गये सभी ऑनलाइन पास को रद्द कर दिये जाएंगे। मंदिर के कपाट सुबह 5 बजे मंगला आरती के बाद खोल दिये जाएंगे और रात को 12 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के पट बंद होंगे।
तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक राम नवमी पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक समय तक रामलला के दर्शन करने का मौका मिले, इसे सुनिश्चित करने के लिए ही सुगम दर्शन और आरती के पास पर रोक लगायी गयी है। बताया जाता है कि सोमवार से गुरुवार तक रोज 20 घंटे तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी। 4 घंटे का समय रामलला के श्रृंगार, भोग, आरती और शयन के लिए रखा जाएगा। साथ ही इस दौरान यानी सोमवार से गुरुवार तक VIP दर्शन पर भी रोक रहेगी।



Click it and Unblock the Notifications














