देश के सभी हिस्सों में ठंड बढ़ रही है। इसके साथ ही चिंता बढ़ा रहा है कोरोना का नया वेरिएंट। अलग-अलग राज्यों में कोरोना के नये वेरिएंट JN.1 से संक्रमित मरीज मिलने से केंद्र समेत तमाम राज्य सरकारों की नींद उड़ी हुई है। हालांकि 'विश्व स्वास्थ संगठन' (WHO) ने कहा है कि कोरोना के इस नये वेरिएंट से लोगों को ज्यादा खतरा नहीं है। लेकिन केंद्र सरकार किसी भी प्रकार का खतरा मोल नहीं लेना चाहती है।

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सभी तैयारियां और सतर्कता बढ़ाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक कोरोना के नये वेरिएंट JN.1 से अमेरिका, चीन, सिंगापुर और भारत में संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी की गाइडलाइंस
उत्तर प्रदेश में अगले महीने राम मंदिर के उद्घाटन का भव्य समारोह आयोजित होने वाला है। इस वजह से अयोध्या में लाखों की तादाद में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ है। आने वाले समय में लोगों की भीड़ बढ़ने की संभावना और भी ज्यादा है। कोरोना के नये वेरिएंट से संक्रमित एक मरीज की पहचान राजधानी लखनऊ में हुई है। बताया जाता है कि 75 वर्षीया उक्त महिला हाल ही में थाईलैंड से वापस लौटी है।
नोएडा के रहने वाले एक और मरीज का कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी भी मिली है। 54 वर्षीय उक्त व्यक्ति गुरुग्राम के एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। उसके सैंपल को जीनोम सिक्वेंस जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। उक्त व्यक्ति ने महीने के शुरुआत में नेपाल की यात्रा की थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने नयी कोरोना गाइडलाइंस जारी कर दी है। इसके तहत खांसी, बुखार और सांस से संबंधित किसी भी परेशानी पर कोरोना की जांच करवानी होगी। सर्दी-जुकाम, खांसी के मरीजों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
अगर कोई मरीज कोरोना से संक्रमित पाया जाता है तो उसके सैंपल को जीनोम सिक्वेंस के लिए लखनऊ लैब में भेजा जाएगा। जब तक कोविड रिपोर्ट नहीं आ जाएगी, उन्हें आइसोलेशन में रखने का निर्देश जारी किया गया है।

6 माह का बच्चा कोरोना संक्रमित
पश्चिम बंगाल में एक 6 महीने के बच्चे का कोरोना से संक्रमित होने का पता चला है। हालांकि अभी यह निश्चित नहीं हुआ है कि वह बच्चा कोरोना के नये वेरिएंट JN.1 से संक्रमित है या नहीं। राज्य में कुल 3 लोगों के कोरोना संक्रमित होने का पता चला है। बताया जाता है कि बिहार से आए इस बच्चे का इलाज कोलकाता के मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में चल रहा है। वहीं अन्य दोनों लोगों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है।
निजी अस्पताल में भर्ती दोनों व्यक्ति तेज बुखार, खांसी और सर्दी से पीड़ित थे। उनका RT-PCR टेस्ट किया गया तो कोविड-19 सकरात्मक रिपोर्ट आया। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि तीनों को निगरानी में रखा जा रहा है।
केंद्र की बढ़ी चिंता
देश में कोरोना वायरस के नये वेरिएंट JN.1 के केस मिलने के बाद केंद्र सरकार के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आयी हैं। केंद्र ने अलग-अलग राज्यों के लिए सतर्कता निर्देश जारी किये हैं। हालांकि JN.1 से संक्रमित होने वाले मरीजों की स्थिति गंभीर होने या उनके किसी अस्पताल में भर्ती होने की दर में बढ़ोतरी नहीं दिख रही है। केंद्र सरकार के एक अधिकारी का कहना है कि सभी RT-PCR पॉजीटिव सैपलों को जीनोम सिक्वेंस टेस्ट के लिए भेजने की जरूरत है। उक्त अधिकारी ने कहा कि कोरोना के इस नये वेरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं है, सावधानी बरतने की जरूरत है।
शुक्रवार को कोरोना के 640 नये मामले दर्ज
देभर में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 640 नये मामले दर्ज किये गये जिससे इलाज करवाने वाले मरीजों की संख्या 2,997 पर पहुंच गयी। केरल में एक और मरीज की मृत्यु हुई है। बात अगर दूसरे राज्यों में कोरोना संक्रमित मरीजों की हो तो महाराष्ट्र में फिलहाल 45 मरीज कोरोना से संक्रमित हैं, जिसमें से मुंबई में 27, पुणे और ठाणे में 8-8, कोल्हापुर और रायगढ़ में 1-1 मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
सरकारी बयान के अनुसार राजस्थान में कोरोना संक्रमण के 4 मामले पाए गये हैं। इनमें से जैसलमेर में 2 और जयपुर में 2 मरीज मिले हैं। जयपुर में मिले संक्रमितों में एक झुंझुनू और दूसरा भरतपुर का मूल निवासी बताया जाता है। राजस्थान सरकार ने भी सर्दी-जुकाम, बुखार या गला खराब होने की स्थिति में डॉक्टर से मिलने और लक्षणों के गंभीर या लंबी अवधि तक रहने की स्थिति में अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।



Click it and Unblock the Notifications














